समाचार

कांग्रेस ने उठाया ऐतिहासिक कदम, ऑनलाइन वोटिंग के जरिए होगा पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी जल्द ही पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव करने जा रही है और ये चुनाव ऑनलाइन वोटिंग के जरिए किया जाएगा। इस चुनाव के लिए केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण ने करीब 1500 कांग्रेसियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और कांग्रेस की सभी इकाइयों से प्रतिनिधियों की तस्वीरें भेजने के लिए कहा है।

ये पहला ऐसा मौका होगा जब कांग्रेस अपने नए पार्टी अध्यक्ष का चुनाव ऑनलाइन वोटिंग से करने वाली है। वहीं नए अध्यक्ष के चुनाव में जो नेता जीतेगा उसका कार्यकाल दो साल का होगा। यानी अगला पार्टी अध्यक्ष साल 2022 में चुनाव जाएगा।

इस वजह से की जा रही है ऑनलाइन वोटिंग

कोरोना वायरस के कारण कांग्रेस पार्टी ने अपने नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए ऑनलाइन वोटिंग का फैसला किया है। ऑनलाइन वोटिंग की मदद से कांग्रेस के नेता अपने दफ्तर व घरों से ही अपना वोट डाल सकेंगे और पार्टी का नया अध्यक्ष चुन सकेंगे।

अध्यक्ष चुनाव को लेकर कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि हम पूरी तैयारी कर रहे हैं और किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं। दो राज्यों को छोड़कर हमें देश के अन्य हिस्सों से प्रतिनिधियों की सूची मिल चुकी है। जब निर्वाचक मंडल की तैयारियां पूरी हो जाएंगी तो पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष को सूचना दे दी जाएगी।

कांग्रेस में नए पार्टी अध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी को फिर से चुना जा सकता है। इस समय पार्टी के कार्य को सोनिया गांधी देख रही हैं। दरअसल राहुल गांधी साल 2017 में पार्टी के अध्यक्ष बने थे। लेकिन लोकसभा चुनाव 2019 में करारी हार के बाद राहुल गांधी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद सोनिया गांधी को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया था।

वहीं सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस प्रतिनिधियों की सूची में वही नाम शामिल हैं, जो साल 2017 में राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाते वक्त थे। हालांकि अभी तक ये सूची पूरी तरह से बनकर तैयार नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button