गोवा में दिखा ‘संजीवनी बूटी’ वाला पहाड़, रात में दूर से जगमगाता दिखता है, देखें तस्वीरें

रामायण का संजीवनी बूटी वाला पहाड़ दो चीजों के लिए फेमस था। पहला जान बचाने वाली औषधि के लिए और दूसरा रात के अंधेरे में चमकने के लिए। गोवा (Goa) में भी ऐसा ही एक पहाड़ है जो रात में चमकता है। बस यहां जान बचाने वाली कोई संजीविनी बूटी नहीं है, बल्कि ढेर सारे मशरूम (Mushrooms) हैं जो रात के अंधेरे में चमकते हैं। यह पहाड़ गोवा के जंगलों में स्थित है। इसके ऊपर लगे मशरूम रात में हरे रंग के चमकते हैं। वहीं कुछ अपना रंग बैंगनी भी कर लेते हैं। ऐसे में इसे लोग सोशल मीडिया पर मॉडर्न जमाने की संजीवनी बूटी बोल रहे हैं।
इस मशरूम का नाम बायो-ल्यूमिनिसेंट है। यह गोवा के म्हाडेई वाइल्डलाइफ सेंचुरी (Mhadei Wildlife Sanctuary) में मिलता है। यहां के मशरूम संजीवनी बूटी वाले पहाड़ जैसे चमकते हैं, जिसके चलते इसे महावीर वाइल्डलाइफ सेंचुरी भी कहा जाता है।
पश्चिमी घाट पर स्थित इस सेंचुरी में मिलने वाले मशरूम के बारे में रिसर्चर्स को फिलहाल ज्यादा जानकारी नहीं है। वे इस पर रिसर्च कर रहे हैं। वैसे इतना जरूर पाता चल है कि रात के अंधेरे में जगमग करने वाले ये मशरूम माइसेना जीनस (Mycena Genus) प्रजाति के हैं।
दिन में इन पहाड़ों पर जाने पर ये आपको एक सामान्य मशरूम की तरह ही नजर आएंगे, लेकिन रात में इनका रंग हरा या बैंगनी हो जाता है। ये अपनी आबादी को बढ़ाने के लिए चमकते हैं। दरअसल इनकी चमक से कई कीड़े आकर्षित होते हैं जो इनके ऊपर आकार बैठते हैं। इसके बाद यह कीड़े इनके बीजों को जंगल में दूसरी जगह घूमते हुए फैला देते हैं। इस तरह ये नमी वाली जमीन या पेड़ की छाल जैसी जगह पर पनपने लगते हैं।
दुनियाभर में इस तरह रोशनी वाले मशरूम की प्रजाति करीब 50 है। वैसे यदि आप गोवा की इस प्रजाति को रात को चमकते हुए देखना चाहते हैं तो आपको बारिश के महीनों में ही जाना होगा। बाकी माह में यह नहीं दिखते हैं।
रात में जगमगाने वाले इस मशरूम की खोज सबसे पहले यहां रहने वाली एक स्थानीय महिला ने की थी। उसे अंधेरे में कुछ चमकता दिखाई दिया था। जब वो पास गई तो पाया कि ये तो मशरूम है। ऐसे में उसने इनकी तस्वीरें खींच ली और रिसर्चर्स को भेज दी।
यह मशरूम सिर्फ नमी में ही पनपते हैं। इन्हें ग्रो करने के लिए 21 से 27 डिग्री सेल्सियस तापमान की जरूरत होती है। ये जिस एरिया में अधिक होते हैं वह रात में हरा चमकता है।