विशेष

पैदा होते ही बच्ची की थम गई थी सांसे, 7 मिनट में इस तरह मौत के हाथों से जिंदगी छीन लाई डॉक्टर

ऐसा कहा जाता है कि ऊपर भगवान और नीचे डॉक्टर यानी डॉक्टर को भगवान के बराबर दर्जा दिया जाता है। जब भी हमें छोटी या बड़ी बीमारी होती है, तो हम तुरंत ही डॉक्टर के पास जाते हैं। मरीज डॉक्टर के पास बड़ी आस लेकर ही जाता है। डॉक्टर वो होता है जो मरीज की परेशानी को दूर करता है। इसीलिए दुनिया भर में डॉक्टरों को धरती पर भगवान का रूप समझा जाता है। ऐसे कई मौकों पर डॉक्टरों को इंसानों का जीवन बचाते हुए देखा जा चुका है।

जब कोविड की स्थिति पीक पर रही उस दौरान पूरे देश में डॉक्टर्स ने फ्रंट लाइन वर्कर्स के रूप में काम किया और अपनी जान जोखिम में डालकर कई लोगों की जिंदगियां बचाई। इसी बीच हाल ही में कुछ ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला डॉक्टर उस वक्त भगवान बन गई, जब उसने नवजात शिशु को अपने मुंह से सांस देकर उसकी जान बचा ली।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बच्ची जन्म के बाद सांस नहीं ले पा रही थी, जिसके बाद महिला डॉक्टर ने मुंह से नवजात को तब तक सांस दिया, जब तक वह उसे जीवन देने में कामयाब नहीं हो गईं। इस महिला डॉक्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और यूजर्स वीडियो देखकर काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं और उनकी तारीफ कर रहे हैं।

डॉक्टर ने बेजान बच्ची में डाली जान

सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, इसे उत्तर प्रदेश के एक पुलिस अधिकारी सचिन कौशिक के द्वारा ट्विटर पर साझा किया गया है। इस वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि एक महिला डॉक्टर अस्पताल में पैदा हुई नवजात बच्ची की जान बचाते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि बच्ची पैदा होने के बाद सांस नहीं ले पा रही थी, तब महिला डॉक्टर ने उसे लगभग 7 मिनट तक मुंह से सांस देकर उसकी जान बचाई।

वीडियो में आप सभी लोग सांस नहीं आने पर महिला डॉक्टर को लगातार उस बच्ची को मुंह से मुंह लगाकर सांस देते हुए देख सकते हैं। महिला डॉक्टर लगभग 7 मिनट तक ऐसा ही करती रही, जिसके बाद बेजान बच्ची की सांस आ गई और उसकी जिंदगी बच गई। सोशल मीडिया पर बड़ी तादाद में यूजर्स बच्ची की जान बचा रही डॉक्टर की तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल


सचिन कौशिक ने इस वीडियो को शेयर करने के साथ ही यह जानकारी दी कि वीडियो में दिख रही महिला डॉक्टर सुलेखा चौधरी हैं। सचिन कौशिक ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा- “डॉक्टर सुलेखा चौधरी, पीडियाट्रीसियन, CHC, आगरा। बच्ची का जन्म हुआ लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी। बच्ची को पहले ऑक्सिजन सपोर्ट दिया, लेकिन जब उससे भी लाभ नहीं हुआ तो लगभग 7 मिनट तक ‘माउथ टू माउथ रेस्पिरेशन’ दिया, बच्ची में सांस आ गई।”

इस वीडियो को 1.3 मिलियन लोगों द्वारा देखा जा चुका है। वहीं 1 लाख 19 हजार से ज्यादा लोगों ने इस वीडियो को लाइक भी किया है। इस वीडियो को देखने के बाद लगातार सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट करते हुए इस महिला डॉक्टर की तारीफ कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button