स्वास्थ्य

गले की खराश को अनदेखा करना पड़ सकता है भारी, इन घरेलू उपायों से पाए आराम

गले में खराश का होना एक बहुत आम चीज है। ये सामान्यतः चार से पांच दिनों में ठीक हो जाती है। हालांकि यदि ऐसा न हो तो डॉक्टर के पास जाना एक अच्छा आइडिया होता है। अधिकतर मामलों में गले की खराश के पीछे वायरस होते हैं। वैसे कभी कभी बैक्टीरिया भी इसका कारण बन सकते हैं। इसमें स्ट्रेप्टोकोकस बैक्टीरिया से हुई स्ट्रेप थ्रोट अधिक घातक साबित हो सकती है। इससे आपको बदन में तेज बुखार जैसे लक्षण भी दिखाई देने लगते हैं।

इसलिए थ्रोट इंफेकशन की तुलना में स्ट्रेप थ्रोट इंफेक्शन ज्यादा खतरनाक माना जाता है। यदि स्ट्रेप थ्रोट को बिना इलाज के ही छोड़ दिया जाए तो रूमेटिक बुखार के चांस बढ़ जाते हैं। ऐसे में आज हम गले की खराश दूर करने के कुछ घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं।

नमक के पानी से कुल्ला

एक ग्लास साफ पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर उसे गर्म कर लें। पानी इतना गर्म हो कि आपका मुंह न जले। हालांकि ज्यादा ठंडा भी नहीं होना चाहिए। इसके बाद आपको इस नमक के पानी को मुंह में काफी देर तक रख हिलाना है। आप चाहे तो गरारे भी कर सकते हैं। ऐसा दिन में दो से तीन बार करें। आपको आराम मिलेगा। दरअसल नमक बलगम को सूजे हुए ऊत्तकों से बाहर निकालने का काम करता है।

पानी पीते रहें

पानी की कमी होने से भी गले में खराश की समस्या आ जाती है। दरअसल जब आपका शरीर डिहाइड्रेट रहता है तो बलगम को गले को प्राकृतिक रूप से चिकना बनाना पड़ता है। यदि गले में सूजन आ जाए तो मामला और भी खराब हो जाता है। इसलिए आप अपने शरीर को हमेशा हाइड्रेटेड रखें। दिनभर थोड़ी थोड़ी देर में पानी पीते रहें। इससे आपका गल सूखेगा नहीं और इसमें खराश भी नहीं होगी।

चाय और शहद

गले की खराश आने पर अधिकतर लोग चाय जरूर पीते हैं। यकीनन इससे आराम मिलता है। लेकिन यदि आप इस चाय को मीठा करने के लिए उसमें शहद मिला लें तो डबल फायदा होगा। कई रिसर्च यह दावा करती है कि शहद से खांसी में जल्द आराम लगता है। वैसे आप चाय के विकल्प में ग्रीन टी भी पी सकते हैं। इसमें मौजूद एंटी बैक्टीरियल, ऑक्सीडेंट्स और दर्द निवारक तत्व खांसी, गले की सूजन और खराश में लाभकारी होते हैं।

इन उपायों के अलावा आप गरमा गरम सूप, अदरक तुलसी वाली चाय जैसी चीजें भी ट्राय कर सकते हैं। इन उपायों से भी आराम न लगे तो डॉक्टर के पास जाना एक बेहतर विकल्प है।

Related Articles

Back to top button