समाचार

बेटी की शादी में विलेन बनी मां, फेरों से पहले प्रेमी को लेकर भागी, गहने भी ले उड़ी

कहते हैं एक मां को अपने बच्चों से सबसे अधिक लगाव होता है। उनकी खुशियों की खातिर वह दुनिया से लड़ जाती है। खुद कष्ट झेल लेती है लेकिन बच्चों के चेहरे की मुस्कान नहीं जाने देती है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी कलयुगी मां से मिलाने जा रहे हैं जिसने अपनी खुशी की खातिर बच्चों की खुशियों में आग लगा दी। बेटी का घर बसने से पहले ही उसमें भूचाल ला दिया।

बेटी की शादी के पहले कांड कर गई कलयुगी मां

दरअसल उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में एक बड़ा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां अपनी बेटी की शादी के 10 दिन पहले ही प्रेमी संग फरार हो गई। इतना ही नहीं वह बेटी की शादी के लिए जमा किए सभी जेवरात भी ले उड़ी। ऐसे में परिजन अब पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। इस आस में कि शायद उन्हें गहने वापस मिल जाए और बेटी की शादी अच्छे से हो जाए।

अजब प्रेम की ये गजब कहानी हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली इलाके की है। यहां रानी (बदला हुआ नाम) अपने चार बच्चों (1 बेटा और तीन बेटी) संग रहती थी। उसके पति का एक साल पहले ही निधन हो गया था। 14 दिसंबर को रानी की बड़ी बेटी की शादी है। घर में शादी की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही थी। लेकिन तभी रानी ने कांड कर दिया।

प्रेमी संग जेवरात लेकर हुई फरार

36 वर्षीय रानी अपने प्रेमी राजा (बदला हुआ नाम) संग फरार हो गई। हैरत की बात ये थी कि वह बेटी की शादी में देने वाले सभी जेवरात भी समेटकर ले गई। रानी का संदिग्ध परिस्थिति में घर से भागना परिजनों को रास नहीं आया। उन्होंने उसके प्रेमी राजा का पता किया। मालूम चला कि वह भी घर पर नहीं है। फिर घर की तलाश ली तो जेवरात भी गायब मिले।

अब परिजन समझ गए कि रानी प्रेमी संग पैसे लेकर फरार हो गई। वह तुरंत नजदीकी थाने गए और रानी और राजा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। परिजनों ने बताया कि रानी और राजा एक ही कंपनी में काम करते थे। यहीं से दोनों का प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। रानी अपने प्रेमी संग 3 दिसंबर को फरार हुई। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

पुलिस को ये भी शक है कि राजा और रानी ने घर से भागने के बाद शादी कर ली होगी। फिलहाल वह उनकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। कोतवाल राजीव रौथान का कहना है कि दोनों जल्द से जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Related Articles

Back to top button