अजब ग़जब

मंडप पर पहुंचकर पुलिस ने बीच में रोक दी शादी, कहा- हम नहीं होने देंगे ये विवाह, जानें वजह

झारखंड पुलिस ने बहादुरी का काम करते हुए एक नाबालिग की जिंदगी को बर्बाद होने से बचा लिया। इस लड़की की जबरन शादी हो रही थी। जिसे पुलिस ने बीच में ही रोक दिया। खबर के अनुसार एक नाबालिग लड़की की जबरन शादी होने की खबर झारखंड पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने बिना कोई देरी किए इस लड़की को बचाया और उसकी शादी नहीं होने दी।

झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के दुंदुआ गांव में रविवार को 15 साल की नाबालिग की शादी कराई जा रही थी। शादी की रस्में लगभग पूरी भी हो चुकी थी। तभी अधिकारियों ने मंडप में पहुंच कर विवाह को रुकवा दिया और लड़की को बचा लिया।

पुलिस सूत्रों ने इस घटना के बारे में बताया कि 15 साल की नाबालिग लड़की की शादी उसके परिजन जबरन करवा रहे थे। पुलिस को इस विवाह की सूचना मिली और पुलिस ने फौरन चाइल्ड लाइन के पदाधिकारियों को इसके बारे में बता दिया। जिसके बाद चाइल्ड लाइन के पदाधिकारियों ने पुलिस के साथ मौके पर जाकर शादी को रोक दिया।

चाइल्ड लाइन के पदाधिकारियों द्वारा शादी रोकने पर लड़की के परिवार वालों ने विरोध किया और शादी करवाने की जिद पर भी आड़ रहे। हालांकि किसी तरह चाइल्ड लाइन के पदाधिकारी इस शादी को रुकवाने में कामयाब रहे। वहीं विवाह ना होने के कारण किशोरी के परिजनों ने अपनी बेटी को अपनाने से मना कर दिया और घर से बेटी को निकाल दिया। जिसके बाद चाइल्ड लाइन के पदाधिकारियों ने लड़की को चाइल्ड लाइन सेंटर भेज दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लड़की को पहले तो परिवार वालों ने बालिग बताया। लेकिन जब उसके कागजों की जांच हुई तो पता चला कि वो सिर्फ 15 वर्ष की है। जिसके कारण परिजनों को शादी रोकनी पड़ी। वहीं शादी ना होने से परिजन गुस्सा हो गए और उन्होंने लड़की को साथ रखने से मना कर दिया। इस समय लड़की चतरा चाइल्ड लाइन केन्द्र में है। जहां से उसे बाल कल्याण समिति को सौंपा जाएगा।

पुलिस ने लड़की से पूछताछ की तो लड़की ने बताया कि उसके परिवार वाले उसकी जबरन शादी करवा रहे थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और नाबालिग की जबरन शादी करवाने का केस भी दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि हमारे देश के कानून के अनुसार लड़कियों की शादी की आयु 18 साल व लड़कों की शादी की आयु 21 साल की है। हालांकि अब सरकार जल्द ही लड़की की शादी की आयु 21 साल करने वाली है।

Related Articles

Back to top button