विशेष

सालों से पानी के लिए भटक रही थी बूढ़ी माँ, कलेक्टर साहब ने सुनी फरियाद, 1 घंटे में लगवाया नल

प्रकृति ने मानव को बहुत से उपहार दिए हैं उन्हीं उपहारों में से एक जल प्रकृति का अनमोल उपहार है। भले ही पृथ्वी पर एक बहुत बड़े हिस्से पर जल मौजूद है परंतु सच बात तो यह है कि पृथ्वी पर पीने योग्य जल बहुत ही कम है। वर्तमान समय में पानी की समस्या एक गंभीर बनी हुई है। कई कई स्थानों पर लोग पानी के अभाव का सामना कर रहे हैं। भले ही सरकार द्वारा लोगों के घर-घर तक पानी पहुंचाने के कई कदम उठाए जा रहे हैं परंतु अभी भी सभी लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। इसी बीच हम आपको एक ऐसे ताजा उदाहरण के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिसके बारे में जानकर आप भी तारीफ करेंगे।

दरअसल, एक 70 साल की बुजुर्ग महिला बीते कई सालों से पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही थी, जिसके बाद बुजुर्ग महिला अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर साहब के पास पहुंची लेकिन जब वहां से वापस आई तो इस बुजुर्ग महिला के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। आपको बता दें कि यह ताजा मामला ग्वालियर में देखने को मिला है। यहां पर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कई सालों की समस्या कलेक्टर साहब के आदेश के बाद एक ही घंटे में दूर हो गई। बुजुर्ग महिला लाजवंती अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के पास पहुंची थी और वहां से खुशी-खुशी वापस आई।

बूंद बूंद के लिए तरस रही थी बूढ़ी महिला

आपको बता दें कि 70 साल की बुजुर्ग महिला लाजवंती शहर के मामा बाजार के हैदरगंज में रहती है। यह बुजुर्ग महिला कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह की जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंची थी। जब कलेक्टर साहब सभी आवेदकों से मिलते हुए बुजुर्ग महिला लाजवंती के पास पहुंचे तो उस बुजुर्ग महिला ने कलेक्टर साहब को अपना सारा दुख बताया। लाजवंती ने कहा कि साहब पानी के लिए भटक-भटककर में बूढ़ी हो गई हूँ। कई सालों से दूसरों के घरों से ही पानी भरकर अपना जीवन व्यतीत कर रही हूं। आप मेरे घर पर एक नल कलेक्शन करवा दीजिए। बुजुर्ग महिला ने कलेक्टर साहब को बताया कि उसने कई अधिकारियों को अपनी परेशानी बताई और सभी से नल लगवाने की फरियाद की, परंतु समस्या का अभी भी समाधान नहीं हुआ।

कलेक्टर साहब के आदेश पर 1 घंटे के अंदर घर में लगे दो नल

कलेक्टर साहब ने बुजुर्ग महिला की सारी बात ध्यान पूर्वक सुनी और तुरंत एक्शन लिया। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने तुरंत नगर निगम के अधीक्षण मंत्री को कॉल किया और उन्होंने सवाल किया कि नया नल कनेक्शन के लिए कितने रुपए लगते हैं और कनेक्शन होने में कितना समय लग जाता है। जिस पर नगर निगम के अधीक्षण मंत्री ने कहा कि 1700 रुपए नए नल कनेक्शन पर शुल्क लगते हैं और 1 घंटे में नया नल कनेक्शन लग जाएगा। जिस पर कलेक्टर साहब ने तुरंत ही उस बुजुर्ग महिला के घर में नल कलेक्शन लगाने का आदेश दे दिया।

कलेक्टर साहब ने अपने एक कर्मचारी के साथ बुजुर्ग लाजवंती को घर भेजा और जब तक वह घर पहुंची तो वहां पर नल लगाने का कार्य शुरू हो चुका था। सिर्फ 1 घंटे बाद ही बुजुर्ग महिला लाजवंती के सालों की परेशानी दूर हो गई। लाजवंती के घर में दो नल कनेक्शन लग गए थे जिसमें से एक पुरानी लाइन से तो दूसरा अमृत परियोजना के तहत लगाया गया था। कलेक्टर साहब के द्वारा मिली इस सहायता के लिए बुजुर्ग महिला ने उनको दिल से धन्यवाद दिया और लाजवंती के चेहरे पर खुशी साफ-साफ झलक रही थी।

Related Articles

Back to top button