समाचार

बेहद ही शौकीन हैं कांग्रेस के कंप्यूटर बाबा, आश्रम में पुलिस को मिली बंदूक से लेकर यह चीज़ें

कम्प्यूटर बाबा के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है और कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने सोमवार को इंदौर आकर बाबा से जेल में मुलाकात की है। बाबा इस समय जेल में हैं और इन्हें बैरक नंबर 5 में रखा गया है। जहां पर ये ध्यान की मुद्रा में बैठे हैं। वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश प्रशासन इनके खिलाफ कार्रवाई करने में लगा हुआ है और बाबा द्वारा किए गए अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है।

क्या है पूरा मामला

कम्प्यूटर बाबा मध्य प्रदेश के जाने माने बाबा हैं। ये कांग्रेस के काफी करीबी भी माने जाते हैं। जब मध्य प्रदेश में कमलमाथ सरकार थी तो इन्हें नर्मदा, क्षिप्रा और मन्दाकिनी नदियों के संरक्षण के लिए गठित न्यास का अध्यक्ष बनाया गया था। इनका असल नाम रामदेव दास त्यागी है। इंदौर के जम्बूड़ी हप्सी गांव में सरकारी जमीन पर इन्होंने आश्रम बनाया था। जिसे रविवार सुबह ढहा दिया गया है।

इस दौरान विरोध करने पर पुलिस ने बाबा सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया था और ये सभी जेल में हैं। वहीं अब प्रशासन को बाबा की ओर भी अवैध जमीन के बारे में पता चला है। जिसपर कार्रवाही की जानी है।

अहिल्यापुरी एक्सटेंशन में और सुपर कॉरिडोर पर करीब साढ़े तीन हजार वर्गफीट एरिया में भी बाबा के कब्जे वाली जमीन विभाग को मिली है और इन सभी जगहों पर भी अब जल्द कब्जे हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ में ही प्रशासन को बाबा के कई बैंक अकाउंट के बारे में भी पता चला है। प्रशासन को शक है कि इन खातों में असामान्य तरीके से पैसा जमा किए गए हैं। इसलिए प्रशासन बाबा की जमीनों के साथ ही उनके खातों की भी जांच शुरू करने वाला है।

वहीं इस पूरे मामले पर कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह की प्रतिक्रिया आई है और इन्होंने ट्वीट कर कहा है कि इंदौर में बदले की भावना से कम्प्यूटर बाबा का आश्रम व मंदिर बिना नोटिस दिए तोड़ा जा रहा है। ये राजनीतिक प्रतिशोध की चरम सीमा है। हालांकि कलेक्टर मनीष सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया है। मनीष सिंह के अनुसार नोटिस देने टीम गई थी। लेकिन किसी ने नहीं लिया था।

बीजेपी सांसद शंकर लालवानी ने इस पूरे मामले में कहा कि कम्प्यूटर बाबा को धर्म की पताका फहराना चाहिए थी। लेकिन वो राजनीति का वायरस फैला रहे थे। उनमें राजनीति का वायरस घुस गया था।

आश्रम से मिले महंगे सामान

रविवार को बाबा के आश्रम को तोड़ा गया है। वहीं आश्रम से प्रशासन को काफी महंगी वस्तुएं मिली हैं। प्रशासन के अनुसार बाबा के आश्रम से बंदूक, बुलेट, महंगी क्रीम, परफ्यूम जैसे सामान मिला हैं।

Related Articles

Back to top button