दुल्हन लेने के लिए रिक्शे पर सवार होकर यूपी पहुंचा नेपाली दूल्हा, अनोखे तरह से किया निकाह

कोरोना वायरस के कारण इस साल काफी सारी शादियां टल गई हैं। कोरोना वायरस के चलते ही इंडो-नेपाल सीमा (Indo-Nepal Border) को भी बंद कर दिया गया है। जिसके कारण एक दुल्हन और दूल्हे को अनोखे तरह से शादी करनी पड़ी। दरअसल दूल्हा नेपाल देश का रहने वाला है और दुल्हन उत्तर प्रदेश के बहराइच की है। ऐसे में निकाह करने के लिए दूल्हे को नेपाल से बहराइच आना पड़ा।
रिक्शे में सवार होकर पहुंचा भारत
भारत आने के लिए नेपाली दूल्हे ने अनोखा तरीका खोजा और ये रिक्शे पर सवार होकर भारत पहुंचा। बताया जा रहा है कि नेपाल का रहने वाला रफीक दूल्हा बनकर यूपी के रुपईडीहा आया। रफीक अकेले ही रिक्शे पर नेपाल से रुपईडीहा पहुंचा और उसने बिना बारात के निकाह किया।
बीते शनिवार को रफीक ने निकाह किया और इस दौरान उसका कोई भी रिश्तेदार मौजूद नहीं था। वहीं सोशल मीडिया पर रफीक की तस्वीर काफी वायरल हो रही हैं। जिसमें ये दूल्हा बना हुआ नजर आ रहा और रिक्शे में सवार होकर शादी करने जा रहा है।
निकाह करने के बाद रफीक अपनी दुल्हन को लेकर वापस नेपाल के लिए रवाना हो गया और बॉर्डर सिक्योरिटी फ़ोर्स (BSF) ने दोनों को बॉर्डर भी पार करा दिया। गौरतलब है कि बॉर्डर बंद होने की वजह से दोनों देश में रहने वाले लोगों को आने-जाने में खासा परेशानी हो रही है। कोरोना के चलते बस सेवा को भी बंद कर दिया गया है।
रफीक ने बताया कि कोरोना के बाद से ही भारत-नेपाल सीमा सील है और उसके पास भारत आने का कोई भी साधन नहीं है। कई दिनों से वो साधन की तलाश कर रहा था। लेकिन कोई भी जुगाड़ नहीं हो सका। रफीक नहीं चाहता था कि उसका निकाह टाले। इसलिए रफीक ने सोचा कि क्यों ना वो रिक्शा लेकर भारत चले जाए। रफीक ने निकाह के बाद कहा कि खुश हूं कि निकाह हो गया और अब मैं रिक्शे से ही अपनी दुल्हन को वापस नेपाल लेकर जा रहा हूं।