धार्मिक

राशिफल 18 मार्च: होली पर बन रहा शुभ योग, इन राशि वालों के जीवन में होगी उन्नति, मिलेगा लाभ

आज हम आपको शुक्रवार 18 मार्च का राशिफल बताने वाले हैं। राशिफल का हमारे जीवन में बहुत महत्व माना गया है। राशिफल के माध्यम से हम भविष्य में होने वाली घटनाओं का पहले से अनुमान लगा सकते हैं। राशिफल को निकालते समय ग्रह-नक्षत्र के साथ-साथ पंचांग की गणना का विश्लेषण किया जाता है।

आज के राशिफल में आपके लिए परिवार, नौकरी, व्यापार, लेन-देन और मित्रों के साथ संबंध, सेहत और दिन भर में होने वाली शुभ-अशुभ घटनाओं का भविष्यफल होता है। इस राशिफल को पढ़कर आप अपनी दैनिक योजनाओं को सफल बनाने में कामयाब हो सकते हैं। तो पढ़िए राशिफल 18 मार्च 2022 और जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा।

मेष राशि (Aries, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, आ)

आज आपका दिन बहुत ही बेहतरीन नजर आ रहा है। कामकाज के मामलों को सुलझाने के लिए अपनी होशियारी और प्रभाव का इस्तेमाल करें। घर के छोटे बच्चों के साथ हंसी-खुशी समय व्यतीत करेंगे। माता-पिता की सेहत में सुधार आएगा। विद्यार्थियों का मन पढ़ाई में लगेगा। घर की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में आपकी भूमिका अहम रहने वाली है। अगर आपने पहले कोई निवेश किया है, तो उसका अच्छा फायदा मिलता हुआ नजर आ रहा है। आप सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहेंगे। जरूरतमंदों की मदद करने का मौका मिल सकता है।

वृषभ राशि (Taurus, ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज आपका दांपत्य जीवन अच्छा नजर आ रहा है। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। ससुराल पक्ष से धन लाभ मिलने की उम्मीद है। आपकी कोई पुरानी चिंता खत्म हो सकती है। दूर संचार माध्यम से शुभ सूचना सुनने को मिलेगी, जिससे आपका मन हर्षित होगा। आप अपनी सोच सकारात्मक बनाए रखें। दूसरे से सहयोग लेने में सफलता मिलेगी। निजी संबंध प्रगाढ़ रहेंगे। सामाजिक मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। छोटे-मोटे व्यापारियों का मुनाफा बढ़ सकता है। विशेष लोगों से जान पहचान हो सकती है, जिसका आगे चलकर आपको अच्छा फायदा मिलेगा।

मिथुन राशि (Gemini, का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह)

आज आपका दिन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। घर के किसी सदस्य से कहासुनी हो सकती है, जिसकी वजह से आपका मन काफी चिंतित होगा। आप अपने गुस्से और वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी से भी बातचीत करते समय शब्दों पर ध्यान देने की जरूरत है। विद्यार्थियों को किसी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए कठिन मेहनत करनी पड़ेगी, तभी आपको सफलता हासिल हो सकती है। अगर आप किसी महत्वपूर्ण मामले में फैसला ले रहे हैं, तो सोच विचार जरूर करें। आज साझेदारी में कोई भी नया काम शुरू करने से बचना होगा अन्यथा आपको नुकसान झेलना पड़ सकता है।

कर्क राशि (Cancer, ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका दिन अति उत्तम साबित होगा। आपकी मेहनत रंग लाएगी। करियर में उन्नति के मार्ग हासिल होंगे। कामकाज में की गई मेहनत का उचित परिणाम प्राप्त होगा। आमदनी बढ़ती हुई नजर आ रही है। आप अपने विरोधियों को परास्त करेंगे। कोई बड़ा फायदा भी हो सकता है। घर परिवार का माहौल खुशहाल बनेगा। प्रेम जीवन में चल रही परेशानियों का समाधान निकल सकता है। बहुत ही जल्द आपका प्रेम विवाह होने के योग है। आप अपने लक्ष्य पर फोकस करें। माता-पिता के साथ मंदिर में दर्शन करने के लिए जा सकते हैं।

सिंह राशि (Leo, मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपका दिन काफी कठिन नजर आ रहा है। विरोधी पक्ष आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, इसलिए सतर्क रहें। कामकाज की योजनाओं को किसी के साथ शेयर करने से बचना होगा अन्यथा कोई इसका फायदा उठा सकता है। सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। प्राइवेट नौकरी करने वालों को किसी जरूरी काम को पूरा करने के लिए कठिन मेहनत करनी पड़ सकती है लेकिन आपकी मेहनत का उचित परिणाम हासिल होगा। पति-पत्नी एक दूसरे की भावनाओं को समझने की कोशिश करें। वाहन प्रयोग में सावधानी बरतें।

