विकास दुबे की पत्नी रिचा पर जल्द होगा केस दर्ज, एसआईटी ने इस मामले में पाया आरोपी

बिकरू कांड की जांच एसआईटी को सौंपी गई है और एसआईटी के हाथ कुछ ऐसे सबूत लगे हैं। जिससे की विकास दुबे की पत्नी समेत उसके रिश्तेदारों व परिचित लोग मुश्किल में फंस सकते हैं। एसआईटी ने अपनी जांच में पाया है कि विकास दुबे की पत्नी रिचा ने फर्जी दस्तावेज लगाकर सिम हासिल किया था। रिचा के अलावा विकास दुबे के रिश्तेदार व परिचित मोनू, अरविंद त्रिवेदी, राजू वाजपेयी, विष्णु पाल, दीपक, शिव तिवारी, शांति देवी, खुशी, रेखा ने भी फर्जी आईडी पर सिम ले रखे थे।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब इनके मोबाइल नंबरों का ब्योरा निकाला, तब पता चला की इन सभी ने फर्जी आईडी से फोन नबंर लिए हुए थे। अब इन सभी के खिलाफ अपर मुख्य सचिव और एसआईटी अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने पुलिस को इन सभी पर केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
फर्जी आईजी से बनवाया पासपोर्ट
जांच में पाया गया कि विकास के करीबी जय बाजपेई ने फर्जी दस्तावेजों की मदद से पासपोर्ट बनाया था। जय बाजपेई ने आपराधिक इतिहास छिपाने के लिए फर्जी वोटर आईडी कार्ड पर पासपोर्ट बनवाया था और अपना पता भी दूसरा डाला था।
कौन है विकास दुबे
विकास दुबे बिकरू कांड का मुख्य आरोपी था। जिसे यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। गौरतलब है कि विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर 8 पुलिसवालों को मार दिया था। विकास दुबे ने पुलिस वालों पर ये हमला उस वक्त किया था जब पुलिस कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे के घर दबिश देने पहुंची थी। पुलिसवालों को मारने के बाद विकास दुबे फरार हो गया था। हालांकि कुछ दिनों बाद इसे पकड़ लिया गया था और इसका एनकाउंटर कर दिया गया।
वहीं विकास दुबे का एनकाउंटर करने के बाद पुलिस इसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और इसके रिश्तेदारों व दोस्तों से पूछताछ कर रही है।