समाचार

मंडप पर हिना करती रही अपने दूल्हे का इंतजार, लेकिन न दूल्हा आया न ही बारात

हरियाणा में एक दुल्हन बारात आने का इंतजार करती रही। लेकिन उसके घर न दूल्हा आया और न ही कोई बाराती। दुल्हन के परिवार वालों का आरोप है कि मनचाहा दहेज नहीं मिलने के कारण उनकी बेटी की शादी नहीं हो पाई। लड़के वाले लंबे समय से बड़ी गाड़ी की मांग कर रहे थे। लेकिन उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वो दूल्हे को बड़ी गाड़ी दे सकें। खबर के अनुसार करनाल में सोमवार को एक युवती की शादी थी। शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थी और युवती सज-धजकर अपने दूल्हे का इंतजार कर रही थी। लेकिन समय बीतता गया और युवती के घर बारात नहीं आई।

वहीं अब दुल्हन के घर वालों का आरोप है कि दहेज के कारण ये सब हुआ है। उन्होंने दूल्हे को दहेज नहीं दिया। जिसके कारण वो बारात लेकर नहीं आया। आरोप है कि दूल्हे ने लड़की के परिवार वालों से दहेज में क्रेटा कार की डिमांड की थी। लड़की के परिवार वालों ने दूल्हे की इस मांग को मान भी लिया था और उसे कार देने का फैसला भी कर लिया। लेकिन फिर भी दूल्हा बारात लेकर नहीं आया।

हैरानी की बात ये है कि दूल्हे व उसके परिवार वालों ने बारात न लाने की जानकारी लड़की के परिवार वालों को नहीं दी। जिसके कारण लड़की के परिवार वाले दूल्हे का इंतजार करते रहे। वहीं बारात नहीं आने के चलते लड़की के परिवार वालों ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है।

पुलिस के अनुसार ये मामला करनाल के हनुमान नगर का है। यहां रहने वाली हिना नाम की लड़की का रिश्ता विकास नगर के युवक के साथ तय हुआ था। शादी की तारीख 20 दिसंबर तय हुई थी। लड़की वालों ने शादी की पूरी तैयारियां कर ली थी और घर को अच्छे से सजा लिया था। लेकिन बारात नहीं आई। जिसके बाद हिना के परिजन और रिश्तेदारों ने पुलिस में दूल्हे और उसके परिवार वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।

हिना के परिवार वालों के अनुसार लड़के वाले ऐन वक्त पर शादी से मुकर गए और दहेज की वजह से शादी करने को इंकार कर दिया। परिवार वालों का आरोप है कि दूल्हे वालों ने उनसे बड़ी गाड़ी की मांग की थी। लेकिन ये गाड़ी काफी महंगी थी। इसलिए उन्होंने दूल्हे को छोटी गाड़ी देने का फैसला किया। लेकिन दूल्हे व उसके परिवार वाले अपनी जिद पर अड़े रहे और लाख समझाने के बाद भी नहीं माने।

हालांकि लड़की वालों को लगा की शायद वो छोटी गाड़ी के चलते शादी के लिए मान जाएं। इसलिए लड़की वालों ने शादी की तैयारियां जारी रखीं और तय तारीख के दिन बारात का इंतजार करते रहे। हिना भी दुल्हन के जोड़े में सजकर अपने होने वाले पति का इंतजार करती रही। लेकिन समय गुजर गया और बारात नहीं आई। बारात नहीं आने के कारण हिना के परिवार वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करने का फैसला लिया। हिना के परिवार वालों के कहने पर पुलिस ने दूल्हे, उसके परिवार के लोगों पर दहेज मांगने का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

Related Articles

Back to top button