कभी बोनी कपूर को राखी बांधती थीं श्रीदेवी, फिर ऐसे परवान चढ़ा प्यार, सीक्रेटली की शादी

हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्माता बोनी कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘मिली’ को लेकर चर्चा में है। बता दें, फिल्म में बतौर लीड एक्ट्रेस बोनी कपूर की बेटी और एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर नजर आ रही है। वहीं बोनी कपूर ने इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है। इन सबके बीच 11 नवंबर यानी कि आज बोनी कपूर 67 साल के हो चुके हैं। ऐसे खास मौके पर हम आपको बताने जा रहे हैं बोनी कपूर और श्रीदेवी की प्रेम कहानी के बारे में…
बोनी को राखी बांधती थीं श्रीदेवी
11 नवंबर 1955 को मेरठ में जन्मे बोनी कपूर ने अपने करियर की शुरुआत साल 1980 में फिल्म ‘हम पांच’ से की थी। यह उनकी पहली फिल्म थी जिसको उन्होंने प्रोड्यूस किया था। इसके बाद उन्होंने अपने छोटे भाई और जाने-माने एक्टर अनिल कपूर के साथ कई फिल्में बनाई जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। बता दे बोनी कपूर ने अपने भाई अनिल कपूर और श्रीदेवी की जोड़ी को हिट बना दिया था।
इन दोनों सितारों के साथ बोनी कपूर ने ‘रूप की रानी चोरों का राजा’, ‘जुदाई’, ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी फिल्में बनाई और जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की। इन्हीं फिल्मों में काम करने के वक्त श्रीदेवी और बोनी कपूर एक-दूसरे के नजदीक आए। लेकिन कहा जाता है कि पहले श्रीदेवी बोनी कपूर को राखी बांधती थी। जी हां.. पहले भाई-बहन का रिश्ता निभाने वाले बोनी कपूर और श्रीदेवी बाद में एक दूसरे के प्यार में पड़ गए और फिर इन दोनों ने सीक्रेट तरीके से शादी रचा ली।
दरअसल, साल 1983 में बोनी कपूर की शादी मोना कपूर से हुई थी जिनसे उन्हें 2 बच्चे हुए जिनका नाम अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर है। अर्जुन बॉलीवुड की कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं जबकि अंशुला फिल्मी दुनिया से दूर है। फिल्मों का निर्माण करने के दौरान बोनी कपूर श्रीदेवी को दिल दे बैठे जो कि मोना कपूर की दोस्त थी। कहा जाता है कि मोना कपूर की दोस्त होने की वजह से श्रीदेवी का बोनी कपूर के घर आना जाना लगा था।
रिपोर्ट की माने तो इस दौरान श्रीदेवी अभिनेता मिथुन को डेट कर रही थी। ऐसे में वह बोनी कपूर को अपना भाई मानती थी। बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना ने बताया था कि, “मिथुन को अपने प्यार का यकीन दिलाने के लिए ही श्रीदेवी ने बोनी को राखी बांधी थी ताकि उन्हें भरोसा हो सके कि श्रीदेवी और बोनी के बीच कुछ नहीं चल रहा है।”
श्रीदेवी के लिए कुछ भी करने को तैयार थे बोनी
हालांकि बोनी कपूर श्रीदेवी से काम के लिए मिलते थे, लेकिन इसी बीच इन दोनों के बीच प्यार हुआ और साल 1996 में इन्होंने शादी रचा ली। हालांकि श्रीदेवी को अपना बनाने के लिए बोनी कपूर ने कई पापड़ बेले। कहा जाता है कि जब श्रीदेवी को फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में साइन किया गया तो उनकी मां इसके लिए तैयार नहीं थी। ऐसे में बोनी कपूर ने उन्हें मुंह मांगी रकम दी जिसके बाद श्रीदेवी की मां तैयार हो गई।
इसके बाद श्रीदेवी के साथ बोनी कपूर का काम करने का सिलसिला शुरू हुआ और फिर दोस्ती हुई और फिर एक दूसरे के जीवन साथी बन गए। बोनी कपूर और श्रीदेवी की दो बेटियां जिनका नाम जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर है। जाह्नवी कपूर को हर कोई जानते हैं क्योंकि उन्होंने साल 2018 में फिल्म ‘धड़क’ से अपने करियर की शुरुआत की और वह अब तक कई फिल्मों में नजर आ चुकी है। इसके अलावा खुशी कपूर जोया अख्तर की फिल्म ‘द आर्चीज’ से अपने करियर की शुरुआत करने जा रही है। गौरतलब है कि, श्रीदेवी अब हमारे बीच नहीं रही।