दिवाली या धनतेरस पर खरीदें ये 10 में से कोई भी चीजें, दुर्भाग्य जल्द सौभाग्य में बदल जाएगा

धनतेरस और दिवाली यह दोनों ही पर्व मां लक्ष्मी के लिए बेहद खास होते हैं। इस दिन सभी भक्त उन्हें प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं। मान्यता है कि धनतेरस या दिवाली पर कुछ खास चीजों को खरीदकर घर लाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती है। उनकी कृपा से घर में धन की कोई कमी नहीं होती है। इसलिए घर की सुख शांति और समृद्धि के लिए धनतेरस और दिवाली पर इन चीजों को जरूर खरीदना चाहिए।
लक्ष्मीजी के चरण चिह्न: धनतेरस या दिवाली पर मां लक्ष्मी के चरण चिह्न लाना बेहद शुभ माना जाता है। इससे मां लक्ष्मी आपके घर जल्दी प्रवेश करती हैं। इस दिन चांदी के बने लक्ष्मी चरण चिह्न लाना चाहिए। लेकिन आप इसमें असमर्थ हो तो किसी अन्य धातु या कागज के बने लक्ष्मीजी के चरण चिह्न भी ला सकते हैं।
श्रीयंत्र: धनतेरस या दीपावली पर श्रीयंत्र खरीद उसे घर के मंदिर में स्थापित करना चाहिए। श्रीयंत्र को मां लक्ष्मी का प्रतीक कहा जाता है। इसलिए इस दिन इसे घर लाना मां लक्ष्मी को घर लाने समान होता है।
कुबेर देव: धनतेरस या दीपावली पर भगवान कुबेर की मूर्ति लाना शुभ होता है। कुबेर देव धन के देवता माने जाते हैं। वे देवताओं के कोषाध्यक्ष भी हैं। इन्हें घर में रखने से धन लाभ होता है।
दक्षिणावर्ती शंख: दिवाली पर मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इस पूजा का पूर्ण फल प्राप्त करने के लिए उनके समीप दक्षिणावर्ती शंख रखना चाहिए।
मोती शंख: दिवाली या धनतेरस पर घर की तिजोरी में मोती शंख रखना शुभ होता है। यह एक दुर्लभ प्रजाति का शंख होता है जिसे तिजोरी में रखने से पैसों की आवक बढ़ने लगती है।
पारद लक्ष्मी प्रतिमा: दिवाली पर लक्ष्मी पूजन करते समय पारे से बनी लक्ष्मी प्रतिमा का इस्तेमाल करना बेहद शुभ माना जाता है।
कौड़ी: लक्ष्मी पूजा में पीली कौड़ियां रखने की प्राचीन परंपरा है। दरअसल लक्ष्मीजी समुद्र से प्रकट हुई थी और कौड़ी भी समुद्र में मिलती है। इसलिए इसका भी अलग महत्व है।
कमल गट्टा: दिवाली और धनतेरस पर कमल गट्टा से बनी माला से लक्ष्मी मंत्र का जाप किया जाता है। इसलिए इसे भी लक्ष्मी पूजन में शामिल किया जाना चाहिए।
लघु नारियल: यह नारियल सामान्य नारियल से आकार में थोड़ा छोटा होता है। इसलिए इस नारियल या श्रीफल को भी दिवाली पर लक्ष्मी पूजन में रखना चाहिए।
देवी लक्ष्मी की तस्वीर: धनतेरस और दिवाली पर मां लक्ष्मी की ऐसी तस्वीर जरूर खरीदना चाहिए जिसमें वे विष्णुजी के चरणों में बैठी हैं।