लक्ष्मी पूजा के दौरान इन 6 चीजों का लगाएं भोग, घर में आएगी सुख-समृद्धि, गरीबी रहेगी कोसों दूर
धर्म शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित है। उसी प्रकार शुक्रवार का दिन धन की देवी मानी जाने वाली मां लक्ष्मी जी को समर्पित है। इस दिन भक्त माता लक्ष्मी जी को प्रसन्न करने के लिए इनकी पूजा अर्चना करते हैं। शास्त्रों में इस बात का उल्लेख किया गया है कि शुक्रवार की सुबह और शाम के समय माता लक्ष्मी जी की पूजा अवश्य करनी चाहिए। मान्यता अनुसार अगर शुक्रवार के दिन विधिवत रूप से निष्ठा पूर्वक पूजा की जाए तो माता लक्ष्मी जी प्रसन्न होती हैं और भक्तों के जीवन में कभी भी धन से जुड़ी हुई परेशानियां उत्पन्न नहीं होती हैं।
माता लक्ष्मी जी की कृपा दृष्टि अगर किसी व्यक्ति पर हो तो उस व्यक्ति को अपने जीवन में लगातार कामयाबी मिलती है। घर में सुख -समृद्धि और वैभव बना रहता है। इन्हीं सभी चीजों की प्राप्ति के लिए सभी लोग माता लक्ष्मी जी को प्रसन्न करने की कोशिश करते हैं और तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कुछ ऐसी चीजों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं, जिनको अगर आप माता लक्ष्मी जी की पूजा के दौरान भोग के रूप में अर्पित करते हैं तो आपको लक्ष्मी जी की कृपा प्राप्त होगी।
मां लक्ष्मी जी को यह 6 प्रसाद करें अर्पित
नारियल
धार्मिक शास्त्र में नारियल को बहुत ही शुभ माना जाता है। अगर किसी भी प्रकार की पूजा या शुभ कार्य किया जाता है तो उसमें नारियल का प्रयोग जरूर होता है। आपको बता दें कि नारियल को “श्रीफल” भी कहा जाता है। श्री का अर्थ लक्ष्मी होता है। नारियल धन की देवी माता लक्ष्मी जी को अत्यधिक पसंद है। अगर आप इनकी पूजा के दौरान कच्चा नारियल, पानी से भरा हुआ साबुत नारियल या फिर नारियल के लड्डू का भोग लगाते हैं तो इससे यह प्रसन्न होती हैं और इनकी कृपा से आपके जीवन की कई परेशानियां दूर हो जायेंगीं।
सिंघाड़ा
सिंघाड़ा एक फल होता है जो सर्दियों के मौसम में मिलता है। सिंघाड़ा को बहुत शुद्ध माना गया है। सिंघाड़ा पानी में उगता है और इसकी ऊपरी सतह बहुत ही सख्त होती है। सिंघाड़ा पानी में उगने की वजह से कोई भी जीव-जंतु इसको जूठा नहीं कर पाता है। अगर आप माता लक्ष्मी जी की पूजा के दौरान सिंघाड़ा अर्पित करते हैं तो इससे माता लक्ष्मी जी की कृपा मिलती है। सिंघाड़ा मां लक्ष्मी जी को सबसे प्रिय होता है।
पान
धन की देवी माता लक्ष्मी जी को पान प्रिय है। अगर आप मां लक्ष्मी जी की पूजा के पश्चात पान का भोग लगाते हैं तो इसे माता लक्ष्मी जी आपसे प्रसन्न होंगी और आपके घर में कभी भी धन की कमी नहीं होगी।
मखाना
माता लक्ष्मी जी को मखाना बहुत प्रिय है। जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं माता लक्ष्मी जी कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं। लक्ष्मी जी को कमलगट्टा से निकलने वाला फल यानी मखाना अत्यधिक पसंद है। कमलगट्टा की ऊपरी सतह बहुत कठोर होती है। यह बहुत ही शुद्ध और पवित्र माना जाता है। अगर आप माता लक्ष्मी जी की पूजा के दौरान मखाना अर्पित करते हैं तो इससे मां लक्ष्मी जी प्रसन्न होंगीं और आपके घर में सुख-समृद्धि का आगमन होगा।
खीर
माता लक्ष्मी जी की पूजा के दौरान आप खीर अर्पित जरूर करें। आप खीर में थोड़ा सा केसर भी डाल सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि माता लक्ष्मी जी को खीर भोग के रूप में लगाया जाए तो इससे देवी अत्यधिक और शीघ्र प्रसन्न हो जाती हैं। खीर का भोग लगाने के पश्चात आप इस प्रसाद को परिवार के सभी सदस्यों में बांटे।
बताशे
बताशे का संबंध चंद्रमा से माना गया है और चंद्रमा को देवी लक्ष्मी जी का भाई माना जाता है। अगर आप माता लक्ष्मी जी की पूजा के दौरान बताशे अर्पित करते हैं तो इससे माता लक्ष्मी जी प्रसन्न होंगीं।