मनोरंजन

कहीं लट्ठमार तो कहीं देवरों की पिटाई कर मनाई जाती है होली, इन 8 राज्यों में होली का अनोखा रूप

होली का त्योहार रंगों का त्योहार है जिसे देश भर में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन जहां आम जनता रंगों के रंग में नजर आती है तो वहीं बॉलीवुड सेलेब्स भी इस दिन जमकर गुलाल में रंगे रहते हैं। देशभर में अलग-अलग प्रकार से होली मनाई जाती है, कहीं पर ‘लठमार’ होली खेली जाती है तो कहीं पर ‘म्यूजिक होली’ का मजा लिया जाता है।

इसी बीच हम आपको बताने जा रहे हैं देश के कुछ राज्यों की होली के बारे में जहां पर अनोखे अंदाज से होली मनाई जाती है। इसके बारे में खुद यहां के रहने वाले सेलेब्स ने बताया कि, उनके यहां किस अंदाज में होली का जश्न मनाया जाता है?

पश्चिम बंगाल

holi 2022

टीवी के पॉपुलर शो ‘बाल शिव’ में सती अनुसुइया का किरदार निभा रही मशहूर अभिनेत्री मौली गांगुली ने बताया कि, पश्चिम बंगाल में किस तरह की होली खेली जाती है। मौली गांगुली ने होली के बारे में फैंस के साथ साझा किया कि, “कोलकाता में हम डोल यात्रा या डोल पूर्णिमा का जश्न मनाते हैं, जोकि होली की तरह ही है और लोग और भी ज्यादा पारंपरिक तरीके से इसका जश्न मनाते हैं। डोल जतरा अपने त्योहारी रंगों के लिये मशहूर है और भगवान कृष्ण एवं राधा के शाश्वत प्रेम का प्रतीक है।

इस त्योहार के दौरान यदि आप कोलकाता की सड़कों से गुजरते हैं, तो गुलमोहर एवं पलाश के फूलों से लदे पेड़ों को देखकर अपने आप दिल खुश हो जायेगा। डोल परंपरा की शुरूआत बसंत उत्सव का जश्न मनाने के लिये शांतिनिकेतन जाने की योजना बनाने वाले बड़े-बुजुर्गों के पांवों पर अबीर रखने के साथ होती है। मेरी तरफ से सभी लोगों को होली की शुभकामनाएं!”

दिल्ली की होली

holi 2022

टीवी के मशहूर शो ‘और भाई क्या चल रहा है’ में जफर अली मिर्जा का किरदार निभा रहे मशहूर अभिनेता पवन सिंह ने भी अपने शहर की होली के बारे में फैंस को बताया कि, दिल्ली में किस तरह होली का जश्न मनाया जाता है। बकौल पवन सिंह, ‘‘मेट्रो शहर होने के कारण हमें दिल्ली में विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं का संगम देखने को मिलता है। होली के जश्न की शुरूआत आमतौर पर ‘तिलक‘ की परम्परा के साथ होती है, जिसमें व्यक्ति के माथे पर लगाया गया रंगों का टीका सम्मान का प्रतीक है और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

दिल्लीवासी दिन भर गाने बजाकर होली मनाते हैं और ‘म्यूजिकल होली‘ मनाने में विश्वास रखते हैं। दिल्ली में होली के दौरान बड़ी-बड़ी पार्टियां होती हैं, जब लोग टोलियां बनाकर अपने घरों से निकलते हैं और एक-दूसरे के चेहरे पर तब तक रंग लगाते हैं. मेरी ओर से सभी लोगों को सुखद एवं सुरक्षित होली की शुभकामनाएं!”

मध्य प्रदेश की होली

holi 2022

मध्य प्रदेश के होली के बारे में ‘हप्पू की उल्टन पलटन’ में राजेश की भूमिका निभा रही अभिनेत्री कामना पाठक ने बताया। उन्होंने बताया कि किस तरह से मध्यप्रदेश में होली का जश्न होता है और यहां पर लोग किस तरह से रंगो से होली खेलना पसंद करते हैं।
कामना पाठक ने कहा कि, ‘‘मध्य प्रदेश में होली का जश्न दो दिनों तक चलता है।

पहले दिन अलग-अलग मंदिरों द्वारा होलिका दहन का आयोजन किया जाता है। दूसरे दिन, होली की असली हुड़दंग शुरू होती है, क्योंकि लोग सर्दियों के मौसम को विदाई देते हैं और एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करके नये मौसम का स्वागत करते हैं तथा गुझिया एवं लड्डू जैसी मिठाइयों का एकसाथ बैठकर आनंद उठाते हैं।

नाच, गाना और ढोल की पारंपरिक धुन इस अवसर को और भी खुशनुमा बना देती है। होली के पांच दिनों के बाद राज्य के जनजातीय समुदाय द्वारा रंग पंचमी का जश्न मनाया जाता है। दोस्तों एवं परिवारवालों के साथ मुझे होली का त्योहार मनाना अच्छा लगता है।”

राजस्थान की होली

holi 2022

टीवी के पॉपुलर अभिनेता और वर्तमान में टीवी शो ‘बाल शिव’ में तड़कासुर का किरदार निभा रहे कपिल निर्मल ने बताया कि राजस्थान में किस प्रकार की होली खेली जाती है। उन्होंने अपने यहां की होली साझा करते हुए कहा कि, ‘‘राजस्थान की होली दूसरे राज्यों से थोड़ी अलग है।

