अजब ग़जब

किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए निकली अनोखी बरात, मर्सिडीज छोड़ ट्रैक्टर पर सवार हुआ दूल्हा

किसान आंदोलन को देश भर के लोगों से समर्थन मिल रहा है और हर कोई किसान के साथ खड़ा है। हरियाणा के करनाल में रहने वाले एक युवक ने अनोखे तरह से किसान आंदोलन को अपना समर्थन दिखाया है। इस युवक ने अपनी शादी के दौरान जय जवान-जय किसान के नारे लगाए। इतना ही ये युवक अपनी बरात ट्रैक्टर पर लेकर गया।

करनाल में रहने वाले सुमित ढुल की शादी पानीपत में तय हुई थी। अपनी शादी वाले दिन सुमित करनाल स्थित अपने घर से ट्रैक्टर पर सवार होकर बरात लेकर निकले। सुमित ने अपनी मर्सिडीज गाड़ी की जगह ट्रैक्टर को चुना और विवाह स्थल की दूरी ट्रैक्टर से तय की। शादी में आई महिलाओं ने जय जवान-जय किसान के नारे लगाए और खूब डांस भी किया।

गुरुवार को सुमित की बरात करनाल के सेक्टर-13 के ढुल भवन से नूर महल के लिए रवाना हुई। दूल्हे के लिए उसके परिवार वालों ने मर्सिडीज गाड़ी को सजाकर रखा था। लेकिन जब दूल्हा बरात के साथ रवाना होने लगा, तो उसने मर्सिडीज गाड़ी की जगह ट्रैक्टर को चुना और  ट्रैक्टर पर सवार होकर बरात लेकर निकल गया। इस ट्रैक्टर पर किसान यूनियन का झंड़ा भी लगा हुआ था। इस दौरान बरात में शामिल हुए लोगों ने किसान समर्थन में खूब नारे भी लगाए गए।

ट्रैक्टर पर बरात ले जाने पर जब सुमित से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनका पूरा परिवार किसान और आर्मी में है। दिल्ली में किसान आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में किसानों का समर्थन करने के लिए वो ट्रैक्टर पर बरात लेकर निकले हैं। ट्रैक्टर को किसान की शान माना जाता है। हम शहर में जरूर रहते हैं लेकिन हम किसान हैं। किसान और उनकी समस्याएं हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

आपको बता दें कि दूल्हा सुमित ढुल कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके बड़े जूता कारोबारी सुरेंद्र नरवाल का भांजा है। सुरेंद्र नरवाल ने साल 2014 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विरुध चुनाव लड़ा था। सुमित ढुल के पिता सत्यवीर सिंह ढुल सरकारी अधिकारी हैं और सुमित स्वयं इंजीनियर और बिजनेसमैन हैं। सुमित ढुल की शादी एक सैनिक परिवार में तय हुई थी और 3 दिसंबर को सुमित ढुल की शादी थी।

शादी के बाद किसान आंदोलन में होंगे शामिल


सुमित ढुल ने बताया कि शादी होने के कुछ दिन बाद वो दिल्ली जाकर किसान आंदोलन में शामिल होने वाले हैं। सुमित ढुल के मुताबिक वो अपनी पत्नी के साथ इस आंदोलन में शामिल होंगे और जो भी उपहार इनको शादी के दौरान दिए गए हैं। उन उपहारों को सुमित ढुल और उनकी पत्नी किसानों में बांट देंगे।

गौरतलब है कि दिल्ली में इस समय हरियाणा, पंजाब, यूपी सहित कई राज्य के किसान आंदोलन कर रहे हैं। किसानों द्वारा किए जा रहे इस आंदोलन को काफी लोगों का समर्थन मिला रहा है। सरकार द्वारा हाल ही में लाए गए तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों द्वारा ये आंदोलन किया जा रहा है। किसानों  की मांग है कि सरकार इन तीनों कानून को फौरन वापस ले ले।

Related Articles

Back to top button