समाचार

पासवान की मौत की खबर सुनते ही पहली पत्नी का रो-रोकर हुआ बुरा हाल, 1981 में हो चुका है तलाक..

एलजेपी के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान अब इस दुनिया में नहीं रहे। गुरुवार रात दिल्ली के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। वो पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे, पासवान के निधन की सूचना मिलते ही उनकी पहली पत्नी राजकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। राजकुमारी देवी के परिवार वाले और स्थानीय लोग उन्हें संभालने में लगे हुए हैं। बता दे कि खगड़िया में जन्मे रामविलास पासवान ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी केवल 14 साल की उम्र में राजकुमारी देवी से हुई थी। 1981 में उन्होंने राजकुमारी देवी को तलाक दे दिया और 1983 में एयर होस्टेस रही रीना शर्मा से शादी की।

पति का पार्थिव शरीर देखकर हो गई बेहोश

राजकुमारी देवी खगड़िया के शहरबन्नी गांव में ही रहती हैं। बताया जा रहा कि राजकुमारी देवी भी काफी समय से बीमार चल रही हैं। जब से उन्हें पासवान के निधन की जानकारी मिली है वे लगातार गमगीन हैं। उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। उन्होंने जब आज सुबह पासवान का पार्थिव शरीर देखा तो वह बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद महिलाओं ने उन्हें संभालने और होश में लाने की कोशिश की। लेकिन थोड़ी देर के लिए होश मे आने पर वह रोने लगती और फिर बेहोश हो जाती।

भले ही रामविलास ने उन्हें तलाक दे दिया था लेकिन राजकुमारी देवी ने हमेशा उनकी सलामती की दुआ की। आखिरी समय तक राजकुमारी देवी उनकी परवाह करती थी। तलाक के बावजूद राजकुमारी देवी ने अपने पति का घर नहीं छोड़ा था। रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर के दर्शन करने उनके साथ आई महिला और स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने बताया है कि यह खबर सुनते ही वह बेसुध हो गई थी। रात भर से उन्होंने पानी तक नहीं पिया।

खगड़िया से शुक्रवार को पटना पहुंची राजकुमारी देवी

राजकुमारी देवी अपने पति के पार्थिव शरीर को देखने के लिए 180 किलोमीटर की दूरी तय करके गांव से पटना आई है। गुरुवार देर रात रामविलास पासवान की मौत की खबर सुनने के बाद वे शुक्रवार को पटना स्थित अपनी बेटी आशा के घर पहुंची। जहां से आज सुबह वे एसके पुरी आई। जब उनकी स्कॉर्पियो पहुंची तब घर के बाहर परिजनों और कार्यकर्ताओं की भीड़ मौजूद थी। राजकुमारी देवी की हालत देख कर सबकी आंखों में आंसू आ गए।

हालांकि उन्हें बाहर लेने के लिए परिवार का कोई सदस्य नहीं आया। आपको बता दें कि पिछले संसद के चुनाव के दौरान जब पत्रकारों ने राजकुमारी देवी से पासवान के स्वास्थ्य के बारे में बात की थी तब उन्होंने कहा था कि वे बहुत मेहनती हैं और इसी वजह से उनका स्वास्थ्य आजकल ठीक नहीं रहता हैं।

आखरी कुछ सालों में बेटियों से चल रहा था विवाद

रामविलास पासवान और राजकुमारी देवी की दो बेटियां हैं। हालांकि पिछले कुछ सालों से पासवान के अपनी दोनों बेटियों और दामाद के साथ अच्छे संबंध नहीं थे। दोनों बेटियों ने अपने पिता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उनकी बड़ी बेटी आशा ने तो अपने पिता पर आरोप लगाया था कि उनकी मां देहाती और अनपढ़ है इसीलिए उन्होंने उन्हें छोड़कर दूसरी शादी कर ली। साथ ही राजनीतिक विरासत और अपनी दौलत भी दूसरी बीवी की संतानों को देने का आरोप लगाया।

Related Articles

Back to top button