समाचार

राजस्थान में शादी के अगले दिन दुल्हनें हो रही हैं अगवा, डरके मारे चोरी छिपे हो रही हैं शादियां

राजस्थान से इन दिनों शादी के मंडप से दुल्हनों को अगवा करने की कई सारी घटनाएं सामने आ रही हैं। जिसके कारण अब इस राज्य में लोग चोरी छिपे शादियां कर रहे हैं। ताकि बदमाशों को शादी के बारे में जानकारी न मिल सके और दुल्हन सुरक्षित रहे। हाल ही में सीकर के नीमकाथाना में दो बहनों को शादी के अगले दिन ही अगवा करने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि शादी के अगले दिन दोनों दुल्हनें अपने पति के साथ ससुराल जा रही थी। उसी दौरान इनपर हमला किया गया और दुल्हनों को अगवा करने की कोशिश की गई। लेकिन हमलावर कामयाब न हो सके।

इससे पहले भी ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। जहां पर शादी के बाद दुल्हन का अपहरण किया गया है। दौसा जिले के चांदसेन गांव में चंदा महावर का अपहरण कर लिया गया था। चंदा जब मेकअप के लिए भाभी के साथ ब्यूटी पार्लर जा रही थी। उसी दौरान रास्ते में गांव का ही लोकेश गुर्जर साथी के साथ बाइक पर आया। भाभी को धक्का देकर दुल्हन को बाइक पर लेकर फरार हो गया। ये घटना साल 2019 की है।

उदयपुर के हिरणमगरी थाना इलाके में तो शादी के एक दिन बाद ही दुल्हन को अगवा कर लिया गया था। अपहरण के बाद बदमाश दुल्हन को देहरादून ले गए थे। पुलिस में मदद मांगी गई, जिसके बाद दुल्हन को बचाया गया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सीकर के धोद इलाके के नागवा गांव में विदाई के बाद रास्ते में कार रोक कर दुल्हन का अपहरण किया गया। दो बहनों की एक साथ शादी हुई थी और ये दोनों शादी के बाद एक कार से ही ससुराल जा रही थी। ससुराल से चार किलोमीटर दूर रामबक्शपुरा स्टैंड के पास हमला कर एक दुल्हन का अपहरण कर लिया था। इसी तरह से बांसवाड़ा के सवनिया ग्राम पंचायत में पादरापाड़ा गांव में शादी से पहले ही दुल्हन का अपहरण किया गया। इन्हीं मामलों के कारण अब इस राज्य केे लोग चुपचाप शादी करने को मजबूर हैं। ताकि बदमाशों को शादी के बारे में पता ना चल सके।

Related Articles

Back to top button