समाचार

अब 60 KM में सिर्फ 1 बार देना होगा टोल, हाईवे पर टोल भरकर परेशान होने वालों के लिए खुशखबरी

क्या आप भी नेशनल हाईवे पर अक्सर सफर करते रहते हैं और वहां टोल दे-देकर परेशान हो गए हैं तो ये खबर आपके लिए ही हैं। अब हाईवे पर सफर करना पहले से और ज्यादा सस्ता हो सकता है। साथ ही आपको हाईवे पर बार-बार टोल देने के लिए रुकने की किचकिच से भी मुक्ति मिल सकती है। दरअसल, सरकार ने अब नेशनल हाईवे से कई सारे टोल प्लाजा हटाने का फैसला लिया है।

अब 60 किमी के दायरे में एक ही टोल

जी हां… केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अब 60 किलोमीटर के दायरे में सिर्फ 1 ही टोल प्लाजा के होने की घोषणा की है। इसके अलावा बाकी सभी टोल प्लाजा हटा लिए जाएंगे और लोगों को एक बार ही इस रेंज में टोल देना होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय फिलहाल इस तरह की योजना बना रहा है।

फ़िलहाल 10 किमी पर एक टोल पड़ता है

खुद नितिन गडकरी ने इस बात की जानकारी संसद में दी है। मंगलवार को नितिन गडकरी ने लोकसभा में सरकार की कई अहम योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, ‘अब नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा की संख्या सीमित कर दी जाएगी।’

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने आगे कहा कि, ‘अभी कई ऐसी शिकायतें मिलती हैं जिसमें 10 किलोमीटर की रेंज में ही दूसरा टोल टैक्स देना पड़ता है, जो गलत है और अवैध है। अब लोगों को 60 किलोमीटर के दायरे में सिर्फ एक बार ही टोल देना होगा। यानी अब इतने किलोमीटर के दायरे में सिर्फ 1 टोल प्लाजा काम करेगा।

nitin gadkari

90 दिन में पूरा होगा काम

नितिन गडकरी ने बताया कि, ‘इस काम को पूरा करने के लिए अगले तीन महीने यानी 90 दिन का टारगेट रखा गया है। उम्मीद है इस समय सीमा में इस पर काम पूरा हो जाएगा और लोगों को इस सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।’

अब दिल्ली से मुंबई की यात्रा महज 12 घंटे में

इस दौरान नितिन गडकरी ने भारत में सड़क नेटवर्क से जुड़े कई अपडेट भी दिए जिनमें से एक बड़ा आकर्षण यह है कि मुंबई से दिल्ली की यात्रा जल्द ही महज 12 घंटों में पूरी की जा सकेगी। गडकरी ने बताया कि, दिल्ली-अमृतसर-कटरा हाईवे पर काम शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि इस साल के आखिर तक हम श्रीनगर से मुंबई 20 घंटे में पहुंच जाएंगे और दिल्ली और अमृतसर के बीच की दूरी चार घंटे में पूरी हो जाएगी।

हाईवे किनारे रहने वाले लोगों के लिए जारी होगा पास

नितिन गडकरी ने यह भी बताया कि, ‘कई बार हाईवे के किनारे रहने वाले लोगों की शिकायत होती थी कि उन्हें एक गांव से दूसरे गांव में जाने के लिए भी टोल देना पड़ता है, जबकि वह आसपास ही रहते हैं। जल्द ही ऐसे लोगों की समस्या का भी समाधान हो जाएगा। अब स्थानीय लोगों को टोल नहीं देना होगा। उन्हें एक पास दिया जाएगा, जिसे दिखाकर वह हाईवे पर फ्री में सफर कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button