बॉलीवुड

तलाकशुदा एक्ट्रेस को दिल दे बैठे थे आशुतोष राणा, ऐसे किया था I LOVE YOU बोलने पर मजबूर

बॉलीवुड एक्टर आशुतोष राणा (Ashutosh Rana) अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनका जन्म 10 नवंबर, 1967 को मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में हुआ था। आज वे अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो ‘स्वाभिमान’ (1995) से की थी। हालांकि उन्हें लोकप्रियता ‘दुश्मन’ (1998) फिल्म में गोकुल पंडित का किरदार निभाकर मिली। इसके बाद उनके सामने फिल्म ऑफर्स की लाइन लग गई और उन्होंने फिर कभी पीछे मुड़ के नहीं देखा।

निजी जीवन की बात करें तो आशुतोष राणा ने 2001 में अभिनेत्री रेणुका शहाणे (Renuka Shahane) से शादी रचाई थी। हालांकि ये शादी इतनी आसान भी नहीं थी। रेणुका एक तलाकशुदा महिला थी और दूसरी शादी के लिए रेडी भी नहीं थी। ऐसे में आशुतोष को उन्हें मनाने के लिए कई पापड़ बेलने पड़े थे। आशुतोष ने कपिल शर्मा के शो पर बताया था कि उन्होंने ठान लिया था कि वे रेणुका को आई लव यू कहने पर मजबूर कर देंगे।

आशुतोष और रेणुका पहली बार डायरेक्टर हंसल मेहता की एक फिल्म की शूटिंग में मिले थे। तब आशुतोष रेणुका के बारे में थोड़ा कुछ जानते थे लेकिन रेणुका उनके बारे में कुछ नहीं जानती थी। आशुतोष ने जब पहली बार रेणुका को देखा तो दिल दे बैठे। इसके बाद कुछ महीनों तक दोनों नहीं मिले लेकिन फिर बातचीत का सिलसिला आगे बड़ा।

डायरेक्टर रवि राय आशुतोष और रेणुका के साथ एक शो करना चाहते थे इस बहाने एक्टर ने रेणुका का पर्सनल नंबर मांग लिया था। तब दशहरा आने वाला था तो आशुतोष ने रेणुकों को दशहरे की शुभकामना दी थी। हालांकि रेणुका रात को 10 बजे के बाद किसी से फोन पर बात नहीं करती थी ऐसे में आशुतोष को अपना मैसेज उनकी आंसरिंग मशीन पर छोड़ना पड़ा। उन्होंने रेणुका को अपना नंबर नहीं दिया था वे चाहते थे कि एक्ट्रेस खुद उनका नंबर ढूंढकर लगाए।

कुछ समय बाद आशुतोष की बहन आई और कहा कि रेणुका ने आपको दशहरे की शुभकामना के लिए धन्यवाद बोला है। बस फिर क्या था दोनों की बातचीत शुरू हुई और आशुतोष ने अपना निजी नंबर भी दे दिया। बातचीत का यह सिलसिला तीन महीने तक चला। अब आशुतोष ठान चुके थे कि वे रेणुका को आई लव यू कहने पर मजबूर कर देंगे।

रेणुका एक बार गोवा में शूटिंग कर रही थी तब आशुतोष ने उन्हें कॉल कर कविता सुनाई। इस कविता में इकरार, इनकार, खामोशी, खालीपन और झुकी निगाहें… जैसे शब्द थे। यह सुन रेणुका इंप्रेस हुई और आशुतोष को आई लव यू बोल दिया। रेणुका के मुंह से यह तीन शब्द सुन आशुतोष खुशी से पागल हो गए। उन्होंने कहा कि हम मिलकर बात करते हैं।

रेणुका ने तो हां बोल दिया था लेकिन उनके घरवालों को मनाना अभी बचा था। दरअसल घर वालों को रेणुका की दूसरी शादी से कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन वे आशुतोष के मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव से होने और 12 लोगों का बड़ा परिवार होने की वजह से असमंजस में थे। हालांकि ढाई साल के रिलेशनशीप के बाद आखिर आशुतोष और रेणुका शादी के बंधन में बंध ही गए।

Related Articles

Back to top button