विशेषसमाचार

देशभर में भीषण गर्मी की वजह से बढ़ा लू का खतरा बढ़ा, ऐसे करें खुद का बचाव

अभी तो मार्च ही चल रहा है और ऐसे में भीषण गर्मी ने अभी से दस्तक दे दी है। देश के अधिकांश राज्यों में भीषण गर्मी कहर मचा रही है। उत्तर भारत के राज्यों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी दिल्ली में बढ़ती गर्मी से लोग परेशान हैं। पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर दिखना शुरू हो गया है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान समेत भारत के कई और राज्यों में गर्मी कहर भरपा रही है।

सरकार ने जारी की एडवाइजरी

तपती गर्मी को देखते हुए सरकार ने भी एडवाइजरी जारी करके लोगों से शरीर में पानी की कमी न होने देने और सावधान रहने की बात कही है। बढ़ते तापमान के कारण देश में कई हिस्सों में लू चलने की आशंका जताई गई है। लू लगने पर चक्कर आने के रूप में लक्षण दिखाई देता है, लेकिन लापरवाही बरतने पर मौत भी हो सकती है। लू चलने के दौरान शरीर में कई ऐसे बदलाव होते हैं जो बहुत बुरा असर डालते हैं।

क्या होती है लू?

उत्तरी भारत में गर्मियों में उत्तर-पूर्व तथा पश्चिम से पूरब दिशा में चलने वाली प्रचण्ड उष्ण तथा शुष्क हवाओं को लू कहतें हैं। इस तरह की हवा मई तथा जून में चलती हैं। लू के समय तापमान 45 डिग्री सेंटिग्रेड से तक जा सकता है। यदि कहीं पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, तो इसे खतरनाक लू की श्रेणी में रखा जाता है। तटीय क्षेत्रों में जब तापमान 37 डिग्री सेल्सियस हो जाता है तो हीट वेव चलने लगती है। गर्मियों के इस मौसम में लू चलना आम बात है। “लू” लगना गर्मी के मौसम की बीमारी है।

लू लगने के लक्षण

गर्मियों में लू की समस्या बेहद आम होती है। ऐसे में बिना सावधानी बरते घर से बाहर निकलना सेहत के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकता है। लू लगने के कारण अक्सर डिहाइड्रेशन, लूज मोशन, उल्टी आना और शरीर में पानी की कमी जैसी परेशानियां देखने को मिलने लगती है। ऐसे में आप कुछ एहतियात बरतकर और आसान घरेलू नुस्खों की मदद लेकर लू से बचने में कामयाब हो सकते हैं।

लू लगने पर क्या करें

लू से बचने के लिए सबसे जरूरी है शरीर में पानी की कमी न होने देना। ऐसा करते हैं तो बेहोशी या चक्कर आने की स्थिति नहीं बनती है। लू लगने पर सबसे पहले मरीज को ठंडी जगह पर ले जाएं। उसे पानी या रिहाइड्रेशन ड्रिंक पिलाएं। शरीर को गीले कपड़े से पोछें। गर्दन पर कोल्ड पैक से सिंकाई करें। अगर 30 मिनट के अंदर मरीज की हालत में सुधार नहीं होता है तो तत्काल एक्सपर्ट से सलाह लें।

लू से कैसे बचें?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है, लू से बचने के लिए अधिक तापमान होने पर बाहर निकलने से बचें। ऐसी स्थिति में बहुत अधिक फिजिकल एक्टिविटी करने से बचें। दोपहर के समय घर में ही रहना बेहतर है। शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें। एक साथ ज्यादा खाना खाने की बजाय टुकड़ों में खाएं। अल्कोहल, शुगर और कैफीन वाली चीजें लेने से बचें। अधिक तेल-मसाले वाला खाना खाने से बचें।

Related Articles

Back to top button