बॉलीवुड

रश्मि देसाई से लेकर दीपशिखा नागपाल तक, घरेलू हिंसा का शिकार हो चुकी हैं ये मशहूर अभिनेत्रियां

हमारा भारत देश पुरुष प्रधान देश है, जिसकी वजह से महिलाओं को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं पर बहुत सारे अत्याचार किए जाते हैं। लिंग भेदभाव, दहेज प्रथा, शारीरिक शोषण, छेड़छाड़ इन सभी समस्याओं का शिकार महिलाओं को होना पड़ रहा है। महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा के पीछे मुख्य वजह पुरुष प्रधान सोच होती है।

वैसे देखा जाए तो घरेलू हिंसा एक बहुत ही जघन्य अपराध है। हमारे देश के लिए घरेलू हिंसा एक मुद्दा बनता जा रहा है, जिससे हर दूसरी महिला पीड़ित है। आम महिलाएं ही नहीं बल्कि बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की ऐसी बहुत सी अभिनेत्रियां हैं जो घरेलू हिंसा का शिकार हो चुकी हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कुछ ऐसी मशहूर अभिनेत्रियों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिनको घरेलू हिंसा का शिकार होना पड़ा।

रश्मि देसाई

रश्मि देसाई को भला कौन नहीं जानता। यह भारतीय टेलीविजन की दुनिया की एक जानी-मानी अभिनेत्री हैं। आपको बता दें कि टेलीविजन में काम करने से पहले उन्होंने कुछ कम बजट की फिल्मों में भी काम किया है। वर्तमान समय में यह टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल हैं। यह बिग बॉस 13 की भी हिस्सा रह चुकी हैं। रश्मि देसाई अपने निजी जीवन को लेकर भी काफी चर्चा में रही है।

आपको बता दें कि अभिनेत्री रश्मि देसाई ने अपने “उतरन” को-स्टार नंदीश संधू से विवाह किया था। कुछ समय तक इनका वैवाहिक जीवन अच्छा चला परंतु कुछ सालों के बाद इन दोनों के बीच रिश्ते खराब होने लग गए थे। आखिर में साल 2016 में यह तलाक लेकर एक-दूसरे से अलग हो गए। एक इंटरव्यू के दौरान तलाक लेने के बाद रश्मि देसाई ने इस बात का खुलासा किया था कि उनकी शादी काफी एब्यूसिव थी। नंदीश उन पर शक किया करते थे और उन्हें काम करने से भी रोका करते थे।

वाहबिज दोराबजी

वाहबिज दोराबजी ने साल 2013 में विवियन डीसेना से विवाह किया था। इन दोनों की मुलाकात सीरियल “प्यार की एक कहानी” के दौरान हुई थी और यह दोनों विवाह के बंधन में बंध गए परंतु उनकी शादीशुदा जिंदगी ज्यादा समय तक नहीं चल पाई। साल 2016 में तलाक की मांग करने के एक साल बाद यह दोनों एक दूसरे से अलग हो गए थे। आपको बता दें कि अभिनेत्री वाहबिज दोराबजी ने अपने पति, अभिनेता विवियन डीसेना के खिलाफ घरेलू हिंसा करने की शिकायत भी दर्ज करवाई थी।

दलजीत कौर

दलजीत कौर ने अपने पति शालीन भनोट के खिलाफ प्रताड़ित करने और मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया था। उन्होंने अपनी शिकायत में यह लिखवाया था कि शादी के 6 साल बाद उनके पति दहेज की मांग करने लगे थे। फिलहाल दलजीत अपने पति से अलग हो चुकी हैं और यह अपने बेटे जॉर्डन के साथ अकेले जीवन व्यतीत कर रही हैं।

मंदाना करीमी

अभिनेत्री मंदाना करीमी ने अपने बॉयफ्रेंड गौरव गुप्ता से साल 2017 में शादी की थी परंतु शादी के कुछ महीनों पश्चात ही उन्होंने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवाया था। मंदाना करीमी ने अपने पति पर आरोप लगाया था कि वह काम करने और दोस्तों से मिलने से रोकते थे। इतना ही नहीं बल्कि कई बार उन्हें घर से भी निकाल दिया गया था।

रति अग्निहोत्री

इस लिस्ट में बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेत्री रति अग्निहोत्री का नाम भी शामिल है। आपको बता दें कि साल 2015 में रति अग्निहोत्री ने अपने पति अनिल विरवानी पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस स्टेशन में केस दर्ज करवाते हुए रति अग्निहोत्री ने पुलिस को शिकायत में यह लिखवाया था कि 7 मार्च को हुई लड़ाई के बाद उनके पति ने उन्हें बुरी तरह पीटा था। उन्होंने शिकायत में यह लिखवाया था कि उनके पति मानसिक रूप से टॉर्चर करते हैं। बाद में उन्होंने तलाक ले लिया और अपने पति से अलग हो गईं।

दीपशिखा नागपाल

टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल की पहली शादी जीत उपेंद्र से हुई थी। जब इनकी पहली शादी टूटी तो उसके बाद उन्होंने मॉडल केशव अरोड़ा से दूसरा विवाह किया परंतु इनकी यह भी शादी लंबे समय तक नहीं चल पाई। दीपशिखा नागपाल ने अपने पति केशव अरोड़ा पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। आखिर में उन्होंने अपने पति से तलाक ले लिया।

Related Articles

Back to top button