समाचार

बहुओं ने पेश की अनोखी मिसाल, 105 वर्षीय सास की अर्थी को दिया कंधा, वजह जान निकल पड़ेंगे आंसू

कहते हैं सास और बहू की आपस में कभी नहीं बन सकती है। इनके बीच अक्सर मनमुटाव रहता है। अधिकतर बहूएं अपनी सास की सेवा करने से भी कतराती हैं। लेकिन कुछ बहूएं इसकी अपवाद भी होती हैं। अब हरियाणा के सोनीपत का यह भावुक कर देने वाला मामला ही ले लीजिए। यहां चार बहुओं ने अपनी सास की अर्थी को कंधा दिया। मृतक सास की ये अंतिम इच्छा भी थी। वह बहुओं से इतना प्रेम करने लगी थी कि उन्हें ही अपने अंतिम संस्कार का अधिकार दिया।

बहुओं ने दिया सास की अर्थी को कंधा

आमतौर पर हिन्दू रीति रिवाजों में किसी शख्स की मृत्यु पर उसके बेटे या बेटी कंधा और मुखाग्नि देते हैं। लेकिन सोनीपत के बौद्ध विहार में जब 105 वर्षीय फूलपति का निधन हुआ तो उनकी बहुओं ने अर्थी को कंधा देकर समाज में नई मिसाल कायम की। फूलपति के पांच बेटे, तीन बेटियां, नौ पोते व नौ पोतियां हैं। वह बीते पाँच सालों से चारपाई पर थी। चलने फिरने में असमर्थ थी। लेकिन इस दौरान उनकी सभी बहुओं ने उनका खूब ख्याल रखा। दिल से सेवा की। उन्हें असहज महसूस नहीं होने दिया।

बहुओं की इस सेवा से फूलपति इतनी प्रभावित हुई कि उन्होंने अपने बेटे से कहा कि उसकी अंतिम इच्छा है कि बहूएं उसके अंतिम संस्कार की सभी रस्में अदा करें। बहुओं ने जब जीते जी मेरा इतना साथ दिया, मेरी इतनी सेवा की तो मरने के बाद भी मैं उनका ही साथ चाहती हूँ। फूलपति के बेटे ने भी अपनी मां की इस अंतिम इच्छा का सम्मान किया और घर की महिलाओं को अंतिम संस्कार का अधिकार देकर समाज में एक नई पहल शुरू की।

सास-बहू के प्रेम को देख भावुक हुए लोग

फूलपति मुरथल रोड स्थित बौद्ध बिहार कॉलोनी में रहती थी। उनके दो बेटे हरियाणा सरकार व दो बेटे केंद्र सरकार में अधिकारी रह चुके हैं। वहीं छोटा बेटा खेती का काम देखता है। उनका मझला बेटा हरियाणा रोडवेज में मुख्य निरीक्षण के पद से सेवानिवृत्त है। फूलपति का निधन 21, दिसंबर बुधवार को हुआ। उनका अंतिम संस्कार सेक्टर-15 श्मशान घाट पर किया गया।

इस अंतिम संस्कार में हरियाणा रोडवेज के स्टाफ सदस्य, सेवानिवृत्त जिला आबकारी एवं कराधान अधिकारी आरके पावरिया, सेवानिवृत्त जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार समेत कई बड़े लोग शामिल हुए। फिलहाल यह पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हर कोई बहू और सास के बीच का प्रेम देखकर हैरान है। सभी सास भगवान से यही प्रार्थना कर रही हैं कि उन्हें भी ऐसी ही बहूएं मिले।

Related Articles

Back to top button