25 की उम्र में बालिका वधू की आनंदी ने कर ली थी खुदकुशी, ये था प्रत्युषा बनर्जी का आखिरी पोस्ट

प्रत्युषा बनर्जी कभी टीवी इंडस्ट्री का मशहूर चेहरा रहीं थीं परंतु महज 25 वर्ष की आयु में ही वह इस दुनिया को हमेशा हमेशा को छोड़कर चली गई थीं। कम उम्र में दुनिया को छोड़कर चले जाने की वजह से उनके फैंस को तगड़ा झटका लगा था। प्रत्युषा बनर्जी ने 6 सालों तक टीवी इंडस्ट्री में कड़ी मेहनत की और उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर बहुत कम समय में ही अच्छी खासी लोकप्रियता हासिल कर ली थी। 10 अगस्त 1991 को झारखंड के जमशेदपुर में जन्मी प्रत्युषा बनर्जी अगर आज जिंदा होती तो वह अपना 31वां जन्मदिन मना रही होतीं।
फैंस भी अभिनेत्री को उनके जन्मदिन पर याद कर रहे हैं। बता दें बचपन से ही प्रत्युषा बनर्जी एक एक्ट्रेस बनना चाहती थीं और उन्होंने अपने सपने को पूरा भी किया। प्रत्युषा बनर्जी ने अपनी बेहतरीन अदाकारी से लोगों के दिलों में एक खास जगह बना ली थी। महज 6 सालों में उन्हें कई बड़े डेली सोप और रियलिटी शोज में हिस्सा बनने का मौका मिला, जो उनकी काबिलियत और मेहनत का नतीजा था।
सीरियल “बालिका वधू” से मिली बड़ी पहचान
अगर आज प्रत्युषा बनर्जी जीवित होतीं, तो वह टीवी इंडस्ट्री की सबसे महंगी अभिनेत्रियों में से एक होतीं परंतु शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। प्रत्युषा बनर्जी ने साल 2010 में अपने करियर की शुरुआत की थी। वह सीरियल “बालिका वधू” था। इस सीरियल में प्रत्युषा बनर्जी “आनंदी” की भूमिका निभाते हुए नजर आई थीं। उन्हें अपने इस किरदार से अच्छी खासी लोकप्रियता हासिल हुई।
अपने पहले ही शो से प्रत्युषा बनर्जी स्टार बन गई थीं। इस शो के चलते वह घर-घर में काफी फेमस हो गई थीं। प्रत्युषा बनर्जी को इसके बाद ‘झलक दिखला जा 5’ और ‘बिग बॉस 7’ का भी हिस्सा बनने का मौका मिला था। वह कई टीवी शोज में काम कर चुकी हैं, जिनमें से ‘हम हैं ना’, ‘इतना करो ना मुझे प्यार’, ‘ससुराल सिमर का’, ‘आहट’ और ‘पावर कपल’ जैसे शोज शामिल हैं।
घर में कमाने वाली इकलौती थीं प्रत्युषा बनर्जी
आपको बता दें कि प्रत्युषा बनर्जी के परिवार में उनके माता-पिता हैं। प्रत्युषा बनर्जी जब तक जीवित थीं, तो वह अपने परिवार का सहारा बनी रहीं। घर में वही इकलौती कमाने वाली थीं परंतु जब प्रत्युषा बनर्जी का निधन हो गया, तो उसके बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई। उनके माता-पिता को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। “हिंदुस्तान टाइम्स” के साथ बातचीत के दौरान खुद अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी के पेरेंट्स में यह बताया था कि वह बहुत मुश्किल से अपना गुजारा चला पा रहे हैं।
प्रत्युषा बनर्जी के अफेयर्स
आपको बता दें कि अपने अभिनय करियर के दौरान प्रत्युषा बनर्जी अपने अफेयर्स को लेकर भी काफी चर्चा का विषय बनी रही थीं। प्रत्युषा बनर्जी का नाम टीवी प्रोड्यूसर विकास गुप्ता, बिजनेसमैन मकरंद मल्होत्रा और अभिनेता व निर्माता राहुल राज सिंह के साथ भी जुड़ा था। राहुल को उन्होंने साल 2015 में डेट करना शुरू किया था और प्रत्युषा बनर्जी अपनी जिंदगी के अंतिम वक्त तक राहुल के साथ ही रिश्ते में थीं।
क्या थी प्रत्युषा बनर्जी की मौत की वजह?
जब प्रत्युषा बनर्जी अपने करियर की ऊंचाइयों पर थीं, तब वह महज 25 वर्ष की आयु में दुनिया छोड़ कर चली गई थीं। प्रत्युषा बनर्जी का निधन अप्रैल 2016 में हो गया था। ऐसा बताया जाता है कि प्रत्युषा बनर्जी ने पंखे से लटककर अपने जीवन को खुद समाप्त कर लिया था। लेकिन उनके परिवार का कहना है कि वह आत्महत्या नहीं कर सकतीं, बल्कि उनकी हत्या की गई है। उन्होंने उनके बॉयफ्रेंड राहुल राज पर उनकी हत्या का आरोप लगाया है।
राहुल ने प्रत्युषा बनर्जी के निधन के 12 घंटे बाद पुलिस को उनके निधन की जानकारी दी थी। राहुल का कहना था कि प्रत्यूषा डिप्रेशन से जूझ रही थीं। इतना ही नहीं बल्कि ऐसा भी बताया जाता है कि अभिनेत्री गर्भवती थीं, इसका जिम्मेदार राहुल को ठहराया गया था और उन्हें जेल में बंद भी कर दिया गया था। फिलहाल, राहुल जेल से रिहा हो चुके हैं लेकिन केस अभी भी चल रहा है। अभिनेत्री के माता-पिता का कहना है कि वह अपने जीवन के अंतिम सांस तक अपनी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे।
ये था प्रत्युषा बनर्जी का आखिरी पोस्ट
प्रत्युषा बनर्जी ने अपना इंस्टाग्राम पोस्ट अक्टूबर के महीने में किया था, जिसमें उनके साथ बॉयफ्रेंड राहुल राज दिखे थे। प्रत्यूषा और राहुल “पावर कपल” में नजर आए थे। पावर कपल हाउस में एंट्री करने से पहले दोनों ने आखिरी तस्वीर को साझा किया था, जो उनकी आखिरी इंस्टा पोस्ट साबित हो गई थी।