कन्या राशि (Virgo, ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज शादीशुदा जिंदगी में खुशियां बनी रहेंगी। पूजा-पाठ में आपका अधिक मन लगेगा। कारोबार से जुड़े हुए लोगों को अच्छा लाभ मिलता हुआ नजर आ रहा है। खानपान में रुचि बढ़ेगी। परिवार वालों के साथ मनपसंद भोजन का आनंद ले सकते हैं। मार्केटिंग से जुड़े हुए लोगों का आज का दिन फायदेमंद रहेगा। आप अपने व्यापार से जुड़े हुए कामों में अधिक व्यस्त रहेंगे, जिसके लिए परिवार वालों के लिए समय निकाल पाना काफी मुश्किल हो सकता है। काम के साथ-साथ आपको अपनी सेहत पर भी ध्यान देना होगा।

तुला राशि (Libra, रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपके सभी कार्य योजनाओं के तहत पूरे होंगे, जिससे आपको मुनाफा भी अच्छा मिलेगा। आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। आपके अच्छे स्वभाव की लोग तारीफ करेंगे। मानसिक चिंता खत्म होगी। छोटे-मोटे व्यापारियों के ग्राहकों में बढ़ोतरी हो सकती है। आप अपने दुश्मनों को परास्त करेंगे। सेहत अच्छी रहेगी। घर के छोटे बच्चों की कोई जिद पूरी कर सकते हैं। नए नए लोगों से दोस्ती हो सकती है। लेकिन किसी भी अजनबी पर ऑंखें मूंदकर भरोसा मत कीजिए।

वृश्चिक राशि (Scorpio, तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपको किसी भी लंबी दूरी की यात्रा पर जाने से बचना होगा। अगर यात्रा जरूरी है, तो वाहन प्रयोग में सावधानी बरतें अन्यथा दुर्घटना होने की आशंका नजर आ रही है। मन में तरह-तरह की बातें उत्पन्न हो सकती हैं, जो आपकी बेचैनी का कारण बनेगी। आपको अपनी सोच सकारात्मक बनाए रखने की आवश्यकता है। शरीर में थोड़ी कमजोरी महसूस हो सकती है। आपकी कोई महंगी चीज गुम होने की संभावना है, जिससे आप काफी चिंतित होंगे। आज किसी भी प्रकार के वाद विवाद को बढ़ावा मत दीजिए।

धनु राशि (Sagittarius, ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे)

आज काम के सिलसिले में अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। शारीरिक और मानसिक थकान रह सकती है। परिवार वाले आपका पूरा सपोर्ट करेंगे। दांपत्य जीवन में सुख मिलेगा। जीवनसाथी के साथ बेहतरीन समय व्यतीत करेंगे। प्रेम जीवन में सुधार आएगा। अचानक दूर संचार माध्यम से खुशखबरी मिल सकती है, जिससे आपका मन हर्षित होगा। अगर आपने पहले किसी को पैसा उधार दिया है, तो वह पैसा वापस मिलता हुआ नजर आ रहा है।

मकर राशि (Capricorn, भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी)

आज व्यापार के संबंध में यात्रा पर जाना पड़ सकता है, जो आपके लिए फायदेमंद साबित होगा। कार्य क्षेत्र में विरोधियों को परास्त करेंगे। बड़े अधिकारियों की कृपा दृष्टि बनी रहेगी। करियर से जुड़ी हुई कोई खुशखबरी मिल सकती है। पूजा-पाठ में आपका अधिक मन लगेगा। घर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकते हैं। विद्यार्थियों का मन पढ़ाई में लगेगा। अचानक आर्थिक मुनाफा मिलने के योग हैं। व्यापार में किसी नई तकनीकी का इस्तेमाल करेंगे, जो आगे चलकर आपको अच्छा फायदा देगा। दोस्तों की पूरी मदद मिलेगी।

कुंभ राशि (Aquarius, गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज घर परिवार का वातावरण सुखद रहेगा। आपके रिश्तो में नयापन आएगा। आप अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को बखूबी तरीके से निभाएंगे। अगर कोई पुराना वाद-विवाद चल रहा है, तो उसका समाधान निकल सकता है। प्रॉपर्टी के कामों में अच्छा फायदा मिलता हुआ नजर आ रहा है। जरूरतमंदों की मदद करने के मौके मिले, तो आप जरूर कीजिए। सामाजिक क्षेत्र में मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आज आपको कुछ नया सीखने का मौका मिल सकता है।

मीन राशि (Pisces, दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आपको अपनी फिजूलखर्ची पर कंट्रोल रखना होगा। मनोरंजन पर भारी खर्च से आपकी जेब पर भारी असर पड़ सकता है। व्यापार में कठिन मेहनत करने के बाद लाभ मिलेगा। आप अपनी नई योजनाओं पर कार्य शुरू कर सकते हैं। दोस्तों के साथ अगर मतभेद चल रहा है, तो वह खत्म हो सकता है। आप अपने गुस्से पर काबू रखें। किसी जरूरी काम में पिताजी की सहायता लेनी पड़ सकती है। स्वास्थ्य थोड़ा नरम गरम नजर आ रहा है। मौसम में परिवर्तन होने की वजह से सेहत पर असर पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button