समाचार

सासु मां पर आया जमाई राजा का दिल, ससुर को शराब पिलाकर किया टल्ली, फिर भगा ले गया सास

कहते हैं प्यार कभी भी, कहीं भी और किसी से भी हो सकता है। लेकिन कोई अपनी बीवी को छोड़कर सास को दिल कैसे दे सकता है? लेकिन राजस्थान के सिरोही जिले में ऐसा हुआ है। यहां एक दामाद अपने ससुर को नशे में धुत कर सास को ही भगाकर ले गया। अब बेचारा ससुर अपनी बीवी को वापस लाने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा है। तो चलिए सास दामाद की ये अनोखी प्रेम कहानी विस्तार से जानते हैं।

ससुर को शराब पिलाकर सास को भागा ले गया दामाद

यह पूरा मामला सिरोही जिले के रेवदर उपखंड के अनादरा थाना इलाके का है। यहां सियाकरा गांव में रमेश नाम का एक शख्स रहता है। उसके 3 बेटियां और 1 बेटा है। सबकी शादी हो चुकी है। उसने अपनी एक बेटी किसना का ब्याह मामावाली निवासी नारायण जोगी से किया था। इस शादी से दामाद बेटी के तीन बच्चे भी हुए। शादी के बाद दामाद बेटी का घर आना जाना लगा रहता था।

30 दिसंबर को दामाद अपने ससुराल आया था। यहां उसने अपने ससुर के साथ दारू पार्टी की। उसे इतनी शराब पिलाई कि वह नशे में धुत हो गया। फिर जब उसकी नींद खुली तो घर में दामाद और पत्नी गायब मिले। तलाश के दौरान उसे पता चला कि दामाद अपनी सास को बहलाफुसला कर साथ ले गया। वह साथ में अपनी एक बेटी को भी ले गया। दामाद 27 का तो सास 40 की बताई जा रही है।

पुलिस कर रही सास-दामाद की खोज

पत्नी और दामाद की भागने की खबर से रमेश के होश उड़ गए। वह अनादरा थाना दामाद के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने पहुंचा। यहां उसने पूरी कहानी पुलिस को बताई। उसने बताया कि कैसे दामाद ने चालाकी से उसे नशे में धुत कर सुला दिया और अपनी सास को लेकर नौ दो ग्यारह हो गया। हैरत की बात ये रही कि दामाद साथ में अपनी छोटी सी बच्ची को भी ले गया।

अनादरा थानाप्रभारी बलभद्र सिंह ने बताया कि हमे मामले की शिकायत मिली है। प्रारंभिक जांच में यही बात सामने आई कि दामाद ही अपनी सास को भगाकर ले गया। हम दोनों की तलाश कर रहे हैं। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द दोनों को खोज लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि जब ये पूरी घटना हुई तब रमेश की बेटी अपने ससुराल में ही थी। उसका दामाद अकेले ही पार्टी करने ससुराल आया था। लेकिन उसे क्या पता था कि वह अपनी सास को ही ले उड़ेगा। दोनों के लव अफेयर की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button