ससुराल में दुल्हन का भाई बनकर पहुंचा प्रेमी, रात में नई नवेली बहु संग पैसे लेकर हुआ फरार

उत्तर प्रदेश में एक नई नवेली दुल्हन को उसका प्रेमी उसके ससुराल से लेकर भाग गया। ससुराल वालों ने अपनी नई बहु के प्रेमी की अच्छे से सेवा की और उसे अपने घर में एक दिन के लिए रोक लिया। लेकिन रात में ही घर की बहु प्रेमी के साथ भाग गई। दरअसल बहु ने अपने ससुराल वालों से प्रेमी की पहचान भाई के रुप में कराई। जिसके बाद ससुराल वाले प्रेमी को बहु का भाई समझकर उसकी अच्छे से सेवा करने लगे। वहीं रात होते ही प्रेमी और बहु दोनों घर से फरार हो गए। जिनका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद में शादी के दूसरे दिन ही बहु अपने प्रेमी के साथ भाग गई। प्रेमी बहु का भाई बनकर उसके ससुराल पहुंचा था और तभी से प्रेमी और नई नवेली दुल्हन लापता है। ससुराल वालों को जब दुल्हन और उसका तथाकथित भाई घर में नहीं मिला, तो ससुराल वालों ने पूरे घर की तलाशी ली। लेकिन तलाशी के बाद भी ये दोनों घर में नहीं मिले। जिसके बाद लड़की का पति तुरंत थाने पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी।
पीड़ित पति ने थाने में केस दर्ज करवाते हुए कहा कि उसकी पत्नी घर से लापता है। घर में एक युवक आया था। जिसने खुद को मेरी पत्नी का भाई बताया था। लेकिन रात होते ही ये दोनों भाग गए। हालांकि शिकायत लिखवाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जिसके कारण पति बार-बार थाने पहुंचकर पत्नी को तलाशने की गुहार लगा रहा है।
पीड़ित युवक के अनुसार उसकी शादी 25 नवंबर को हुई थी। शादी के बाद युवक अपनी दुल्हन को विदा कराकर अपने घर लेकर आया था। जिसके बाद बची हुई रस्में की गई। वहीं 28 नवंबर को दुल्हन का प्रेमी उसका भाई बनकर ससुराल पहुंचा। रात में दुल्हन अपने प्रेमी सागर निवासी नगला तुरकिया के साथ भाग गई। ये दोनों अपने साथ नगदी और आभूषण लेकर भागे हैं। अगले दिन सुबह जब घर के सदस्य जागे तो घर में दुल्हन और उसका कथित भाई नहीं मिला। जिसके बाद सब परेशान हो गए। उन्होंने तुरंत दुल्हन के परिवार वालों को फोन किया। जिसके बाद दुल्हन के परिजन गांव पहुंचे और उन्होंने बताया कि उनकी ओर से दुल्हन के किसी भी भाई को नहीं भेजा गया था।
इसके बाद दुल्हन की मां और पीड़ित पति ने थाने में अलग-अलग तहरीर दी है। पीड़ित पति का आरोप है कि उसने घटना के दूसरे दिन ही थाना पुलिस को जानकारी दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मंगलवार को पीड़ित युवक अपने परिजन और दुल्हन की मां के साथ फिर से थाने पहुंचा और पुलिस से दुल्हन की तलाश करने को कहा। जिसके बाद पुलिस ने इन्हें आश्वस्त किया है कि वो जल्द ही दुल्हन का पता लगा लेंगे। आरोपी लड़के को पकड़कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।