धार्मिक

कार्तिक पूर्णिमा के दिन इन उपायों से खुल जाएगी आपकी किस्मत, दूर होगी दरिद्रता

कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को कार्तिक पूर्णिमा या देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है। यह हिंदू धर्म का एक बड़ा पर्व माना जाता है। इस दिन नदियों में दीपदान करने का विशेष महत्व है। बता दें कि इस साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन उपछाया चंद्रग्रहण और महायोग सर्वार्थ सिद्धि योग भी पड़ रहा है। ऐसे में कार्तिक पूर्णिमा का महत्व और भी बढ़ जाता है।

धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा सबसे पवित्र और शुभ दिन होता है, इसलिए इस दिन का अधिक महत्व होता है। ज्योतिष शास्त्र में इस दिन का लाभ उठाने के लिए कुछ उपाय बताए गए हैं। अगर इन उपायों को कार्तिक पूर्णिमा के दिन अपनाया जाए तो जीवन में सुख शांति और समृद्धि आती है। आइये जानते हैं, आखिर क्या हैं वो उपाय…

अगर अपनाएंगे ये उपाय तो नहीं होगी धन धान्य की कमी

मां लक्ष्मी

कार्तिक पूर्णिमा के दिन सुबह उठकर नित्यकर्म और स्नान के पश्चात घर में लक्ष्मी स्त्रोत का पाठ करें और दीपदान सुबह नहीं बल्कि सायंकाल में करें। माना जाता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा बरसती है और घर में कभी धन धान्य की कमी नहीं होती। अगर सक्षम हैं तो लक्ष्मी स्त्रोत का पाठ रोजाना करना चाहिए, इससे घर में मौजूद नकारात्मक उर्जाएं खत्म होती हैं।

सुख-समृद्धि पाना है तो करें ये कार्य

तुलसी

धार्मिक कथाओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन तुलसी बैकुंठ धाम पहुंची थीं। इसलिए इस दिन सुबह-शाम तुलसी पूजन अवश्य करना चाहिए। तुलसी पूजन के समय तुलसी चालीसा का पाठ अवश्य करें। अगर ऐसा करते हैं तो घर में सुख समृद्धि का वास होता है और समाज में मान सम्मान में वृद्धि भी होती है। वैसे तो तुलसी पूजन हर रोज करनी चाहिए, मगर कार्तिक पूर्णिमा के तुलसी पूजन आवश्यक है।

पितरों के आशीर्वाद के लिए अपनाएं ये उपाय

दीए

कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे में इस दिन घर में दीए जरूर जलाने चाहिए। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार घर में 4 जगह तुलसी, जल, मुख्य द्वार और पूजा घर में दीपक जरूर जलाने चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से पितरों का आशीर्वाद मिलता है, साथ ही कुंडली के ग्रह नक्षत्र भी शुभ फल देते हैं।

इस उपाय से होगी धन की बरकत

कार्तिक पूर्णिमा के दिन अपने घर के धन रखने वाले जगहों की पूजा जरूर करनी चाहिए। आप जिन जगहों पर धन दौलत रखते हैं जैसे आलमारी या तिजोरी में एक लाल वस्त्र में कौड़ी, काली हल्दी, गोमती चक्र और एक सिक्का लपेटकर रख दें। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। यही नहीं बल्कि परिवार के सदस्यों के बीच भी प्रेमभाव बना रहता है।

इस उपाय को अपनाकर पाएं मां लक्ष्मी का आशीर्वाद

खीर

कार्तिक पूर्णिमा के दिन घर में खीर अवश्य बनाना चाहिए। खीर बनाकर महालक्ष्मी को पहले भोग लगाएं और उसके बाद 5 कुंवारी कन्याओं को भोजन कराएं। ध्यान रखें कि भोजन कराने के बाद कन्याओं को कुछ दक्षिणा जरूर दें और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लें। ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा बरसती है और घर परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहता है।

इन उपायों से पुण्य की होती है प्राप्ति

मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु

कार्तिक पूर्णिंमा के दिन सूर्योदय से पहले अपने घर के पास किसी नदी या तालाब में जाकर स्नान और दीपदान करें। तत्पश्चात, घर में भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी की पूजा करें। ध्यान रहे पूजा के दौरान गाय के घी का ही दीपक जलाएं। इसके बाद विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। इससे पवित्र कार्तिक मास का पुण्य भी प्राप्त होता है।

Related Articles

Back to top button