पहलवान बबीता फोगाट ने दिया बेटे को जन्म, सोशल मीडिया पर शेयर की पहली तस्वीर, आप भी देखें

देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय मेडल जीत चुकी बबीता फोगाट के घर में नन्हा मेहमान आया है। जी हां, महिला पहलवान बबीता फोगाट को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है। बबीता फोगाट ने अपने बेटे की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए एक प्यारा सा संदेश लिखा है। आपको बता दें कि द्वारका स्थित मणिपाल अस्पताल में इन्होंने अपने बेटे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं। बबीता फोगाट सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। इन्होंने अपने ट्विटर पर पति विवेक सुहाग और बच्चे के साथ एक तस्वीर साझा की है। इन्होंने तस्वीर शेयर कर अपने फैंस को यह खुशखबरी दी है कि उनके घर बेटे का जन्म हुआ है।
बबीता फोगाट ने तस्वीर शेयर कर बेटे के जन्म की दी जानकारी
“Meet our little SONshine.”?
“Believe in dreams; they do come true. Ours came dressed in blue!”?#mother #love #care pic.twitter.com/66CE8b43tx
— Babita Phogat (@BabitaPhogat) January 11, 2021
बबीता फोगाट ने अपने सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर करके यह संदेश लिखा है कि “हमारे बेटे से मिलिए। सपनों में विश्वास करिए। यह पूरे होते हैं। हमारे भी पूरे हुए हैं। नीले कपड़ों में देखिए।” इस तस्वीर में बबीता फोगाट के साथ उनका नवजात और पति विवेक सुहाग नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि बबीता के ससुराल गोपाल नगर में खुशी का माहौल बना हुआ है। बबीता के ससुर जय सिंह सुहाग ने यह बताया है कि रविवार की देर रात को बबीता को अस्पताल में भर्ती किया गया था। सोमवार की दोपहर में बच्चे का जन्म हुआ। बच्चे के जन्म के बाद बधाई देने वालों का तांता घर पर लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि मेरा पोता भी अपने माता-पिता की तरह देश का नाम रोशन करें, यही मेरी कामना है।
ऐसे हुई थी बबीता फोगाट और विवेक सुहाग की पहली मुलाकात
बबीता फोगाट और विवेक सुहाग की मुलाकात भी बड़ी दिलचस्प थी। आपको बता दें कि सोनीपत स्थित साईं सेंटर में कुश्ती खिलाड़ियों के लिए लगे एक राष्ट्रीय शिविर के दौरान वर्ष 2014 में बबीता और विवेक सुहाग की मुलाकात हुई थी। पहली ही मुलाकात में बबीता की सादगी को देखकर विवेक सुहाग बेहद प्रभावित हुए थे। इस मुलाकात के बाद इन दोनों में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया और आखिर में इन दोनों ने विवाह करने का निर्णय ले लिया था।
दिसंबर 2019 में हुई थी पहलवान बबीता फोगाट और पहलवान विवेक सुहाग की शादी
आपको बता दें कि 1 दिसंबर 2019 को पहलवान बबीता फोगाट की शादी पहलवान विवेक सुहाग के साथ हुई थी। बबीता के पति विवेक सुहाग भारत केसरी रह चुके हैं। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बलाली गांव की बबीता फोगाट रहने वाली हैं। बबीता फोगाट की शादी का आयोजन सादगी और फिजूलखर्ची को ध्यान में रखते हुए किया गया था, जिसका समर्थन बबीता फोगाट के पति विवेक सुहाग ने भी किया।
बबीता फोगाट की शादी में उनके निजी रिश्तेदार और परिवार समेत महज 21 बाराती आए थे और इस शादी की सबसे बड़ी खास बात यह है कि बिना किसी दहेज के यह विवाह संपन्न हुआ था। बबीता फोगाट ने शादी में 8 फेरे लिए थे।
बताते चलें कि महिला पहलवान बबीता फोगाट ने कॉमनवेल्थ गेम्स एशियन गेम्स सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। बबीता फोगाट के जीवन पर बॉलीवुड में “दंगल” फिल्म भी बन चुकी है जो कि सुपरहिट साबित रही है।