मनोरंजन

भारती सिंह ने दिया बेटे को जन्म, मम्मी-पापा बने हर्ष लिंबाचिया और लाफ्टर क्वीन

कॉमेडी क्वीन कहलाने वाली भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया मम्मी-पापा बन गए हैं। कपल ने अपने फैंस को यह खुशखबरी दी है। भारती और हर्ष के घर में नन्हा मेहमान आया है। कपल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर इस बात की जानकारी देते हुए यह बताया है कि उनके घर में बेटे का जन्म हुआ है। जैसे ही यह खबर कपल ने दी, उसके बाद फैंस खुशी से झूमने लगे और लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं।

आपको बता दें कि भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया की पहली मुलाकात एक रियलिटी शो के सेट पर हुई थी। जहां भारती सिंह एक कॉमेडियन थीं, वहीं हर्ष लिंबाचिया स्क्रिप्ट राइटर थे। इन दोनों ने एक-दूसरे को कुछ समय तक डेट किया और बाद में शादी करने का फैसला ले लिया। आखिर में भारती और हर्ष 2017 में विवाह के बंधन में बंध गए। शादी के करीब पांच सालों के बाद दोनों को एक प्यारे बच्चे के माता-पिता बनने का सुख प्राप्त हुआ है।

यहां देखिए भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया का पोस्ट

भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने अपने फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर करते हुए एक प्यारी फोटो साझा की है। सोशल मीडिया पर कपल ने जो पोस्ट साझा की है उस तस्वीर में आप सभी लोग देख सकते हैं कि भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया सफेद रंग के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। हर्ष ने सफेद रंग की शर्ट और ब्लू जींस पहनी है। वहीं भारती सिंह ने सफेद रंग का गाउन पहना हुआ है।

तस्वीर में दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा हुआ है। उन्होंने एक हाथ में फूलों की टोकरी भी पकड़ी हुई है, जिसमें ब्लू रंग के फूल हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए भारती और हर्ष ने लिखा है कि “बेटा हुआ है।” वहीं साथ में दिल का इमोजी भी शेयर किया है। जैसे ही कपल ने यह पोस्ट साझा की, देखते ही देखते वायरल हो गई।

सेलेब्स और फैंस दे रहे बधाई

भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया की इस पोस्ट पर कुछ ही देर में लाखों लाइक्स आ चुके हैं। इसके साथ ही कई सेलेब्स भी इस पोस्ट पर कमेंट कर रहे हैं। नेहा कक्कड़, जैस्मीन भसीन, देवोलीना भट्टाचार्या, शानू शर्मा, निक्की तंबोली, मौनी रॉय, अदिति भाटिया, उमर रियाज,तुषार कालिया, अनीता हसनंदानी, प्रियांक शर्मा, राहुल वैद्य, जय भानुशाली, डेलनाज ईरानी, सुदेश लहरी, करण जौहर, सुनाया, अर्जुन बिजलानी, प्रतीक सहजपाल, विशाल सिंह, जैनइमाम, अशनूर कौर, नेहा पेंडसे, मुक्ति मोहन, माही विज, सहित कई सारे सेलेब्स के साथ-साथ फैंस कपल को बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं।

ढाई महीने तक नहीं पता चला प्रेग्नेंसी का

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले यह अफवाहें थी कि कपल ने एक बच्ची को जन्म दिया था और उन्हें हर तरफ से कुछ बधाई संदेश भी मिलने लगे थे। लेकिन कॉमेडियन ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर खंडन किया था। भारती सिंह ने कहा था कि वह फिलहाल शूट कर रही हैं और अभी तक उनकी डिलीवरी नहीं हुई है। वहीं आपको यह याद दिला दें कि एक इंटरव्यू के दौरान भारती सिंह ने यह बताया था कि ढाई महीने तक उन्हें प्रेग्नेंसी का पता भी नहीं चला था।

पिंकविला से बातचीत के दौरान भारती सिंह ने यह बताया था कि “जब मैं प्रेग्नेंट हुई तो ढाई महीने तक पता ही नहीं चला की प्रेग्नेंट हूँ। मोटे लोगों का पता नहीं चलता। मैं खा रही हूं, शूट कर रही हूं, दौड़ रही हूं, डांस दीवाने में डांस कर रही हूं। तभी मुझे लगा कि एक बार चेक कर लेना चाहिए।

जब मैंने किया तो टेस्ट करके बाहर आ गई। जब वापस गई तो देखा दो लाइने। मैंने हर्ष को बताया। इसलिए हमारे लिए यह एक सरप्राइज ही था।” अब आखिरकार वह एक बच्चे के पेरेंट्स बन गए हैं। फिलहाल, हम भी नए नवेले माता-पिता भारती और हर्ष को ढेर सारी बधाई देते हैं।

Related Articles

Back to top button