स्वास्थ्य

धनिया का पानी पीने से कई बीमारियां रहेंगी कोसों दूर लेकिन फायदे के साथ नुकसान भी जान लीजिए

हमारे देश में धनिया का इस्तेमाल खूब किया जाता है। बहुत से लोग ऐसे हैं जो धनिया के पत्तों की चटनी बनाकर खाना पसंद करते हैं, वहीं ज्यादातर लोग सब्जी में ऊपर से धनिया डालकर उसका स्वाद बढ़ाते हैं। मसाले के रूप में भी धनिया का इस्तेमाल किया जाता है। हर भारतीय रसोई में किसी ना किसी रूप से धनिया का इस्तेमाल होता है। धनिया कई औषधीय गुणों से भरपूर है। धनिया के एक नहीं बल्कि कई स्वास्थ्य संबंधित फायदे हैं, जिसको जानने के बाद आप भी आश्चर्यचकित हो जाएंगे।

धनिया हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद माना गया है। अगर सुबह के समय खाली पेट धनिया का पानी पिया जाए तो इससे कई शारीरिक समस्याओं का समाधान हो सकता है। विशेष रूप से धनिया पेट संबंधित समस्याओं के लिए बहुत ही उत्तम माना गया है। अगर किसी व्यक्ति को कब्ज, गैस, अपच और आंतो से जुड़ी हुई समस्या है तो उसके लिए धनिया बहुत ही लाभकारी सिद्ध होगा।

धनिया में विटामिन सी के साथ-साथ मैग्निशियम, कैलशियम और पोटेशियम की मात्रा प्रचुर पाई जाती है, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद मानी गई है। धनिया का सेवन करने से पेशाब से जुड़ी हुई बीमारियों से छुटकारा मिलता है। इतना ही नहीं बल्कि धनिया के अनेकों फायदे हैं। अगर सुबह के समय खाली पेट धनिया का पानी पिया जाए तो इससे त्वचा, बालों से संबंधित समस्या दूर होती है। इतना ही नहीं इम्यून सिस्टम के लिए भी धनिया बहुत ही फायदेमंद माना गया है।

आज हम आपको इस लेख के माध्यम से घर के अंदर धनिया का पानी किस प्रकार से तैयार कर सकते हैं और इसके पीने के फायदे के साथ-साथ इसके नुकसान क्या-क्या हैं? इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

घर में धनिया पानी बनाने का तरीका

पहला तरीका- एक चम्मच साबुत धनिया लीजिए और गैस पर एक गिलास पानी में साबुत धनिया डालकर उबालें। जब आपको लगे कि धनिया के बीज अच्छी तरह से उबल चुके हैं तो आप गैस बंद कर दें और ठंडा होने के बाद इसका सेवन खाली पेट कीजिए।

दूसरा तरीका- रात के समय आप एक चम्मच धनिया का बीज आधा गिलास पानी में डालकर रात भर रख दीजिए। इसके बाद सुबह इस पानी को छानकर बीज अलग कर लें और इस पानी का सेवन सुबह खाली पेट कीजिए।

तीसरा तरीका- आप चाहे तो धनिया के पत्तों के रस का सेवन भी कर सकते हैं। इसके लिए आप धनिया के पत्ते लेकर उसको अच्छी तरह से साफ कर लें और रात भर पानी में भिगोकर रख दीजिए। उसके बाद सुबह के समय इसको थोड़ा उबा लें। जब यह उबल जाए तो इसको छान लीजिए और इसमें थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर, आप इसको चाय के रूप में सुबह खाली पेट सेवन करें।

धनिया का पानी पीने के फायदे

1- अगर आप सुबह के समय खाली पेट धनिया का पानी सेवन करते हैं तो इससे इम्यूनिटी बढ़ती है जो हमारे शरीर को कई बीमारियों से लड़ने की शक्ति प्रदान करती है। आपको बता दें कि धनिया में एंटीऑक्सीडेंट के गुण मौजूद होते हैं। जो शरीर की प्रतिरक्षा शक्ति को मजबूत बनाने में सहायता करते हैं।

2. अगर धनिया पानी का सेवन किया जाए तो इससे पाचन तंत्र मजबूत बनता है। धनिया पानी शरीर में मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करने में भी फायदेमंद माना गया है।

3. अगर शरीर का वजन कम करना है तो इसके लिए धनिया बहुत ही फायदेमंद साबित होता है। धनिया पानी का सेवन करने से मेटाबोलिज्म कंट्रोल रहता है, जो शरीर में मौजूद अतिरिक्त फैट कम करने में सहायता करता है।

4. अगर किसी के बाल कमजोर हैं तो ऐसी स्थिति में बालों को मजबूती देने के लिए धनिया पानी का सेवन करना बहुत ही फायदेमंद माना गया है। धनिया में विटामिन सी के गुण मौजूद होते हैं, जो बालों के लिए उपयोगी माने गए हैं।

5. अगर धनिया पानी का सेवन सुबह खाली पेट किया जाए तो इससे त्वचा साफ और चमकदार होती है। धनिया पानी का सेवन करने से त्वचा से संबंधित बीमारियों का खतरा कम होता है। इतना ही नहीं बल्कि चेहरे पर दाने आदि निकलने जैसी समस्याओं में धनिया का पानी बहुत ही उपयोगी माना गया है।

6. शरीर के अंदर मौजूद विषैले पदार्थों को बाहर निकालने के लिए धनिया बहुत ही उपयोगी माना गया है। अगर आप रोजाना खाली पेट धनिया पानी का सेवन करते हैं तो इससे शरीर डिटॉक्स होता है।

7. अगर किसी व्यक्ति को पेशाब में जलन की समस्या है तो ऐसी स्थिति में धनिया का पानी बहुत ही फायदेमंद माना गया है। अगर धनिया पानी का सेवन रोजाना नियमित रूप से किया जाए तो पेशाब संबंधित विकारों से छुटकारा मिलता है और जलन की समस्या भी दूर हो जाती है।

8. महिलाओं को पीरियड्स के दौरान कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में धनिया पानी का रोजाना सेवन किया जाए तो स्त्रियों को होने वाली पीरियड संबंधित समस्याओं से छुटकारा मिलता है।

जानिए धनिया का पानी पीने के नुकसान

अगर स्वस्थ व्यक्ति धनिया पानी का सेवन करता है तो उसको किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होगा परंतु कुछ विशेष बीमारी या समस्या में लोगों को धनिया का पानी सेवन करने से बचना होगा-

  • गर्भावस्था और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को धनिया का पानी पीने से बचना चाहिए या फिर आप बहुत कम मात्रा में इसका सेवन करें।
  • डायबिटीज के रोगियों को धनिया के पानी का सेवन करने से बचना चाहिए क्योंकि इससे ब्लड शुगर में कमी आती है जो मधुमेह के रोगियों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
  • एलर्जी या ब्लड प्रेशर की समस्या का सामना कर रहे लोग धनिया का पानी का सेवन करने से बचें।
  • अगर किसी भी प्रकार की सर्जरी हुई है तो ऐसी स्थिति में धनिया के पानी का सेवन ना करें अन्यथा यह हानिकारक साबित हो सकता है।
  • लीवर से संबंधित बीमारियों में धनिया के पानी का सेवन नहीं करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button