समाचार

फोन पर पहले महिला से की दोस्ती, फिर काम देने के बहाने कोठी में बुलाकर भाइयों संग किया दुष्कर्म 

पंजाब में एक युवक ने पहले एक महिला से फोन पर दोस्ती की फिर उसे घर बुलाया, जहां पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने महिला को मॉल के पास फेंक दिया। खबर के अनुसार ब्यूटी पार्लर का काम करने वाली एक महिला की फोन के जरिए एक युवक से दोस्ती हुई। ये दोनों फोन पर खूब बात किया करते थे। वहीं एक दिन इस युवक ने महिला को शादी में मेहंदी लगाने का काम ऑफर किया। जिसे महिला ने स्वीकार कर लिया। आरोपी महिला को मेहंदी लगाने के लिए एक घर लेकर गए, जहां पर उसके साथ ये वारदात की गई।

पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला लुधियाना शहर में अपने घर पर ही ब्यूटी पार्लर का काम करती है। कुछ समय पहले उसकी दोस्ती एक युवक से हुई। आरोपी ने एक दिन महिला से कहा कि उसकी चचेरी बहन की शादी है। इसलिए वो आकर मेहंदी लगा दें। महिला मेहंदी लगाने को राजी हो गई। लेकिन काम देने की आड़ में उसके साथ रेप किया गया। रेप करने के बाद आरोपी लुधियाना के एक मॉल के पास पीड़िता को फेंक कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने अपने पति को फोन कर इस घटना की सूचना दी। पति मौके पर पहुंचा और पीड़िता को तुरंत सिविल अस्पताल ले गया। महिला ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

ये केस थाना दाखा पुलिस ने दर्ज किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांचवें आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार उक्त आरोपी कनाडा जाने के लिए आईलेट्स की तैयारी कर रहे थे। डीएसपी गुरबंस सिंह ने इस वारदात के बारे में बताया कि महिला की कुछ समय पहले उसके गांव मंडियानी निवासी जसकरण सिंह उर्फ मनी से फोन पर पहचान हुई। दोनों आपस में कई बार फोन पर बातचीत करते थे। शुक्रवार को आरोपी जसकरण सिंह उर्फ मनी ने पीड़िता को फोन कर कहा कि उसकी चचेरी बहन की शादी है। इसलिए वो मेहंदी लगाने के लिए आ जाए। उसे एमबीडी मॉल से ले जाने के लिए वो अपने चचेरे भाई को भेज रहा है। शाम लगभग 7.30 बजे पीड़िता का पति उसे एमबीडी मॉल के पास छोड़कर चले गया। एक आल्टो कार में आरोपी खुशप्रीत सिंह और तलजिंदर सिंह वहां पर आए। दोनों आरोपियों ने शादी में मेहंदी लगाने के लिए उसके पति को चार हजार रुपये एडवांस में दिए। इसके बाद आरोपी उसे गांव मंडियानी स्थित एक एनआरआई की कोठी पर ले आए।

वहां पहुंचकर पीड़िता को शक हुआ और उसने विरोध किया। इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती उठाकर अंदर ले गए। अंदर पहले से तीन आरोपी बैठे हुए थे। सभी ने पीड़िता से सामूहिक दुष्कर्म किया। रात लगभग डेढ़ बजे आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे ग्रैंड वॉक माल के पास फेंक कर फरार हो गए। पीड़िता ने किसी राहगीर के फोन से अपने पति को सूचना दी। रात लगभग 2.45 बजे पीड़िता को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डीएसपी दाखा गुरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मनी, वरिंदर विक्की, सुखविंदर सिंह व गांव भनोड़ के खुशप्रीत सिंह, तलजिंदर दीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी आपस में चचेरे भाई हैं। पुलिस ने आरोपी वरिंदर उर्फ विक्की, सुखविंदर सिंह, तलजिंदर दीप सिंह और खुशप्रीत सिंह को कार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी अच्छे किसान परिवार से नाता रखते हैं और ये लोग कनाडा जाने की तैयारी कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button