रंगों से होली खेलने के अलावा, होली से जुड़े रीति-रिवाज राजस्थान में इस त्योहार के आकर्षण को और भी ज्यादा बढ़ा देते हैं। यहां पर आप भांग, ठंडाई या होली के ढेरों पारंपरिक पकवानों जैसे कि पनीर लौंगगट्टा, मिर्ची पापड़, केर सांगरी, गट्टे की सब्जी और पकौड़ा कढ़ी का आनंद उठा सकते हैं। आपकी स्वादेंद्रियों को तृप्त करने के लिये यहां पर ऐसे ढेरों पकवान होली के मौके पर खासतौर से बनाए जाते हैं। लेकिन असल में सदियों से चली आ रही कहानियां, रिवाज और परंपरायें राजस्थान की होली को खास बनाते हैं।”

बिहार की होली

holi 2022

टीवी के मशहूर सीरियल ‘भाभी जी घर पर है’ में सक्सेना का किरदार निभा रहे अभिनेता सानंद वर्मा ने बिहार की होली के बारे में बताया कि वहां पर किस तरह से होली खेली जाती है। सानंद वर्मा का कहना है कि, ‘‘बिहार में होली का त्योहार सबसे अनोखा और भव्य होता है। हम सभी जानते हैं कि बिहार के होली के लोकगीत पूरे भारत में मशहूर हैं।

यहां पर लोग होली को ‘‘फागुन‘‘ कहते हैं। लोग सरसों के दानों और तेल से बने उबटन को अपने शरीर पर लगाते हैं और उससे स्क्रब करते हैं। शरीर से इस उबटन को छुड़ाने के बाद उसे होलिका की अग्नि में डाल दिया जाता है, और ऐसा कहा जाता है कि इससे आपके शरीर की सारी बीमारियां होली की अग्नि में जलकर नष्ट हो जाती हैं।”

गुजरात की होली

holi 2022

‘भाभी जी घर पर है’ में अम्मा जी के किरदार को निभाने वाली मशहूर अभिनेत्री सोमा राठौड़ ने गुजरात के होली के बारे में बात करते हुए कहा कि, “गुजरात में लोग होलिका में नारियल एवं मक्का डालते हैं। द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर में संगीतमय समारोहों एवं कॉमेडी से भरपूर कार्यक्रमों के साथ होली का जश्न मनाया जाता है।

अहमदाबाद में, गलियों में मटके में भरपूर छाछ ऊंचाई पर लटकाई जाती है और नौजवान मानवीय पिरामिड बनाकर उस मटके तक पहुंचकर उसे तोड़ने की कोशिश करते हैं, जबकि लड़कियां उन पर रंगीन पानी की बरसात कर उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश करती हैं।

हालांकि, कई जगहों पर संयुक्त हिन्दू परिवारों में महिलाओं द्वारा अपने देवरों को अपनी साड़ी की रस्सी बनाकर पीटने का रिवाज है और यह सब एक नकली गुस्से में किया जाता है, जब अपनी भाभियों को रंग लगाने की कोशिश करते हैं और फिर शाम को उनके लिए मिठाईयां भी लेकर आते हैं। इस त्योहार को पूरे जोश एवं उत्साह के साथ मनाया जाता है और मुझे यह बहुत पसंद है।”

महाराष्ट्र की होली

holi 2022

‘और भाई क्या चल रहा है’ में सकीना मिर्जा का किरदार निभाने वाली मशहूर अभिनेत्री आकांक्षा शर्मा ने भी महाराष्ट्र की होली के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि किस तरह महाराष्ट्र में होली के रंग के साथ लोग रंग जाते हैं और किस तरह से यहां पर होली खेलते हैं। आकांक्षा शर्मा ने कहा कि, ‘‘महाराष्ट्र में होली का त्योहार पूरे जोर-शोर से मनाया जाता है।

हमारे राज्य में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप होलिका को जलाने की परम्परा है। फाल्गुन कृष्णपक्ष पंचमी को ‘‘रंगपंचमी‘‘ भी कहा जाता है। होली खेलते समय गुलाल और पानी में घुले रंगों का इस्तेमाल किया जाता है। मछुराओं के बीच यह त्योहार बेहद मशहूर है, क्योंकि वे नाच-गाकर और भगवान को प्रसाद के रूप में अर्पित करने के लिये ढेरों पकवान बनाकर होली का उत्सव मनाते हैं। ‘पूरन पोली‘ होली के दौरान बनने वाला सबसे मशहूर व्यंजन है।

बंगाल की होली

holi 2022

टीवी सीरियल ‘भाभी जी घर पर है’ में हाल ही में नई अनिता भाभी के किरदार में नजर आई अभिनेत्री विदिशा श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश के होली के बारे में कई दिलचस्प बातें शेयर की। उन्होंने बताया कि कैसे होली के दिन उत्तर प्रदेश में रंगों की बौछार रहती है और किस तरह से वहां पर लोग होली का जश्न मनाते हैं।

बकौल विदिशा, “उत्तर प्रदेश में होली राधा एवं कृष्ण की अलौकिक जोड़ी के प्रेम से जुड़ी पौराणिक कथाओं में निहित परंपराओं के आधार पर मनाई जाती है। इसके बावजूद अलग-अलग शहरों में होली अलग-अलग तरीके से मनाई जाती है। मथुरा में राधा रानी मंदिर के परिसर में अपनी तरह की एक अनूठी ‘लट्ठ मार होली‘ खेली जाती है। कानपुर में होली का त्योहार सात दिनों तक चलता है और रंगों से सराबोर रहता है। होली उत्सव के आखिरी दिन गंगा मेला या होली मेला के नाम से बहुत बड़े मेले का आयोजन होता है.”

Related Articles

Back to top button