बॉलीवुड

अपने बर्थडे पर फोन स्विच ऑफ कर लेते हैं धर्मेंद्र, इस दुख के कारण आज भी नहीं मनाते अपना जन्मदिन

धर्मेन्द्र (Dharmendra) बॉलीवुड में एक बड़ा नाम है। आज वे अपना 85वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 8 दिसंबर, 1935 को नसराली, लुधियाना (पंजाब) में हुआ था। बॉलीवुड में उनकी छवि हीमैन और माचो-मैन टाइप की है। हालांकि रियल लाइफ में वे बहुत ही इमोशनल इंसान हैं।

धर्मेंद्र को अपना जन्मदिन मनाना पसंद नहीं है। यहाँ तक कि बर्थडे वाले दिन वे अपना फोन भी बंद कर लेते हैं। अपना जन्मदिन सेलिब्रेट न करने की वजह उनके माता पिता हैं। एक बार इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि ‘जब मुझे जन्म देने वाली मेरी मां ही इस दुनिया में नहीं है तो मैं किस बात का जन्मदिन मनाऊं।’

अपने जन्मदिन पर धर्मेंद्र को मां की बहुत याद आती है। वे अपनी पिता के भी काफी करीब थे। उनके पास हमेशा पिता का दिया एक खत रहता है। वे इस खत को रोज सुबह माथे पर लगाकर चूमते हैं। उनका कहना है कि ‘मैं बहुत ही भावुक इंसान हूं। अपने माता पिता के बिना मैं जन्मदिन नहीं मना सकता हूं। मैं उनसे यही प्रार्थना करता हूं कि वे मुझे एक अच्छा इंसान बनने में मदद करें। मुझे इतनी शक्ति दें कि मैं बाकियों को खुश रख सकूं। मैं लोगों को स्माइल करते हुए देखना चाहता हूं।’

धर्मेंद्र को बॉलीवुड में 62 साल हो गए हैं। इन सालों में वे करीब 270 से अधिक फिल्मों में नजर आए। उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू 1958 में ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ फिल्म से किया था। उन्हें फिल्मों से बहुत लगाव है। यही वजह है कि 62 साल बाद आज भी जब वे कैमरे के सामने आते हैं तो बहुत उत्साहित रहते हैं।

धर्मेंद्र के पिता के टीचर थे। उनका सपना था कि बेटा बड़ा होकर एक्टर बने। धर्मेंद्र ने पिता का ये सपना पूरा भी किया। 85 साल की उम्र में भी वे बहुत फिट रहते हैं। उनकी इस फिटनेस का राज़ नियमित एक्सरसाइज, योगा और प्राणायाम है। इसके अलावा वे अपने खाने पीने का भी अच्छे से ध्यान रखते हैं।

धर्मेंद्र इन दिनों अपना अधिकतर समय मुंबई और फिल्म की भागदौड़ से दूर लोनावाला स्थित अपने फॉर्महाउस में ही बिताते हैं। यहाँ वे गार्डनिंग करते हैं और फल सब्जियों की खेती भी देखते हैं। फॉर्महाउस पर वे शुद्ध हवा में हेल्थी लाइफ जीते हैं। उनके खाने पीने की सब्जियां भी ऑर्गेनिक ढंग से इसी फॉर्महाउस पर उगाई जाती है।

धर्मेंद्र सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। वे यहाँ अपने फार्महाउस की तस्वीरें फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। उनके फार्महाउस के आसपास पहाड़ और झरने भी हैं। इसके अलावा उनके पास भैसें और गाय भी है। वे उन्हीं का दूध निकाल पीते हैं।

Related Articles

Back to top button