किंग कोबरा ने एक बार काटा, 8 साल के बच्चे को आया गुस्सा, उसने दो बार काटा, वहीं मर गया सांप

सांप दुनिया के सबसे जहरीले जीवों में से एक होता है। खासकर किंग कोबरा की बाइट सबसे खतरनाक होती है। इसके काटने के कुछ मिनटों बाद ही जान जा सकती है। लेकिन छत्तीसगढ़ के जशपुर के एक सुदूर गांव पंडरपाड़ में बड़ा ही अनोखा मामला देखने को मिला है। यहां एक आठ साल के बच्चे को किंग कोबरा ने काट लिया। गुस्से में बच्चे ने भी उसे काट लिया। इसके बाद जो हुआ वह सुनकर आप यकीन नहीं करेंगे।
सांप ने बच्चे को काटा, बच्चे ने भी पलटकर काट दिया
दीपक नाम के इस बच्चे ने बताया कि वह घर के पिछले हिस्से में खेल रहा था। तभी एक सांप ने हमला बोल दिया। उसने पहले काटा और फिर हाथ पर लिपट गया। दीपक ने उस सांप को हाथ से निकालने की कोशिश की। लेकिन वह बिल्कुल भी नहीं हिला। ऐसे में दीपक ने सांप को जैसे तैसे दो बार काट लिया। इससे उसकी पकड़ छूट गई और वह नीचे गिर गया। यह पूरी घटना बहुल जल्दबाजी में हुई।
इस बीच दीपक के परिजन आए और उसे आनन फानन में अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे एंटी स्नेक वेनम दिया। उसे एक दिन निगरानी में भी रखा गया। इसके बाद वह पूरी तरह ठीक हो गया और उसे छुट्टी दे दी गई। दीपक में सांप के काटने के कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए। डॉक्टर्स की माने तो ये एक ड्राइ बाइट थी। मतलब सांप ने सिर्फ काटा था, लेकिन जहर नहीं उगला था।
सांप मर गया, बच्चा बच गया
सांप ने जिस जगह काटा था उसके आसपास की जगह पर ही कुछ लक्षण दिख रहे थे। सांपों के विशेषज्ञ कैसर हुसियन बताते हैं कि जब कोई जहरीला सांप काटता है तो कई बार जहर नहीं उगलता है। इसे हम ड्राई बाइट कहते हैं। इससे व्यक्ति को पूरे शरीर में कोई लक्षण नहीं दिखाई देते हैं। बस जिस जगह काटा गया है उसके आसपास ही लक्षण दिखते हैं।
पीड़ित बच्चे दीपक को भी जब सांप ने काटा तो जहर नहीं उगला। इस कारण वह जल्दी ठीक होकर घर चला गया। बताया जा रहा है कि बच्चे ने जिस सांप को काटा था उसकी कथित रूप से मौत हो गई। यह पूरा मामला अब हर किसी को हैरान कर रहा है। वैसे ऐसे ही कुछ गिने चुने मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इन मामलों में भी सांप के डसने से पीड़ित शख्स बच गया और उसने जिस सांप को काटा था वह मर गया।