बॉलीवुड

बचपन में तो खूब चमके, लेकिन बड़े होते ही गुमनामी में खो गए ये सुपर स्टार बच्चे

ऐसे कई बाल कलाकार हैं, जिन्होंने बचपन में ही अपने अभिनय से हर किसी को अपना दीवाना बना लिया था। बाल कलाकार के रूप में ही इन्होंने काफी लोकप्रियता बटोर ली थी। इन्हें देखकर लोग यह भी कहने लगे थे कि आने वाले वक्त में बॉलीवुड में यही राज करेंगे।

हालांकि, जैसे-जैसे वक्त बीतता गया, बड़े होने के साथ यह बाल कलाकार धीरे-धीरे कहीं गुम होते भी चले गए। यह बात जरूर है कि बहुत से लोगों को अब इन कलाकारों के नाम याद नहीं होंगे, लेकिन इनकी फोटो देखकर तो कम-से-कम इनकी पहचान आपको जरूर हो जाएगी।

अमितेश कोचर

शक्तिमान 90 के दशक में बच्चों के बीच बहुत लोकप्रिय हुआ था। उसी दौरान एक और बच्चों वाला सीरियल जूनियर जी भी बच्चों को खूब लुभा रहा था। दोनों के बीच टक्कर जबरदस्त थी। जूनियर जी नामक इस सुपरहीरो का किरदार अमितेश कोचर ने निभाया था। इसके जरिये वे मशहूर तो बहुत हो गए थे, लेकिन इसके बाद वे एकदम गायब ही हो गए। यूट्यूब पर आजकल वे ब्लॉग बनाते हुए दिख जाते हैं।

आयशा कपूर

संजय लीला भंसाली की 2005 में आई फिल्म ब्लैक, जिसमें अमिताभ बच्चन दिखे थे, इसी फिल्म में मिशेल नामक बच्ची का भी एक महत्वपूर्ण किरदार था। इसे आयशा कपूर ने ही निभाया था। इसके लिए इनकी बड़ी तारीफ हुई थी। यहां तक कि बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवार्ड तक उन्हें मिल गया था।

अंतिम बार साल 2009 में उन्हें सिकंदर नामक मूवी में देखा गया था। फिर तो आयशा कहीं नजर ही नहीं आईं। आजकल वे एक अभिनेत्री तो जरूर हैं, मगर एक हेल्थ एक्सपर्ट के तौर पर भी वे काम कर रही हैं।

दर्शील सफारी

साल 2007 में आमिर खान की फ़िल्म तारे जमीन पर से इन्होंने बाल कलाकार के रूप में अपना करियर शुरू किया था। फिर ये पढ़ाई पूरी करने में लग गए। इसके बाद इन्होंने थियेटर शुरू किया। प्ले कैन आई हेल्प यू में वे 2015-16 के दौरान शामिल हुए थे। दर्शील की उम्र 23 पार कर चुकी है और वे किसी प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे हैं।

आदित्य कपाड़िया

शाका लाका बूम बूम में इन्होंने झुमरू की भूमिका निभाई थी। आदित्य कपाड़िया ने न केवल धारावाहिकों में काम किया था, बल्कि उन्हें कई फिल्मों में भी काम करने का मौका मिला था। उन्हें बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के साथ फिल्म जानवर में अभिनय करते हुए देखा गया था।

हालांकि, स्क्रीन से धीरे-धीरे आदित्य कपाड़िया ओझल होने लगे। आदित्य इस वक्त 33 साल के हैं और उन्हें अंतिम बार कलर्स टीवी पर प्रसारित हुए एक सीरियल में देखा गया था। आजकल वे केवल सोशल मीडिया में ही ज्यादा सक्रिय दिखते हैं।

परजान दस्तूर

फिल्म कुछ कुछ होता है में तारे गिनने वाला एक छोटा सा सरदार बच्चा भी था। इसी किरदार को परजान दस्तूर ने निभाया था। अंतिम बार 2010 में आई फिल्म ब्रेक के बाद में उन्हें काम करते हुए देखा गया था। फिर एक शॉर्ट फिल्म में भी उन्हें 2017 में देखा गया, लेकिन वे ज्यादा नहीं दिखे हैं। अब तो उनकी शादी भी होने वाली है।

तन्वी हेगड़े

तन्वी ने तो सिर्फ 3 साल की उम्र में ही अभिनय करना शुरू कर दिया था। सोनपरी में इन्होंने फ्रूटी की भूमिका निभाई थी। शाका लाका बूम बूम में भी इन्होंने काम किया था। इसके बाद कई फिल्मों में भी तन्वी को काम करने का अवसर मिला। पिता नामक मूवी में संजय दत्त के साथ उन्होंने जबरदस्त काम किया था। फिर भी उसके बाद से वे छोटे और बड़े पर्दे से पूरी तरह से गायब ही दिख रही हैं।

पढ़ें इस कारण भारत में तीसरे बच्चे का जन्म नहीं चाहते करणवीर बोहरा, गर्भवती पत्नी को भेजा विदेश

Related Articles

Back to top button