धार्मिक

महाशिवरात्रि पर भोले बाबा आपकी सभी मनोकामनाएं करेंगे पूरी, बस कर लें ये छोटे से उपाय

11 मार्च 2021 दिन गुरुवार को इस साल महाशिवरात्रि का पर्व पड़ रहा है। इस दिन देवों के देव महादेव की विशेष रूप से पूजा अर्चना की जाती है। हिंदू पंचांग के अनुसार देखा जाए तो हर साल फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जाता है। इस दिन शिव भक्तों के मन में एक अलग ही उमंग देखने को मिलती है। यह दिन शिव भक्तों के लिए बहुत ही खास होता है। पूरे वर्ष इसका शिव भक्त बेसब्री से इंतजार करते हैं।

पौराणिक ग्रंथों के अनुसार देखा जाए तो इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती जी का विवाह हुआ था। इसी वजह से महाशिवरात्रि के पर्व पर रात्रि जागरण करके चारों प्रहर पूजा आराधना करने का विधान है। ऐसा बताया जाता है कि मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए यह दिन बहुत ही शुभ होता है। भगवान शिव जी की कृपा पाने के लिए यह दिन बहुत महत्वपूर्ण माना गया है, जो व्यक्ति अपने सच्चे मन से पूजा आराधना करता है उसके ऊपर शिवजी की कृपा दृष्टि बनी रहती है।

शास्त्रों में भी इस बात का उल्लेख किया गया है कि महाशिवरात्रि के दिन अगर मनुष्य पूजा करता है तो उसकी सारी मनोकामनाएं पूरी हो सकती है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कुछ ऐसे साधारण उपाय बताने जा रहे हैं जिनको अगर आप महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर करते हैं तो इससे आपकी सारी अधूरी मनोकामनाएं पूरी होंगी। तो चलिए जानते हैं आखिर यह उपाय कौन से हैं।

महाशिवरात्रि पर अपनी मनोकामनाओं को पाने के लिए करें ये उपाय

1. शास्त्रों में इस बात का उल्लेख किया गया है कि महाशिवरात्रि के दिन गंगाजल और दूध से भगवान शिव जी का अभिषेक करना चाहिए। लोगों को महाशिवरात्रि की रात्रि में जागरण करके शिव पुराण का पाठ करना या सुनना चाहिए। शिव भजन से मनुष्य को लाभ प्राप्त होता है।

2. इस संसार में ऐसे बहुत से लोग हैं जिनका सपना होता है कि उनका खुद का वाहन हो परंतु लाख प्रयास करने के बावजूद भी इंसान अपना वाहन खरीद नहीं पाता है। अगर आपके साथ भी कुछ इस तरह की परिस्थितियां उत्पन्न हो रही हैं तो आप महाशिवरात्रि के दिन दही से भगवान शिव जी का अभिषेक कीजिए। इससे वाहन खरीदने के लिए किए जा रहे प्रयास सफल होंगे।

3. आजकल के समय में हर मनुष्य की सबसे बड़ी परेशानी पैसा है। ज्यादातर सभी लोग आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं। अगर आप भी आर्थिक समस्या का सामना कर रहे हैं और इसकी वजह से चिंतित रहते हैं तो ऐसी स्थिति में आप महाशिवरात्रि पर भगवान शिव जी की पूजा जरूर कीजिए। इस तरह के व्यक्तियों को शहद और घी से भगवान शिव जी का अभिषेक करना चाहिए और प्रसाद के रूप पर भगवान भोलेनाथ को गन्ना अर्पित कीजिए। इससे शीघ्र ही आर्थिक परेशानियों से छुटकारा मिलेगा।

4. महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जल में दुर्वा मिलाकर शिवजी को अर्पित कीजिए और जितना संभव हो सके महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें। इस उपाय को करने से स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां दूर होती हैं। अगर कोई व्यक्ति अक्सर बीमार रहता है तो इस उपाय को करने से सेहत में सुधार आएगा।

5. अगर किसी के विवाह में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही है तो ऐसी स्थिति में महाशिवरात्रि के पर्व पर मंत्र “ॐ पार्वतीपतये नमः” का जाप करें। इस उपाय को करने से भगवान शिव जी के साथ ही माता पार्वती जी का आशीर्वाद मिलेगा और विवाह संबंधित परेशानियां दूर होंगीं।

6. अगर किसी को संतान प्राप्ति की अभिलाषा है तो ऐसी स्थिति में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर दूध से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए और भगवान शिव-पार्वती के साथ भगवान गणेश और कार्तिक की पूजा करें। इससे संतान सुख के योग प्रबल बनते हैं।

Related Articles

Back to top button