अनोखा घर: सोते महाराष्ट्र में हैं, उठकर चाय तेलांगना में पीते हैं, Photos देख चकरा जाएगा दिमाग

अपना घर सभी को प्यारा होता है। हम घर ऐसी जगह बनाते हैं जहां की जमीन से हमे प्यार हो। मतलब हमे जिस शहर और राज्य से सबसे अधिक लगाव रहता है, हम वहीं अपनी सारी जमा पूंजी निवेश करते हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसे अनोखे घर के दर्शन करवाने जा रहे हैं जिसका किचन तेलंगाना में तो बेडरूम महाराष्ट्र में है।
दो राज्यों में बसा है ये अनोखा घर
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक अनोखा घर बना हुआ है। इस घर का आधा हिस्सा लंगाना में तो आधा महाराष्ट्र में है। यह घर दोनों राज्यों की सीमाओं के बीच बना हुआ है। यह सुनने में बड़ा दिलचस्प है। सरकारी कागजों में भी इस घर की गिनती दोनों राज्यों में होती है। लेकिन मकान के मालिक को दोनों राज्यों का टैक्स भी भरना पड़ता है।
दो राज्यों में फैला यह अनोखा घर इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह घर चंद्रपुर जिले के महाराजगुड़ा गांव में स्थित है। इसमें टोटल 8 कमरे हैं। इसके 4 कमरे महाराष्ट्र में जबकि बाकी के 4 कमरे तेलंगाना में हैं। घर के मालिक का नाम उत्तम पवार है।
किचन तेलंगाना में, बेडरूम महाराष्ट्र में
उत्तम पवार बताते हैं कि वह भले दो राज्यों का टैक्स भरते हैं, लेकिन उन्हें इसमें कोई दिक्कत नहीं है। वह दोनों ही राज्यों का पर्याप्त लाभ भी ले रहे हैं। पवार के घर कुल 13 लोग रहते हैं। इनकी रसोई तेलंगाना में पड़ती है। वहीं बैठक रूम की बात करें तो ये महाराष्ट्र में मौजूद है। उनके भाई का कमरा तेलंगाना में आता है।
उत्तम पवार को अपने इस अनोखे घर के होना का पता साल 1969 में चला था। तब एक सीमा का सर्वेक्षण किया गया था। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि आपका आधा घर महाराष्ट्र में है और आधा तेलंगाना में है। यह सुनकर वह हैरान रह गए थे। लेकिन अब उन्हें इसकी आदत पड़ गई है। उनका अपने इस अनोखे घर को बेचने का कोई इरादा भी नहीं है। वह अपने परिवार के साथ यहां सुख और शांति से रह रहे हैं।
पहले भी चर्चा में रहे ऐसे घर
इसके पहले भारत और म्यामांर की सीमा पर बना अनोखा घर भी चर्चा में आया था। यह घर म्यांमार से लगी नागालैंड सीमा पर बसा लोंगवा गांव में स्थित है। यहां भी घर का आधा हिस्सा भारत में तो आधा म्यामांर में स्थित है। वहीं पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश से लगी सीमा पर भी कुछ घर ऐसे देखने को मिल जाते हैं जो दोनों देशों की सीमा को छूते हैं।