घरवालों से छुप-छुपकर मिला करते थे रणधीर और बबिता, यूं राज कपूर ने पकड़ी थी दोनों की चोरी

गुजरे जमाने की मशहूर अभिनेत्री बबीता कपूर आज किसी पहचान की मोहताज नहीं है। हालांकि कपूर खानदान की बहू बनने के बाद बबीता कपूर ने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया था, लेकिन जब उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी तो फिल्म इंडस्ट्री में तहलका मचा दिया था। हालाँकि, भले ही उनका फिल्मी करियर छोटा रहा हो लेकिन उन्होंने अपने करियर में हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक फिल्म दी। आज बबीता कपूर अपना 74वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। ऐसे में हम आपको बताने जा रहे है रणधीर कपूर और बबीता कपूर की प्रेम कहानी के बारे में..
कैसा रहा बबिता कपूर का फिल्म करियर?
बता दें, बबीता कपूर ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘राज’ से की थी। यह फिल्म साल 1967 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ जाने माने अभिनेता राजेश खन्ना मुख्य किरदार में नजर आए थे और दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। हालांकि इससे पहले बबीता कपूर की फिल्म ‘दस लाख’ रिलीज हो चुकी थी लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान फिल्म ‘राज’ से ही हासिल हुई। इसके बाद बबीता ने अपने करियर में करीब 19 फिल्मों में काम किया जिनमें ‘अंजाना’, ‘कब क्यों और कहां’, ‘पहचान’, ‘हसीना मान जाएगी’, ‘तुमसे अच्छा कौन है’ और ‘किस्मत’ जैसी फिल्में शामिल है।
राज कपूर ने पकड़ी थी दोनों की चोरी
रणधीर कपूर और बबीता की पहली मुलाकात साल 1971 में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘कल आज और कल’ के सेट पर हुई थी। एक साथ काम करने के दौरान इन दोनों का प्यार परवान चढ़ा और फिर इन्होंने शादी रचाने का फैसला किया। हालांकि इससे पहले इन्होंने गुपचुप तरीके से 2 साल तक डेट किया था। इस बात की भनक राज कपूर को फिल्म के सेट पर ही लग गई थी। कहा जाता है कि रणबीर कपूर और बबीता की प्रेम कहानी से हर कोई अनजान था तो वहीं राज कपूर ने बहुत ही कम समय में इन दोनों की चोरी पकड़ ली थी और फिर दोनों को शादी करने के लिए कह दिया था।
शादी के बाद बबिता ने छोड़ दी थी फिल्म इंडस्ट्री
इसके बाद रणधीर कपूर और बबीता ने साल 1971 में ही शादी रचा ली, लेकिन शादी के बाद बबीता कपूर को अपना करियर छोड़ना पड़ा। दरअसल, उस ज़माने में कपूर खानदान की बहू-बेटियों को फिल्मों में काम करने की अनुमति नहीं थी। यही वजह थी कि करियर के पीक पर बबीता ने फिल्मी दुनिया से नाता तोड़ लिया। शादी के बाद इनके घर बेटी करिश्मा कपूर का जन्म हुआ। इसके बाद साल 1980 में करीना कपूर पैदा हुई।
34 साल तक रहे एक-दूसरे से अलग
जब करीना 8 साल की हुई तभी रणधीर कपूर और बबीता की अनबन होने लगी और फिर दोनों एक दूसरे से तलाक लिए बिना ही अलग हो गए। पति रणबीर कपूर से अलग होने के बाद बबीता कपूर ने अकेले ही अपनी दोनों बेटियों का पालन पोषण किया। अपनी पत्नी से कई दिनों तक अलग रहने के बाद साल 2007 में रणबीर कपूर वापस बबीता के पास आ गए। एक रिपोर्ट की मानें तो रणधीर कपूर और बबीता करीब 34 साल तक अलग रहे।