अजब ग़जब

करवा चौथ पर पति ने नहीं दिलवाई मैचिंग चूड़ी, पत्नी ने थाने जाकर पुलिस में कर दी शिकायत

उत्तर प्रदेश से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। जहां पर एक पत्नी ने अपने पति के खिलाफ थाने में इसलिए शिकायत दर्ज करवा दी। क्योंकि उसके पति ने उसे चूड़ी नहीं दिलाई। दरअसल इस समय महिलाएं करवा चौथ की तैयारियों में लगी हुई हैं और यूपी के चंदौली जिले की एक महिला भी करवा चौथ की तैयारी कर रही थी। इस महिला ने अपने लिए नए कपड़े भी खरीदे थे। ये महिला चाहती थी कि वो अपने कपड़ों के संग मैचिंग चूड़ी पहनें। लेकिन उसके पति ने मैचिंग चूड़ी खरीदने से मना कर दिया। जिसके बाद महिला ने थाने में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।

महिला ने शिकायत दर्ज करवाते हुए पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की। वहीं महिला की शिकायत सुन पुलिस सन्न रह गई है। पुलिस के अनुसार मिशन शक्ति के तहत ऐसे कई सारे मामले सामने आए हैं। जहां पर महिलाएं अपने पति की शिकायत कर रही है। ये मामला समोवार का है।

मंझवार रेलवे स्टेशन के समीप कालोनी में रहने वाली महिला अपने पति के व्यवहार से नाराज थी। जिसके बाद ये थाने पहुंच गई। उसने आरोप लगाया कि करवा चौथ के लिए पति ने मैचिंग की चूड़ी और मेकअप का सामान नहीं दिलाया। इसलिए वो केस दर्ज करना चाहती है। महिला की ये बात सुनकर तो पहले पुलिस हैरान रहे गई। उसके बाद पुलिस ने किसी तरह से इस महिला को समझाया।

गैस चूल्हे को लेकर की शिकायत

एक मामला गैस चूल्हे को लेकर भी आया है। पुलिस के अनुसार एक महिला ने अपने पति की शिकायत पुलिस से की है। इस महिला का आरोप है कि उसका पति उसे गैस पर खाना नहीं बनाने देते हैं। महिला के अनुसार उसका पति उसे गैस चूल्हे के बजाय मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने पर मजबूर करता है। पति की इस डिमांड से तंग आकर महिला ने पुलिस में शिकायत कर दी। महिला के अनुसार पति का रवैया ठीक नहीं है और घर में गैस सिलिंडर भी है। लेकिन पति उसका इस्तेमाल नहीं करने देता है।

हेल्प डेस्क पर तैनात कांस्टेबल सुनिधि सिंह, कुसुम व मानसी सिंह ने इन दोनों मामलों की जानकारी दी और बताया कि दोनों महिलाओं को समझा बुझाकर वापस भेज दिया गया है। इन महिलाओं के पति को भी समझाया गया है कि वो अच्छे से अपनी गृहस्थी को चलाएं। महिला पुलिस कर्मियों के अनुसार ये मामले मिशन शक्ति के तहत आ रहे हैं।  ज्यादातर परिवारिक विवाद और जमीन संबंधित मामले हैं।

पुलिस के अनुसार सदर कोतवाली के महिला हेल्प डेस्क पर अब तक ऐसे 13 मामले आए हैं। इसमें ज्यादातर मामलों को पुलिस निस्तारण भी कर चुकी है। हालांकि इन सभी मामलों को कंप्यूटर में दर्ज किया जा रहा है और डाटा बेस तैयार करके उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है।

गौरतलब है कि इन दिनों यूपी में मिशन शक्ति शुरू किया गया है। जिसके तहत महिलाओं की मदद की जा रही है। हालांकि कई सारी महिलाएं छोटे-छोटे विवाद लेकर पुलिस थाने पहुंच जा रही है।

Related Articles

Back to top button