समाचार

हाथरस: गैंगरेप की बात कहने के लिए मृतका के परिवार को दिया गया 50 लाख का ऑफर, पत्रकार पर केस दर्ज

हाथरस कांड को लेकर कई सारी साजिशें रची जा रही हैं और यूपी पुलिस ने 19 FIR भी दर्ज कर ली हैं। ये सभी FIR हाथरस कांड को लेकर प्रदेश का माहौल खराब करने से जुड़ी हुई हैं। पुलिस के अनुसार इस कांड के चलते हाथरस जिले में लोगों को दंगों के लिए भड़काने और उकसाने की साजिश रची जा रही हैं। ये साजिश राजनेताओं की ओर से रची जा रही है और इस मामले में 19 केस दर्ज किए जा चुके हैं।

गलत बयान के लिए दिया 50 लाख का लालच

हाथरस के चंदप्पा थाने में दर्ज हुई एक FIR के तहत कहा गया है कि पीड़िता के परिवार वालों को गलत बयान देने के लिए 50 लाख रुपए का लालच दिया गया था। एक पत्रकार ने पीड़िता के भाई से कहा था कि वो पिता को मीडिया में ये बयान देने को कहे कि उनपर यूपी सरकार दबाव बना रही है। एडीजी प्रशांत कुमार ने इस बात की इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश हो रही थी। इस मामले में एक राजनेता और एक पत्रकार के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज हुआ है। अज्ञात के रूप में इन दोनों के नाम FIR में दर्ज हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस की और से दर्ज की गई 19 एफआईआर में देशद्रोह, अंतरराष्ट्रीय साजिश  और धार्मिक नफरत फैलाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। वहीं ‘भीम आर्मी’ के मुखिया चंद्रशेखर आजाद उर्फ़ ‘रावण’ समेत 680 लोगों के खिलाफ धारा-144 के तहत केस दर्ज हुआ है।

दंगे भड़काने की हो रही है साजिश

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल एक बयान देते हुए कहा था कि उनकी सरकार के ख‍िलाफ साजिश हो रही है और जातीय और धार्मिक दंगे भड़काने की कोश‍िश की जा रही है। सीएम योगी ने कहा था कि वो लोग देश और राज्य में जातीय और सांप्रदायिक दंगे भड़काना चाहते हैं और विकास रोकना चाहते हैं।

सोशल मीडिया के जरिए खराब कर रहे हैं माहौल

उत्तर प्रदेश का माहौल खराब करने के लिए सोशल मीडिया का खूब सहारा लिया जा रहा है। सोशल मीडिया में काफी सारी फोटो और वीडियो पोस्ट करके लोगों को भड़काया जा रहा है। इस मामले में यूपी पुलिस ने एक राजनीतिक दल के प्रतिनिधिमंडल के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की है। पुलिस ने राजनीतिक दल के प्रतिनिधिमंडल पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मृतका के परिजनों का प्रोपेगेंडा आधारित वीडियो व ऑडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया है। इनपर धारा- 147, 148, 323, 504, 332, 353, 427, 188 और सीएलए अधिनियम 7 के तहत आरोप लगाए गए हैं।

गौरतलब है कि हाथरस में गैंगरेप के बाद से उत्तर प्रदेश में माहौल काफी खराब बना हुआ है। कई सारे राजनीतिक दल हाथरस जाकर पीड़िता के परिवार वालों से मुलाकात कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने पीड़िता के परिवार वालों से मुलाकात करते हुए उन्हें एक चेक भी सौंपा था और न्याय की मांग की थी। वहीं कल आप पार्टी का प्रतिनिधिमंडल भी हाथरस पीड़िता के परिवार वालों से मिलने के लिए गया था।

Related Articles

Back to top button