समाचार

राशन कार्ड पर ‘दत्ता’ की जगह लिखा ‘कुत्ता’, गुस्से में कुत्ता बनकर अधिकारी पर खूब भौंका – Video

भारत में सरकारी कामकाज कैसा होता है इस बात से सभी अच्छी तरह वाकिफ हैं। यहां यदि सरकारी दस्तावेजों में थोड़ी सी भी गड़बड़ी हो जाए तो उसे सुधारने के लिए हमे दफ्तरों के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस दौरान भ्रष्ट सिस्टम के चलते कई बार रिश्वत भी देना पड़ती है। ऐसे में इंसान बुरी तरह से मायूस हो जाता है। उसे गुस्सा भी आता है। फिर वह तंग आकर इस सरकारी व्यवस्था का प्रदर्शन भी करता है।

कुत्ते की तरह भौंक-भौंक कर किया प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में श्रीकांत कुमार दत्ता ने भी कुछ ऐसा ही किया। सरकारी विभाग ने उनके राशन कार्ड पर गलत नाम लिख दिया था। उन्होंने इसे सुधारने के कई प्रयत्न किए। लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने एक अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। जब दफ्तर के बाहर से बीडीओ की गाड़ी गुजरी तो उन्होंने कुत्ते की तरह भौंक-भौंक कर विरोध प्रदर्शन किया। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ा वायरल हो रहा है।

दरअसल श्रीकांत कुमार दत्ता के राशन कार्ड में एक अक्षर के हेरफेर के चलते वह दुनिया के सामने हंसी के पात्र बन गए। उनके राशन कार्ड में उपनाम में दत्ता की जगह ‘कुत्ता’ लिख दिया गया। श्रीकांत दत्ता बताते हैं कि उनके राशन कार्ड में तीन बार उनका उपनाम गलत लिखा गया। पहले दो बार श्रीकांत मंडल और श्रीकांती लिखा गया। फिर अब श्रीकांत दत्ता की जगह से श्रीकांत कुत्ता लिख दिया।

अनोखा विरोध देख BDO की हो गई बोलती बंद

राशन कार्ड में अपने उपनाम में संशोधन करवाने के लिए श्रीकांत ने आवेदन दिया था। इस दौरान उन्हें जब ज्वाइंट BDO की गाड़ी दिखी तो उन्होंने BDO के सामने कुत्ते की तरह बर्ताव किया। हालांकि BDO ने उनकी समस्या पर कोई जवाब नहीं दिया और वहाँ से चले गए। श्रीकांत का कहना है कि हम एक कामकाजी शख्स हैं। आखिर हम कितनी बार अपने सभी काम छोड़कर सुधार के लिए आवेदन करने जाएंगे?

बरहाल श्रीकांत कुमार दत्ता का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके इस विरोध प्रदर्शन की अधिकतर लोगों ने तारीफ की। साथ ही सरकारी कामकाज में होने वाली लापरवाही की निंदा की। वहीं कुछ लोगों को श्रीकांत का कुत्ते की तरह प्रदर्शन करना बड़ा ही फनी लगा।

वैसे इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? हमे कमेंट कर जरूर बताएं।

Related Articles

Back to top button