104 डिग्री बुखार में पूरी रात बस स्टैन्ड पर सोई थी ये एक्ट्रेस, अब अक्षय कुमार संग कर रही फिल्म

कहते हैं जब तक आप बड़े सपने देखेंगे नहीं तब तक वह पूरे नहीं होंगे। अब मध्य प्रदेश की बेटी खुशबू अत्रे को ही देख लीजिए। उनका अभिनेत्री बनने का स्ट्रगल सुनकर आपको यकीन हो जाएगा कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती है। लाइफ में अच्छे और बुरे दोनों पल आते हैं। लेकिन जरूरी ये है कि आप हार नहीं माने। खुशबू की लाइफ में भी एक ऐसा पल आया जब उन्हें सर्द मौसम में 104 डिग्री बुखार में बस स्टैंड पर रात गुजारनी पड़ी। लेकिन फिर जो हुआ वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था।
खुशबू मूल रूप से मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह शहर की रहने वाली हैं। उनके पिता प्रदीप अत्रे सिंचाई विभाग में इंजीनियर हैं। मां अर्चना अत्रे एक हाउस वाइफ हैं। खुशबू ने इंदौर में एक न्यूज चैनल में बतौर एंकर करियर की शुरुआत की थी। फिर 2012 में वह अपने सपने पूरे करने मुंबई आ गई। यहां उन्होंने डबिंग आर्टिस्ट, री-ट्रांसलेशन, जिंगल राइटिंग, थिएटर प्ले जैसे कई काम किए।
जब बस स्टैन्ड पर गुजारनी पड़ी रात
2013 में उनका मकान मालिक से झगड़ा हो गया। उन्होंने आधी रात को मकान छोड़ा। तब सर्दी का मौसम था। उन्हें 104 डिग्री बुखार भी था। उन्होंने बस स्टैन्ड पर रात गुजारी। लेकिन अपने सपनों को मरने नहीं दिया। फिर कुछ दोस्तों ने उनकी मदद की। इस बीच उन्हें एक विज्ञापन में काम मिला। धीरे-धीरे उनका करियर रफ्तार पकड़ने लगा।
खुशबू को इंडस्ट्री में असली पहचान एक्टर पंकज त्रिपाठी की वेब सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस’ से मिली। इसमें बिहार की बेटी रत्ना का रोल कर उन्होंने सभी का दिल जीत लिया। इस सीरीज के दो सीजन आ गए। छोटे शहर से आने की वजह से उन्हें इस रोल को करने में आसानी हुई। उन्होंने इसके लिए अपनी मां से प्रेरणा ली।
मिस करती है गांव की ये चीजें
खुशबू हाल ही में अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘कैप्सूल गिल’ की शूटिंग कर लंदन से लौटी हैं। फिलहाल वह अपने परिवार संग कुछ समय बीता रही हैं। मुंबई रहकर वह अपने गांव का नदी का किनारा, यहां की शांति और समोसे नमकीन, बिना मेकअप आम लड़की की तरह रहना मिस करती हैं। इंडस्ट्री में हो रहे सुसाइड केस पर खुशबू ने कहा कि मुंबई में आपके ऊपर अकेलापन हावी होता है। इसलिए वह रोज नियम से अपने माता-पिता से बात करती है। उन्हें अपनी हर एक्टिविटी के बारे में बताती है।
खुशबू का सपना है कि वह मुंबई में अपने मां बाप और भैया भाभी संग रहे। इसके लिए वह यहां अपने पैसों से एक घर खरीदना चाहती है। इसके साथ परिवार समेत पूरे विश्व का भ्रमण करना चाहती है। उनकी इच्छा निर्देशक के रूप में फरहान अख्तर के साथ काम करने की भी है।
अक्षय कुमार संग है आगामी फिल्म
काम की बात करें तो खुशबू अभी तक सावधान इंडिया, क्राइम पेट्रोल, धरती की गोद में (डीडी नेशनल) उड़ान, बालिका वधु जैसे टीवी शोज का हिस्सा रह चुकी हैं। फिल्मों में वह राजी, शमिताभ, अकीरा, वोडका डायरीज कर चुकी हैं। वेब सीरीज में हम उन्हें नेकेड, इलीगल, ‘क्रिमिनल जस्टिस: अधूरा सच’ में देख चुके हैं। उनके आगामी प्रोजेक्ट अक्षय कुमार की कैप्सूल गिल, अक्षय ओबरॉय के साथ “कोरी”, एक अनाम (वेब सीरीज) है।