बुरे फंसे रेमो डिसूजा व उनकी पत्नी, पुलिस ने कोर्ट में दायर की धोखाधड़ी मामले में चार्जशीट

मशहूर कोरियोग्राफर व फिल्म डायरेक्टर रेमो डिसूजा के खिलाफ एक आरोप पत्र अदालत में दायर किया गया है। जिसमें इनपर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। इस आरोप पत्र में इनकी पत्नी लिजेल डिसूजा को भी आरोपी बनाया है। रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा के खिलाफ सतेंद्र त्यागी ने केस दायर किया था। जिसके बाद अब पुलिस ने इनके खिलाफ कोर्ट में धोखाधड़ी मामले में चार्जशीट दायर की है।
सिहानी गेट थाना पुलिस ने गाजियाबाद की अदालत में ये आरोप पत्र पेश किया है। जिसमें रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा पर फिल्म में कमाई कराने के बहाने करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप है। सतेंद्र त्यागी के वकील मोहनीश जयंत के अनुसार रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा ने सतेंद्र त्यागी को लालच दिया था कि उनके पैसे वो दोगुने कर देंगे। सतेंद्र त्यागी इनका दोस्त था और कई बार रेमो के घर भी गया था। रेमो ने सतेंद्र त्यागी को फिल्म उद्योग में पैसा लगाकर मोटी कमाई कराने का भरोसा दिया था।
रेमो ने ‘अमर मस्ट डाई’ नाम की फिल्म बनाई थी और इस फिल्म पर सतेंद्र से रेमो ने पांच करोड़ लगवा दिए थे। रेमो ने सतेंद्र को कहा था कि उसके पैसे दोगुने हो जाएगा और वो एक साल में पैसे वापस कर देंगे। लेकिन रेमो ने पैसे नहीं दिए। कई सालों तक इतंजार करने के बाद सतेंद्र ने साल 2016 में रेमो और उनकी पत्नी पर मुकदमा कर दिया।
सतेंद्र के अनुसार रेमो के कहने पर ही उन्होंने साल 2013 में करीब पांच करोड़ रुपये फिल्मों में लगाए थे। लेकिन बाद में रेमो ने ये रुपये उन्हें देने से इनकार कर दिया। जिसके कारण उन्होंने साल 2016 में रेमो और उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज करना पड़ा। सत्येंद का कहना है कि जब उन्होंने रेमो से पैसे मांगें तो उन्हें 13 दिसंबर, 2016 को एक फोन आया और अंजान शख्स ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी।
वारंट हो चुका है जारी
इस मामले में अदालत की ओर से बार-बार समन भेेेजे जाने के बावजूद रेमो डिसूजा अपना पक्ष रखने के लिए कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे। जिसके चलते अदालत ने रेमो के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था और उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए। हालांकि तब रेमो डिसूजा ने इलाहाबाद हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी। इसके बाद अदालत ने रेमो के देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। वहीं अब सिहानी गेट पुलिस ने रेमो डिसूजा और लिजेल डिसूजा के खिलाफ अदालत में चार्जशीट पेश कर दी है। हालांकि अदालत ने अभी चार्जशीट पर कोई संज्ञान नहीं लिया है।