समाचार

Cute Jodi: नन्हीं दुल्हन ने लिए छुटकू दूल्हे संग फेरे, कई मुश्किलों बाद हुए हाथ पीले – Video

कहते हैं जोड़ियां ऊपर वाला बनाता है। उसने हर किसी के लिए कोई ना कोई बनाकर रखा हुआ है। बस आपको सही समय का इंतजार करना है। अब बिहार के सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में हुई इस अनोखी शादी को ही देख लीजिए। यहां कई समय से दुल्हन की तलाश कर रहे 3 फुट के दूल्हे को आखिर उसकी जीवनसंगिनी मिल ही गई। उसकी दुल्हन भी उसकी तरह 3 फुट की है। ऐसे में दोनों की ये जोड़ी एकदम सही है।

3 फुट के दूल्हे को मिली 3 फुट की दुल्हन

दरअसल 32 साल के योगेंद्र सीतामढ़ी जिले डुमरा प्रखंड के रामपुर परोरी गांव के रहने वाले हैं। उनके घर वाले शादी के लिए काफी दिनों से लड़की तलाश रहे थे। लेकिन 3 फुट की हाइट होने के चलते कोई उन्हें अपनी लड़की नहीं दे रहा था। इसी तरह 21 साल की पूजा का भी यही हाल था। सीतामढ़ी के लोहिया नगर के मेला रोड की रहने वाली पूजा के घरवाले भी बेटी के लिए वर की तलाश में दर-दर भटक रहे थे।

फिर ऊपर वाले का चमत्कार देखिए। उसने इन दोनों को आपस में मिला दिया। बस फिर क्या था जब पूजा और योगेंद्र ने पहली बार एक दूसरे को देखा तो वह समझ गए कि यह राम मिलाई जोड़ी है। फिर दोनों ने शादी के लिए हाँ बोल दिया और परिवार में जैसे खुशियों की लहर दौड़ पड़ी। पूजा ने अपनी शादी में खास लाल रंग का दुल्हन का जोड़ा पहना। वहीं दूल्हे ने भी अपने साइज़ का कोट पैन्ट सिलवाया।

धूमधाम से हुई शादी

योगेंद्र और पूजा जब दूल्हा और दुल्हन बनकर स्टेज पर आए तो लोग उनकी प्यारी जोड़ी को देखते ही रह गए। उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की होड़ सी लग गई। हर कोई इस खास जोड़ी को अपने कैमरे में कैद करना चाहता था। इस शादी से दूल्हा और दुल्हन दोनों बड़े खुश हैं। उनके जीवन को अब एक नई दिशा और मकसद मिल गया है।

3 फुट के दूल्हा दुल्हन की ये शादी बड़े ही धूमधाम से की गई। अब इस शादी के चर्चे पूरे देश में हो रहे हैं। इनकी शादी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इनकी जोड़ी देख लोग भी बड़े खुश हो रहे हैं। उनका कहना है कि आखिर भगवान सबकी सुनता है। उन्हें यह जोड़ी बहुत ही प्यारी लग रही है।


वैसे आपको दूल्हा दुल्हन की ये जोड़ी कितनी पसंद आई? हमे कमेंट कर अपने विचार जरूर बताएं।

Related Articles

Back to top button