मनोरंजन

बस ड्राइवर हैं KGF के हीरो के पिता, छोटे किरदारों से सुपरस्टार बनने तक… ऐसी है Yash की कहानी

साउथ सुपरस्टार यश को भला कौन नहीं जानता। आप सभी लोगों ने इनकी फिल्में तो देखी ही होंगी। अगर बाकी फिल्मों को आप लोगों ने नहीं देखा होगा, तो केजीएफ तो जरूर देखी होगी। केजीएफ चैप्टर 1 से स्क्रीन पर धमाल मचाने के बाद यह एक बार फिर से एक्शन एंटरटेनर से धूम मचाने की तैयारी में हैं. जी हां, बहुत ही जल्द उनकी फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 रिलीज होने जा रही है।

केजीएफ चैप्टर 1 जब रिलीज हुई तो इस फिल्म की कहानी और एक्शन ने लोगों के बीच हंगामा मचा दिया था। इस फिल्म के मुख्य अभिनेता यश हर किसी के पसंदीदा एक्टर बन गए। कहने के लिए उनको साउथ सुपरस्टार कहा जाता है परंतु हिंदी दर्शकों में भी यश किसी बड़े बॉलीवुड स्टार से कम चर्चित नहीं हैं। मौजूदा समय में दुनिया भर के लोग इन्हें अच्छी तरह से जानते हैं और पसंद करते हैं।

केजीएफ चैप्टर 2 का ट्रेलर मचा रहा धमाल


आपको बता दें कि साउथ के रॉकिंग सुपरस्टार यश एक बार फिर से केजीएफ चैप्टर 2 से धमाका करने जा रहे हैं। बता दें कि इस बार यश के साथ संजय दत्त और रवीना टंडन जैसे सितारे नजर आएंगे और फिल्म का ट्रेलर आते ही धमाल मचा रहा है। पूरे देशभर से सुपर स्टार यश को प्यार मिल रहा है। उनकी एक झलक पाने को फैंस कुछ भी करने को तैयार रहते हैं।

केजीएफ चैप्टर 2 इस महीने 14 अप्रैल को सभी सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार है। आपको बता दें कि इस फिल्म के ट्रेलर ने रिलीज होने के 24 घंटे के अंदर ही 109 मिलीयन व्यूज हासिल कर लिए। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इतनी व्यूज किसी भी फिल्म के ट्रेलर को आज तक नहीं मिले।

केवल इसके हिंदी वर्जन ट्रेलर को 66 मिलीयन व्यूज मिल चुके हैं। वहीं फिल्म के टीजर को 249 मिलीयन व्यूज मिले थे। अब आप इसी बात से अंदाजा लगा सकते हैं कि यह फिल्म कितना बड़ा धमाका करने वाली है।

बिना किसी गॉडफादर के अपनी मेहनत के दम पर मुकाम किया हासिल

अभिनेता यश की कन्नड़ दर्शकों के बीच एक तगड़ी फैन फॉलोइंग है और उन्होंने कई हिट फिल्मों के साथ खुद को एक एक्टर के रूप में स्थापित किया है। साउथ सुपरस्टार यश ने अपने जीवन में जो मुकाम हासिल किया है उसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत छुपी हुई है।

मौजूदा समय में यश कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा वेतन लेने वाले अभिनेताओं की लिस्ट में शुमार हैं। भले ही यश आज एक बड़े मुकाम पर पहुंच गए हैं परंतु उनके लिए यहां तक पहुंचने तक का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा है। बिना गॉडफादर के अपनी मेहनत के दम पर यश ने इंडस्ट्री में यह मुकाम हासिल किया है।

KGF सुपरस्टार यश के पिता आज भी चलाते हैं बस

आपको बता दें कि यश का असली नाम नवीन कुमार गौड़ा है। बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी होगी कि यह एक मिडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। यश के पिताजी का नाम अरुण कुमार है ,जो KSRTC ट्रांसपोर्ट सर्विस में काम करते थे बाद में वह BMTC ट्रांसपोर्ट में ड्राइवर की नौकरी करने लगे।

भले ही बेटा अब इतने बड़े स्टार बन गए हैं परंतु इसके बावजूद भी यश के पिता बस चलाते हैं। उनका मानना है कि इसी काम की बदौलत वह यश को इतना बड़ा बना पाए हैं। इसलिए वह यह नौकरी नहीं छोड़ेंगे।

बेहद संघर्षपूर्ण रहा सफर

8 जनवरी 1986 को कर्नाटक के हासन जिले के एक गांव भुवानाहल्ली गांव के एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे नवीन कुमार गौड़ा अपनी मेहनत के बलबूते सुपरस्टार यश बने। यश का बचपन मैसूर में बीता था, जहां उन्होंने महाजन हाई स्कूल में अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की। वहीं से उन्होंने प्री यूनिवर्सिटी कोर्स किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह बिनाका नाटक मंडली में शामिल हो गए।

यश ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत छोटे स्क्रीन यानी की सीरियल के जरिए की थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत Nanda Gokula (2005) नाम के कन्नड़ टीवी सीरियल से की थी। इसके बाद उन्होंने Malebillu, muktha और Preeti Illada Mele जैसे कई टीवी शोज में काम किया। यश ने अपने संघर्षों के दिनों में कई छोटे-मोटे किरदार निभाए थे लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और कठिन संघर्ष से अपने करियर को एक अच्छे मुकाम तक पहुंचाया है। आज वह इंडियन फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन चुके हैं।

यश को मिली पहचान

आपको बता दें कि साल 2010 में यश की कमर्शियल सोलो हिट मूवी Modalasala आई थी। इसी फिल्म से उन्हें असली पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं और वह सिर्फ साउथ ही नहीं बल्कि हिंदी पट्टी के लोगों के भी पसंदीदा एक्टर बन गए हैं।

साल 2018 में आई सुपरहिट फिल्म केजीएफ से उन्हें हिंदी दर्शकों के बीच एक अच्छी खासी पहचान मिली। फिल्म में रॉकी का किरदार निभाने वाले यश देखते ही देखते पूरे देश के पसंदीदा स्टार बन गए और आज वह किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। यह एक फिल्म के लिए 15 करोड़ रुपए की मोटी रकम चार्ज करते हैं।

Related Articles

Back to top button