समाचार

‘मल्हारी’ गाना सुनते ही खुद को रोक नहीं सके केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, किया धमाकेदार डांस

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एक खास कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए दुबई गए हुए हैं। इस दौरान कार्यक्रम में उनकी मुलाकात बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह से हुई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री का एक नया ही रूप देखने को मिला। उन्होंने रणवीर सिंह संग मिलकर जमकर ठुमके लगाए। सोशल मीडिया पर अनुराग ठाकुर और रणवीर सिंह के डांस का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

आजादी के 75वें वर्ष को देखते हुए आयोजित हुआ कार्यक्रम

दरअसल, अनुराग ठाकुर इस एक्सपो में इंडिया पवेलियन में “द ग्लोबल रीच ऑफ इंडियन मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री” पर रणवीर सिंह के साथ बातचीत कर रहे थे। बताया गया कि यह साल भारत की आजादी का 75वां साल है, उसी को देखते हुए यह इवेंट आयोजित हुआ था। इस सत्र में दोनों क्रिकेट, सिनेमा और भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव जैसे विषयों पर चर्चा की।

मल्हारी गाना सुन खुद को रोक नहीं सके अनुराग ठाकुर

सत्र के दौरान रणवीर सिंह और केंद्रीय मंत्री एक साथ ‘मल्हारी’ गाने पर थिरकते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देखेंगे कि रणवीर सिंह बात करते करते अचानक डांस करने लगते हैं। रणवीर की ही फिल्म बाजीराव मस्तानी का गाना मल्हारी बजता है। फिर रणवीर अनुराग ठाकुर से भी डांस करने के लिए कहते हैं। पहले तो अनुराग इनकार करते हैं, लेकिन रणवीर सिंह को डांस करता हुए देखकर वह भी खुद को रोक नहीं पाते हैं।

वीडियो शेयर कर कही ये बात

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने खुद इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो को शेयर कर अनुराग ठाकुर ने लिखा- ‘बॉलिवुड सारी बाधाओं से परे है।’ लोग अनुराग ठाकुर और रणवीर सिंह की इस केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इनका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है।

भारतीय मूल के नागरिकों को किया संबोधित

बता दें अनुराग ठाकुर इस समय सूचना एंव दूरसंचार मंत्रालय के साथ मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स और स्पोर्ट्स भी संभाल रहे हैं। वे मौजूदा समय में दुबई दौरे पर हैं। उन्होंने वहां पर इंटरनेशनल प्रोजेक्ट तेजस लॉन्च किया। इसके अलावा उन्होंने मीडिया और एंटरटेनमेंट फील्ड से जुड़ी बातें कीं। उन्होंने कबीर खान और प्रियदर्शन जैसी पर्सनालिटीज के साथ भी बातें कीं। साथ ही उन्होंने UAE में रह रहे भारतीय मूल के नागरिकों को संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button