ग्लैमरस इंडस्ट्री छोड़ प्रकृति के बीच पहुंची शहनाज गिल, किसानों के साथ बिताया वक्त, देखें Video

टीवी दुनिया के सबसे पॉपुलर शो बिग बॉस-13 के जरिए घर-घर में मशहूर हुई अभिनेत्री शहनाज गिल फैंस के दिलों पर राज करती है। शहनाज की एक अदा पर लाखों लोग फिदा है। उनका हर एक अंदाज लोगों को खूब पसंद आता है। शुरुआत से ही शहनाज गिल अपने सहज स्वभाव के लिए जानी जाती है और उनका यही अंदाज़ उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी तमाम अभिनेत्रियों से अलग बनाता है।
यही वजह भी है कि शहनाज गिल की फैन फॉलोइंग जबरदस्त है और उनकी एक झलक देखने के लिए फैंस बेकरार रहते हैं। इसी बीच शहनाज गिल मानसून का मजा लेने के लिए मुंबई शहर से बाहर किसानों की के साथ खेती करती दिखी और उनका यह अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आया। इससे जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिन पर फैंस कमेंट कर खूब प्यार लुटा रहे हैं। आइए देखते हैं शहनाज का देसी अंदाज..
किसानों संग शहनाज ने लगाया धान, खाई जलेबी
वायरल हो रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि शहनाज गिल किसानों के साथ मिलकर धान लगा रही है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के साथ बैठकर जलेबी भी खाई। बता दें, इसका वीडियो शहनाज ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। वहीं दूसरी तस्वीर में शहनाज वाटरफॉल का लुफ्त उठा रही है।
शहनाज गिल के हाथों में कीचड़ से सनी चप्पल भी नजर आई। वहीं दूसरी तस्वीर में वह तेज बारिश के मौसम में नाचती हुई नजर आई। फैंस को शहनाज का ये देसी अंदाज खूब भा रहा है और कमेंट कर उनपर प्यार लुटा रहे हैं। बता दें, इस दौरान शहनाज गिल अपनी गंदी चप्पलों को देखते हुए कहती है कि, वह अपनी चप्पल करोड़ों में बेचेंगी क्योंकि उन पर देश की मिट्टी लगी हुई है।
इसके साथ ही शहनाज प्रकृति के साथ बिताने के फायदे बताते हुए भी नजर आ रही है और उन्होंने ग्रामीणों से खेती के बारे में खास बातचीत भी की। इस वीडियो को साझा करते हुए शहनाज गिल ने कहा “मैं अभी अकेली हूं, और मैं खुश हूं। इस आंतरिक शांति को महसूस करने के लिए सभी को यह समय मिलना चाहिए।”
सलमान खान संग डेब्यू करेंगी शहनाज
बात की जाए शहनाज गिल के करियर के बारे में तो बिग बॉस में आने के बाद उनके करियर में चार चांद लग गए हैं। अब कहा जा रहा है कि शहनाज गिल, सलमान खान के साथ फिल्म ‘कभी ईद कभी दिवाली’ के जरिए डेब्यू करने जा रही है। ऐसे में उनके पास काम की कोई कमी नहीं है। वहीं सलमान खान से दोस्ती के बाद शहनाज चमकीला सितारा बन चुकी है।