धार्मिक

21 फरवरी को गुप्त नवरात्रि का है समापन, महानवमी के ये उपाय समस्याएं करेंगे दूर, चमकेगा भाग्य

शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो चार नवरात्र के बारे में बताया गया है। दो नवरात्र बड़े स्तर पर मनाया जाता है परंतु दो नवरात्र गुप्त नवरात्रि होती है। जो साधु-संतों के लिए माना जाता है। आपको बता दें कि 12 फरवरी से इस बार गुप्त नवरात्रि की शुरुआत हुई थी और 21 फरवरी को गुप्त नवरात्रि का समापन है। गुप्त नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा की 10 महाविद्याओं की साधना की जाती है। ऐसा माना जाता है कि अगर गुप्त नवरात्रि में माता रानी की पूजा की जाए तो इससे जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।

गुप्त नवरात्र का त्यौहार उत्सव, साधना और व्रत के लिए होता है। गुप्त नवरात्रि का समय सिद्धियां प्राप्त करने का समय माना जाता है। ऐसा बताया जाता है कि अगर किसी व्यक्ति के जीवन में आर्थिक परेशानियां चल रही हैं या फिर वह अपने कर्ज से परेशान हो गया है। बार-बार मेहनत करने के बावजूद भी उसको उन्नति प्राप्त नहीं हो पा रही है तो ऐसी स्थिति में कुछ उपाय किए जाएं तो इन सभी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। इतना ही नहीं बल्कि व्यक्ति को अपनी किस्मत का भी साथ मिलेगा। गुप्त नवरात्रि में इन उपायों को करने से आपकी किस्मत चमक उठेगी। तो चलिए जानते हैं गुप्त नवरात्रि के इन उपायों के बारे में..

कर्ज से छुटकारा पाने के लिए करें ये उपाय

अक्सर देखा गया है कि इंसान किसी ना किसी वजह से पैसा उधार ले लेता है परंतु अपना कर्ज चुकाने में उसको बहुत सी परेशानियों से गुजरना पड़ता है। कई बार लाख कोशिश करने के बावजूद भी कर्ज चुकाने में सफल नहीं हो पाते हैं। अगर आपके साथ भी कुछ इस तरह की परेशानी चल रही है तो आप गुप्त नवरात्रि के आखिरी दिन यानी नवमी तिथि पर यह उपाय जरूर अपनाकर देखिए, निश्चित ही आपको अपने कर्जो से छुटकारा मिलेगा।

आप आम की समिधा से हवन अग्नि प्रज्वलित करके और उसमें गाय के शुद्ध घी में कमलगट्टे को डुबोकर दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हुए आहुति दीजिए। जब हवन पूरा हो जाए तब उसके पश्चात घर में नौ कन्याओं को बुलाएं और उनकी पूजा करके उनको मखाने की खीर बनाकर खिलाएं। इसके बाद सम्मान पूर्वक उनको विदा कीजिए परंतु आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि विदा करते समय आप दक्षिणा के रूप में उनको कुछ ना कुछ जरूर दीजिए और उनका आशीर्वाद लीजिये। इस उपाय को करने से मां दुर्गा की कृपा से जल्दी कर्ज से छुटकारा प्राप्त करने के मार्ग मिलेंगे।

नौकरी और व्यापार की बाधाएं दूर करने के लिए

अगर नौकरी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो रही है या फिर कारोबार में मेहनत करने के बावजूद भी तरक्की नहीं मिल पा रही है तो ऐसे में नवमी के दिन मां दुर्गा के समक्ष दुर्गा सप्तशती के 12वें अध्याय के 21 पाठ निष्ठा के साथ कीजिए। इसके पश्चात आपको कन्या पूजन करना होगा। कन्या पूजन में आप कन्याओं को भोजन कराएं। इस उपाय को करने से नौकरी की बाधाएं दूर होती हैं और कारोबार में भी तरक्की मिलती है।

धन प्राप्ति के लिए करें ये उपाय

अगर आप धन से जुड़ी हुई परेशानियों से गुजर रहे हैं तो ऐसी स्थिति में गुप्त नवरात्रि के आखिरी दिन यानी नवमी के दिन भोजपत्र पर केसर की स्याही से दुर्गा अष्टोत्तर शतनाम लिखिए। उसके पश्चात अष्टोत्तर शतनाम में लिखे मां के 108 नामों का उच्चारण करते हुए हवन में आहुति दीजिए। जब हवन पूरा हो जाए तब भोजपत्र को चांदी में जड़वाकर ताबीज बना लें और इसको अपने गले में धारण कर लीजिए। इसके अलावा आप इसको चांदी की डिब्बी में सुरक्षित करके धन रखने का स्थान पर भी रख सकते हैं। अगर आप इस उपाय को करेंगे तो आपके जीवन में कभी भी धन की कमी नहीं आएगी। ऐसी मान्यता है कि इसके प्रभाव से व्यक्ति को अपार धन की प्राप्ति होने की संभावना रहती है।

सर्वत्र उन्नति और मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए

अगर आप चाहते हैं कि आपको हर तरफ से उन्नति प्राप्त हो तो ऐसी स्थिति में नवमी तिथि के दिन शाम को गेहूं के आटे में काले तिल मिलाकर उसे गूँथ लीजिए। अब इस आटे के 11 दीपक बनाकर उसमें सरसों का तेल डालकर मां दुर्गा के किसी भी मंदिर में जाकर इसको जलाएं। इसके पश्चात मां दुर्गा के सामने वहीं पर बैठकर दुर्गा चालीसा का पाठ कीजिए। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से सर्वत्र उन्नति प्राप्त होती है। इतना ही नहीं बल्कि आपकी मनोकामनाएं भी पूरी होंगी।

Related Articles

Back to top button