11 माह की बेटी छोड़ मुंबई आ गयी थीं शुभांगी अत्रे, पति के खिलाफ जाकर किया था यह काम

मनोरंजन की दुनिया में रोजाना ही हजारों लोग अपना करियर बनाने के लिए कोशिश करते हैं परंतु सभी को सफलता नहीं मिल पाती है। वहीं अगर हम टीवी इंडस्ट्री की बात करें तो यहां पर बहुत से कलाकार ऐसे हैं, जिन्होंने अपने जीवन की तमाम कठिनाइयों का सामना करते हुए इंडस्ट्री में एक अलग ही जगह बनाई है।
उन्ही स्टार्स में से एक अभिनेत्री शुभांगी अत्रे हैं, जो मशहूर धारावाहिक “भाभी जी घर पर हैं” के जरिए घर-घर में अपनी पहचान बना चुकी हैं। मौजूदा समय में शुभांगी आत्रे टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा हैं। सीरियल “भाभी जी घर पर है” में अंगूरी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री शुभांगी आत्रे आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। इन्हें मौजूदा समय में लाखों लोग फॉलो करते हैं।
बता दें कि 11 अप्रैल को अभिनेत्री शुभांगी आत्रे अपना 41 वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर हम अभिनेत्री के जीवन से जुड़ी हुई कुछ अनसुनी जानकारी देने जा रहे हैं।
टीवी एक्ट्रेस बनना चाहती थीं शुभांगी अत्रे
11 अप्रैल 1981 को मध्य प्रदेश के खूबसूरत शहर पचमढ़ी में जन्मी शुभांगी अत्रे ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भी इसी शहर से पूरी की और फिर वह अपनी ग्रेजुएशन करने के लिए इंदौर आ गई थीं। शुभांगी अत्रे हमेशा से ही एक टीवी एक्ट्रेस बनना चाहती थीं लेकिन मनोरंजन जगत में उनकी शुरुआत काफी अलग तरीके से हुई।
शुभांगी “भाभी जी घर पर हैं” में अंगूरी भाभी के रूप में दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रही हैं और उन्होंने इसी शो के दम पर घर-घर में अपनी एक अलग और खास पहचान बनाई है। मौजूदा समय में उनकी एक झलक पाने को फैंस बेताब रहते हैं। वहीं अभिनेत्री भी अपने फैंस को कभी निराश नहीं करती हैं लेकिन टीवी अभिनेत्री बनने की ख्वाहिश रखने वाली शुभांगी का मनोरंजन जगत में शुरुआत काफी अलग तरीके से हुई थी।
शादी के बाद अभिनय की दुनिया में की एंट्री
आपको बता दें कि शुभांगी अत्रे ने साल 2007 में पुणे के बिजनेसमैन पीयूष पूरी संग शादी रचाई थी। शुभांगी का ससुराल मध्यप्रदेश में है लेकिन वह अपने पति के साथ पुणे में रहती थीं। यहीं पर शुभांगी कुछ समय बाद बेटी आशी की मां बनीं। हमेशा से ही शुभांगी एक एक्ट्रेस बनना चाहती थीं और इसी वजह से उन्होंने मां बनने के बाद एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने का निर्णय लिया।
शुभांगी ने अपने एक इंटरव्यू के दौरान यह बताया था कि जब उन्होंने टीवी में डेब्यू किया था, तब उनकी बेटी महज 11 महीने की थी और वह अपनी बेटी को पुणे छोड़कर मुंबई आई थीं। लेकिन कुछ समय के पश्चात ही शुभांगी अपने पति पीयूष और बेटी के साथ मुंबई में ही रहने लगी थीं।
ऐसे हुआ करियर शुरू
जब टीवी इंडस्ट्री में कदम रखने के बारे में शुभांगी ने सोचा तब उन्हें इस क्षेत्र के विषय में कुछ भी नहीं मालूम था। ऐसी स्थिति में अभिनेत्री ने सबसे पहले मॉडलिंग के कुछ असाइनमेंट किए, जिससे उन्हें ऑडिशन के बारे में जानकारी हासिल हुई।
इसी प्रकार से धीरे-धीरे शुभांगी ने टीवी की दुनिया में कदम रखा। धारावाहिक “कसौटी जिंदगी की” से शुभांगी ने अपना टीवी डेब्यू किया था। इसके बाद कई हिट सीरियल जैसे कस्तूरी, हवन, चिड़ियाघर और दो हंसों का जोड़ा में वह नजर आईं।
“भाभी जी घर पर हैं” से मिली खास पहचान
वैसे तो शुभांगी अत्रे ने टीवी के कई धारावाहिकों में काम किया परंतु टीवी का मशहूर कॉमेडी शो “भाभी जी घर पर हैं” से उन्हें सबसे अधिक लोकप्रियता हासिल हुई। इस सीरियल में पहले अंगूरी के किरदार में शिल्पा शिंदे नजर आई थीं। लेकिन शिल्पा शिंदे के जाने के बाद शुभांगी इस किरदार में दिखीं और दर्शकों द्वारा उन्हें काफी पसंद किया जा रहा है।
सीरियल के लिए शुभांगी के पति ने किया था मना
शुभांगी ने एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि जब उनके पास “भाभी जी घर पर हैं” धारावाहिक का प्रस्ताव आया था उनके पति नहीं चाहते थे कि वह इस सीरियल को करें। शुभांगी बताती हैं कि उनके पति ने कोई नया सीरियल करने का सुझाव दिया था।
लेकिन अभिनेत्री ने अपने पति की बात नहीं मानी और उनके खिलाफ जाकर इस सीरियल के लिए हां कर दी। मौजूदा समय में शुभांगी अत्रे टीवी की दुनिया की सुपरस्टार बन चुकी हैं।