सावन कुमार टाक के निधन के बाद पूर्व पत्नी उषा का छलका दर्द, बताया क्यों टूटी शादी

बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर सावन कुमार टाक (Sawan Kumar Tak) अब इस दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए अलविदा कह कर जा चुके हैं। सावन कुमार टाक का निधन गुरुवार, 25 अगस्त 2022 की शाम हो गया। वह बीते काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। उन्हें दिल की समस्या थी। तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उन्होंने 86 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की वजह मल्टीपल ऑर्गन फेलियर और हार्ट अटैक बताई गई है।
अब फिल्ममेकर सावन कुमार टाक के निधन के बाद उनकी पूर्व पत्नी उषा खन्ना, जो खुद एक दिग्गज संगीत निर्देशक हैं उन्होंने एक मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान कई बातों को शेयर किया। बता दें कि उस समय तो उषा खन्ना ने ज्यादा बातचीत नहीं की थी। दुनिया को अपनी प्रेम कहानी के बारे में बताने के लिए उनका उस समय कुछ भी बोलना सही नहीं था। यह कुछ ऐसा है जो अधिकतर लोगों को नहीं पता है। उन दोनों के रिश्ते के बारे में कई बातें सामने आई हैं। हाल ही में सावन कुमार टाक की पूर्व पत्नी ने अपनी प्रेम कहानी और कचोटते रिश्ते के बारे में खुलकर बातचीत की है।
बस मिले और दोस्ती प्यार में बदल गई
बता दें कि ई-टाइम्स के साथ बातचीत के दौरान जब उषा खन्ना से यह पूछा गया कि आप पहली बार सावन कुमार टाक से कब और कहां मिली थीं, तो उन्होंने इस बात का जवाब देते हुए यह बताया था कि वह एक फिल्म का संगीत कर रही थीं, जिसमें सावन कुमार जी आए थे। उन्होंने बताया कि वह इसके लिए गाना लिख रहे थे, हमने लगभग तुरंत ही एक अच्छा बॉन्ड बना लिया।
उन्होंने बताया कि सावन कुमार टाक ने उन्हें बहुत ही जल्द अपनी अगली फिल्म “हवस” के लिए साइन कर लिया। उसी दौरान उनकी दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई। जिसके बाद उन्होंने शादी करने का निर्णय ले लिया। उन्होंने बताया कि शादी में दोनों के परिवार शामिल नहीं हुए थे।
7 साल बाद ऐसा क्या हुआ कि खत्म कर ली शादी
आखिर 7 साल के बाद ऐसा क्या हुआ कि उन दोनों ने शादी खत्म कर दी? जब यह पूछा गया तो उषा ने यह बताया कि “कुछ वर्षों के बाद, आप जिस इंसान के साथ हैं उसके बारे में कुछ बातें नापसंद करने लगते हैं। लगातार झगड़ों से अलग रहना बेहतर है। मैं किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में बुरा नहीं बोल सकती जिसे मैं प्यार करती थी।
लेकिन हम साथ नहीं हो सके। समझ कम होने लगी। हमने तय किया, ‘आप अपनी जगाह, मैं अपनी जगह- लेकिन चलो दोस्त बने रहें। आज मुझे एक दोस्त की याद आ रही है। जो समझ हमारी दोस्ती में थी, वो शादी के रिश्ते में नहीं हुई।”
उषा इस दुख में जी रही हैं
जब उनसे यह पूछा गया कि क्या सावन कुमार टाक की कई लड़कियों से दोस्ती थी? क्या उनके कुछ रिश्ते हुए थे? इस पर उषा ने कहा कि “हां, हुई। मैंने कहा कि हमें अलग रहना चाहिए और उसके बाद मैं उन्हें परेशान नहीं करूंगी। देखिये, दुख तो होता था। आखिर मैं एक इंसान और उनकी पत्नी थी। बस, मैंने कहा, आप अपनी जगह रहो और मैं अपनी जगह रहती हूं। मैं उनसे लड़ते रहना नहीं चाहती थी।”
दूसरे रिश्तों की वजह से खत्म कर ली शादी
क्या उनके साथ शादी खत्म करने का यही एक कारण था? इस पर उषा ने कहा कि “उनकी गर्लफ्रेंड उनकी लाइफ का हिस्सा थीं। मैं ऐसे कैसे रह सकती थी।” उषा ने यह बताया कि “हां, रिश्ते शीशे की तरह होते हैं। दरार बन गई थी। लेकिन मैंने इसे अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और शादी खत्म कर ली।”